फ्रांस में क्यों मिल रही आर्मी चीफ बाजवा को गालियां, पढ़िए खबर

8 महीने पहले तक पाकिस्तान के सबसे ताकतवर शख्स रहे पूर्व आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा को फ्रांस में गालियां सुनने को मिलीं। बाजवा यहां पत्नी आयशा अमजद के साथ छुट्टियां मनाने के लिए पहुंचे हैं।

पेरिस में बाजवा एक जगह पत्नी के साथ बैठे थे। यहां एक अफगान नागरिक आता है। वो बाजवा को खुलेआम गालियां देता है। इन्हें लिखा या सुनाया नहीं जा सकता। बाजवा उसे पुलिस बुलाने की धमकी देते हैं। इस पर वो कहता है- बुलाओ पुलिस।

यह अफगान नागरिक बाजवा से कहता है कि तुमने तालिबान के साथ मिलकर हमारा मुल्क तबाह कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है

नवंबर 2022 तक जनरल बाजवा आर्मी चीफ थे। ये वही दौर था जब अफगानिस्तान से NATO फौज की वापसी हुई और तालिबान ने सत्ता पर कब्जा कर लिया। अमेरिका ने खुलेआम पाकिस्तान पर धोखा देने के आरोप लगाए।
जनरल बाजवा और तब के ISI चीफ लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद की जोड़ी ने ही इमरान खान को पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनवाने में अहम रोल निभाया था। बहरहाल, जनरल बाजवा रिटायर होने के बाद से पाकिस्तान के बजाय यूरोप में ज्यादा नजर आ रहे हैं।
बाजवा पत्नी आयशा के साथ पेरिस के एक बाजार में घूम रहे थे। कुछ देर के लिए एक जगह पर बैठे। इसी वक्त एक अफगान नागरिक वहां पहुंचा। वीडियो में उसका चेहरा नजर नहीं आता। सिर्फ आवाज सुनाई देती है।
वो पहले बाजवा को गालियां देता है। इस पर बाजवा कहते हैं- यहां से चले जाओ, नहीं तो मैं पुलिस बुला लूंगा। वो कहता है- बुलाओ पुलिस, जल्दी बुलाओ। बाजवा और आयशा फिर मोबाइल देखने लगते हैं। 2 मिनट 17 सेकेंड के इस वीडियो में साफ सुनाई और दिखाई पड़ता है कि अफगान शख्स बाजवा को क्या कह रहा है। वो ज्यादातर बातें पश्तो (अफगानिस्तान के बड़े हिस्से में बोली जाने वाली लोकल लैंग्वेज) में कहता है।
ये शख्स बाजवा पर तालिबान की मदद करने, जिहाद को बढ़ावा देने और ह्लयूमन राइट्स वॉयलेशन के आरोप लगाता है। कुछ देर में बाजवा उठकर चल देते हैं। ये शख्स पीछे चलता है और फिर उन्हें गालियां देता है।
अक्टूबर 2018 में बाजवा के बेटे की शादी हुई थी। तब बहू मनहूर साबिर के पास पर्सनल एसेट्स नहीं थे। 1 हफ्ते बाद ही नवंबर में उनकी घोषित संपत्ति 120 करोड़ रुपए हो गई

जनरल बाजवा 2016 में 3 साल के लिए आर्मी चीफ बने। 2019 में जब उनका टेन्योर पूरा हो गया तो इमरान ने उन्हें 3 साल का एक्सटेंशन दिया। हैरानी की बात ये रही कि इसके लिए संविधान में संशोधन करना पड़ा।
बहरहाल, बाजवा और इमरान के रिश्ते 2022 की शुरुआत में तल्खी में बदल गए। इसकी वजह यह थी कि इमरान अपने चहेते ISI चीफ फैज हमीद को आर्मी चीफ बनवाना चाहते थे। ये आर्मी रूल के हिसाब से मुमकिन नहीं था। बाजवा ने फैज को ISI चीफ के ओहदे से हटाया और उन्हें कोर कमांडर पेशावर बना दिया। लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अहमद अंजुम नए ISI चीफ बने।
इस दौरान इमरान की सरकार भी गिर गई। जनरल बाजवा रिटायर हुए तो जनरल आसिम मुनीर ने फौज की कमान संभाली। अब खुफिया एजेंसी और फौज दोनों इमरान के सख्त खिलाफ हैं। खान अब बाजवा को धोखेबाज और गद्दार बता रहे हैं।
इमरान ने पिछले दिनों अल जजीरा टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था- बाजवा को एक्सटेंशन देना मेरी सबसे बड़ी भूल थी। वो गद्दार और धोखेबाज निकला। वैसे भी पाकिस्तान में दिखावे की डेमोक्रेसी है। यहां 70 साल से किसी न किसी तौर पर फौज की ही हुकूमत रही है।
पाकिस्तान में कई दूसरे जनरलों की तरह बाजवा के दोनों बेटे भी अमेरिका में सेटल हैं। दोनों के पास दोहरी नागरिकता है।
पिछले साल पाकिस्तान मीडिया की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बाजवा का परिवार 6 साल में अरबपति हो गया था। नवंबर 2022 में बाजवा के रिटायरमेंट से पत्रकार अहमद नूरानी ने ‘फैक्ट फोकस’ के लिए लिखी अपनी रिपोर्ट में यह बात कही थी।
नूरानी के मुताबिक 6 साल में बाजवा के रिश्तेदारों और करीबियों ने कराची, लाहौर समेत पाकिस्तान के बड़े शहरों में फॉर्म हाउस बनाए, इंटरनेशनल बिजनेस और कॉमर्शियल प्लाजा शुरू किए। दूसरे देशों में प्रॉपर्टी भी खरीदी। इसकी कीमत 12.7 अरब डॉलर से ज्यादा है। ये सारी डील बाजवा की पत्नी आयशा अमजद, बहू महनूर साबिर और परिवार के कुछ करीबी लोगों के नाम पर हुई हैं।
आयशा अमजद के नाम पर 2016 में आठ नई प्रॉपर्टी खरीदी गई। इन्हें 17 अप्रैल 2018 को फाइनेंशियल स्टेटमेंट में दर्ज करवाया गया। उस वक्त भी बाजवा आर्मी चीफ थे। 2015 में आयशा के नाम पर एक भी प्रॉपर्टी नहीं थी। 2016 में तमाम प्रॉपर्टी को मिलाकर उनकी इनकम जीरो से 2.2 अरब रुपए हो गई।
इसी तरह बाजवा की बहू महनूर साबिर के नाम पर भी कई प्रॉपर्टीज खरीदी गईं। 2018 में शादी के एक हफ्ते के अंदर ही महनूर की इनकम जीरो से करीब एक अरब हो गई।
टैक्स रिटर्न और फाइनेंशियल स्टेटमेंट का हवाला देते हुए नूरानी ने रिपोर्ट में कहा- 2013 से 2017 तक आर्मी चीफ रहते हुए बाजवा की इनकम स्टेटमेंट्स में 3 बार बदलाव हुए।