यूपी से कम आबादी के बावजूद आंध्र को क्यों चाहिए तीन राजधानियां : राम माधव

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने मंगलवार को आश्चर्य जताते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश को तीन राजधानियों की जरूरत क्यों है जबकि उससे चार गुना से ज्यादा आबादी वाले उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में सिर्फ एक राजधानी है।विजयवाड़ा में भाजपा के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि तीन राजधानियों को तीन गुना भ्रष्टाचार का जरिया नहीं बनना चाहिए। उन्होंने आंध्र प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं से भ्रष्टाचार के खिलाफ और अमरावती के उन किसानों के हितों की रक्षा के लिए लड़ने का आह्वान किया जिन्होंने राजधानी के विकास के लिए अपनी जमीनें दी हैं।

राम माधव ने कहा कि राजधानियों के मसले पर केंद्र की भूमिका सीमित है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि इस पर सवाल नहीं उठाए जाने चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2024 में राज्य की सत्ता हासिल करने के लिए काम करने का आह्वान करते हुए कहा, ‘मोदी के कंधे पर बंदूक रखकर लड़ाई में जाने की कोशिश मत कीजिए। अगर आप ऐसा करेंगे तो एक प्रतिशत (2019 के चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत) में ही रह जाएंगे।’

उन्होंने कहा कि मोदी अगले 10-15 साल तक प्रधानमंत्री रहेंगे। हम उनके सुशासन और जन उन्मुखी कार्यक्रमों से फायदा उठाएंगे, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। लक्ष्य एक शक्तिशाली ताकत के रूप में उभरने का है। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य सोमू वीरराजू ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाली।