सारी फिल्में मुझसे ही बनवाओगे, दूसरा फिल्ममेकर नहीं है? : विवेक अग्निहोत्री

इस वक्त देश में मणिपुर वाली घटना की सबसे ज्यादा चर्चा है। एक ट्विटर यूजर ने डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री से कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो मणिपुर वाली घटना पर एक फिल्म बना कर दिखाएं। विवेक ने इसका जवाब भी दिया है। विवेक ने कहा कि सारी फिल्में क्या वहीं बना लेंगे। क्या कोई दूसरा फिल्ममेकर नहीं है कि जो इस घटना पर फिल्म बना सके।
जाहिर है कि विवेक अग्निहोत्री अब कश्मीर फाइल्स अनरिपोर्टेड नाम से वेब सीरीज बना रहे हैं। सीरीज का ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है।
विवेक अग्निहोत्री ने हाल ही में एक ट्वीट कर लिखा- भारत की न्यायपालिका कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार पर अंधी और मूक बनी रही। कश्मीरी हिंदुओं के संवैधानिक रूप से प्राप्त जीने के अधिकार को बचाए रखने में भी नाकाम रही।
विवेक के इसी ट्वीट पर एक यूजर ने रिप्लाई करते हुए लिखा- अपना समय बर्बाद मत करिए, अगर आपके अंदर हिम्मत है तो जाकर ‘मणिपुर फाइल्स’ बनाइए।
विवेक ने ट्वीट के जवाब में लिखा- मुझमें विश्वास दिखाने के लिए आपका बहुत शुक्रिया। पर सारी फिल्में मुझसे ही बनवाओगे क्या यार, तुम्हारी ‘TEAM INDIA’ में कोई ऐसा फिल्म मेकर नहीं है क्या जो इस पर फिल्म बना सके?
विवेक यहां विपक्षी पार्टियों पर तंज कस रहे हैं। विपक्षी पार्टियों ने हाल में एक नया गठबंधन बनाया है, जिसे उन्होंने I.N.D.I.A ( Indian National Developmental Inclusive Alliance) नाम दिया है।
मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने वाली घटना पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वयं संज्ञान लिया है। कोर्ट ने कहा कि अगर सरकार इस मामले में कार्रवाई नहीं कर पाती है, तो स्वयं सुप्रीम कोर्ट मामले में हस्तक्षेप करेगा।

विवेक का कश्मीरी हिंदुओं के लिए किया गया ट्वीट सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से जोड़ कर देखा जा रहा है। जाहिर है कि 1990 में जब कश्मीरी हिंदुओं को वहां से भगाया गया तो उनका साथ या उनके पक्ष में खड़ा होने वाला कोई नहीं था।
यहां तक कि सरकार ने भी उन लोगों के लिए कोई खास कदम नहीं उठाया। वहां से पलायन किए हुए लोगों के अंदर आज भी इसका दर्द है। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, 1990 में 219 कश्मीरी पंडित हमले में मारे गए थे, इसके बाद पंडितों का पलायन शुरू हुआ। एक अनुमान के मुताबिक 1 लाख 20 हजार कश्मीरी पंडितों को कश्मीर छोड़ना पड़ा था।
मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच झड़प के एक दिन बाद 4 मई को कांगपोकपी जिले के बी फीनोम गांव के पास हमला हुआ था। इस दौरान भीड़ ने तीन कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया।

इस दौरान एक महिला के साथ दिनदहाड़े बलात्कार किया गया। महिलाओं को निर्वस्त्र परेड कराने का एक वीडियो भी बनाया गया। 19 जुलाई, 2023 को ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
यह फोटो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने के वीडियो से ही ली गई है। हमने महिलाओं वाले हिस्से को नहीं लगाया है। यह हुजूम आरोपियों का है, जो उन महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करते हुए चल रहे थे।
इस वीडियो में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर ले जाते हुए दिखाया गया है। कई लोगों को उनके साथ-साथ चलते देखा जा सकता है, जबकि अन्य पुरुष परेशान दिख रही महिलाओं को खेतों में खींच रहे हैं।