भारत और न्यूज़ीलैंड को सीरीज़ का तीसरा और निर्णायक वनडे मैच इंदौर में खेलना है. वनडे सीरीज़ 1-1 की बराबरी पर है. इसलिए इंदौर का मैच टीम इंडिया के लिए करो या मरो का मुक़ाबला बन गया है. भारत के सबसे स्वच्छ शहर का तमगा हासिल करने के बावजूद इंदौर पिछले दिनों प्रदूषित पानी की वजहों से सुर्ख़ियों में रहा है. टीम इंडिया और BCCI इंदौर में मैच से पहले भी फूंक-फूंक कर काम कर रही है और सख़्ती से एहतियात बरत रही है.
टीम इंडिया इंदौर के पांच सितारा होटल में रुकी है. लेकिन होटल सूत्रों से जानकारी मिली है शुभमन गिल करीब तीन लाख रुपए की एक विशेष वॉटर प्यूरीफिकेशन मशीन लेकर इंदौर आए हैं जो आरओ और बोतलबंद पानी को भी दोबारा पूरी तरह शुद्ध करने में सक्षम है. शुभमन गिल ने इस मशीन को अपने कमरे में ही रखवाया है.
तीन लाख रुपए की है मशीन
हालांकि टीम के मीडिया मैनेजर ने इसपर कोई भी जानकारी देने से इंकार किया है, ये भी नहीं बताया कि गिल ने यह कदम इंदौर में हाल ही में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को देखते हुए एहतियात के तौर पर उठाया है या इसके पीछे कोई और वजह है.
