दुनिया की ऑलटाइम पॉपुलर मानी गई व्हिटनी ह्यूस्टन कौन थी, ओसामा बिन लादेन भी व्हिटनी का दीवाना था

अमेरिकन सिंगर व्हिटनी ह्यूस्टन दुनिया की ऑलटाइम पॉपुलर मानी गई हैं। व्हिटनी अश्वेत थीं, लेकिन आवाज में जादू था। दुनिया इनके गानों की दीवानी थी। इनके 20 करोड़ रिकॉर्ड्स बिके। 8 ग्रेमी, 2 एमी अवॉर्ड्स भी इन्होंने जीते। इनके नाम गिनीज बुक में 28 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स भी दर्ज हैं।

इन सबसे अलग दिलचस्प बात ये है कि दुनिया का सबसे खूंखार आतंकवादी ओसामा बिन लादेन भी व्हिटनी का दीवाना था। वो व्हिटनी के पति की हत्या कर उनसे शादी करने को भी तैयार था।

व्हिटनी की जिंदगी में अच्छा-बुरा सब-कुछ था। दौलत, शोहरत, ड्रग्स, रंगभेद की पीड़ा, लेस्बियन रिश्ता, पति और बेटी, माता-पिता से अलगाव, डिप्रेशन, करियर में गिरावट और फिर 48 साल की उम्र में रहस्यमयी तरीके से मौत
व्हिटनी हस्टन का जन्म 9 अगस्त 1963 को नेवार्क, न्यूजर्सी में हुआ था। उनकी मां एमिली ह्यूस्टन ग्रैमी विजेता सिंगर थीं, जिन्हें सिस्सी नाम से भी जान जाता था। वहीं उनके पिता जॉन रसेल एक्स आर्मी सर्विसमैन थे। मॉडलिंग और टीवी कॉमर्शियल ऐड करने के बाद मां से विरासत में मिले सिंगिंग टैलेंट की बदौलत 21 साल की व्हिटनी बेहतरीन गाने देते हुए दुनियाभर में मशहूर हो गईं। इनका पहला हिट गाना होल्ड मी था। 21 साल की उम्र में ही व्हिटनी इंटरनेशनल स्टार और करोड़पति बन गई थीं।व्हिटनी ह्यूस्टन के फैन में दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी ओसामा बिन लादेन का नाम भी शामिल था। ओसामा व्हिटनी का इतना दीवाना था कि इन्हें अपनी पत्नी बनाना चाहता था और अपना खार्तूम (सूडान) स्थित मैन्शन भी व्हिटनी के नाम करना चाहता था।
ओसामा के लिए व्हिटनी दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला थीं। ये बात ओसामा की सेक्स स्लेव रहीं सूडानियन अमेरिकन नॉवलिस्ट कोला बूफ ने अपनी ऑटोबायोग्राफी ए डायरी ऑफ ए लॉस्ट गर्ल में लिखी थी। 1996 में कोला बूफ 6 महीने तक मोरक्को में ओसामा की सेक्स स्लेव रही थीं। उन्हें बंदी बनाकर रखा गया था। उन्होंने बुक में बताया है कि ओसामा अक्सर व्हिटनी के बारे में बात किया करता था और उसकी स्माइल पर फिदा था।
कोला बूफ सूडान की राइटर थीं, जिन्हें 1996 में ओसामा बिन लादेन ने 6 महीने तक बंदी बनाकर रखा था और उनका रेप भी किया था। (बाएं तरफ- कोला बूफ, दाएं- ऑटोबायोग्राफी जिसमें उन्होंने व्हिटनी का जिक्र किया था)
कोला बूफ सूडान की राइटर थीं, जिन्हें 1996 में ओसामा बिन लादेन ने 6 महीने तक बंदी बनाकर रखा था और उनका रेप भी किया था। (बाएं तरफ- कोला बूफ, दाएं- ऑटोबायोग्राफी जिसमें उन्होंने व्हिटनी का जिक्र किया था)
कोला बूफ के अनुसार एक बार ओसामा ने एक व्यक्ति से संपर्क कर सिर्फ इसीलिए करोड़ों रुपए खर्च कर दिए, क्योंकि वो शख्स उनकी व्हिटनी से मुलाकात करवाने को तैयार था। हालांकि ऐसा हो नहीं सका। ओसामा मानता था कि व्हिटनी दिल से एक मुस्लिम हैं, जो अमेरिकन कल्चर के बहकावे में आकर क्रिश्चियन बनकर रहती हैं।
व्हिटनी ह्यूस्टन ने 1993 में सिंगर बॉबी ब्राउन से शादी की थी। ऐसे में ओसामा बॉबी ब्राउन से नफरत करता था। वो अक्सर बॉबी का कत्ल करने की साजिश रचा करता था। कई बार तो ओसामा, कोला बूफ से व्हिटनी की तरह हेयरस्टाइल रखने को भी कहता था।
व्हिटनी ह्यूस्टन द्वारा गाए गए सभी गाने हिट रहे। 1988 में साउथ अफ्रीका के प्रेसिडेंट नेल्सन मंडेला के 70वें बर्थडे पर 2 लाख लोग पहुंचे थे, जहां उन्होंने गाना गाया था। ये उस समय देश का सबसे बड़ा कार्यक्रम घोषित किया गया था।
रंगभेद के कारण अमेरिका में जब एमटीवी चैनल अश्वेत कलाकारों के गाने दिखाने में आना-कानी करता था, तब व्हिटनी के गाने इतने हिट हुआ करते थे कि चैनल को मजबूरन उनके गाने दिखाने पड़ते थे। 80-90 के दशक में ऐसा कोई साल नहीं था जब व्हिटनी का नाम म्यूजिक चार्ट में टॉप पर ना हो।
1980 के आसपास 17 साल की व्हिटनी की दोस्ती रॉबिन क्रोफोर्ड नाम की लड़की से हुई। दोनों दोस्त बने और नजदीकियां बढ़ गईं। एक दिन व्हिटनी ने रॉबिन के साथ रहने के लिए मां की मर्जी के खिलाफ अपना घर छोड़ दिया। जैसे ही व्हिटनी को फेम मिलने लगा तो वो लोगों से घिरी रहने लगीं।
ऐसे में उनका और रॉबिन का रिश्ता भी लोगों से छिप नहीं पाया। हर मैगजीन, अखबार में व्हिटनी के समलैंगिक रिश्ते की खबर थी, जिससे उनकी काफी बदनामी हुई। घरवालों ने भी दोनों के रिश्ते से आपत्ति जताई, लेकिन व्हिटनी ने रॉबिन से दूरी बनाने की बजाय उसे अपना मैनेजर बना लिया। कुछ लोगों ने इस बात पर व्हिटनी का विरोध करते हुए उनका बायकॉट करने की भी कोशिश की
80 के दशक में व्हिटनी का अफेयर म्यूजिशियन जर्मेन जैक्सन, फुटबॉलर रैंडल कनिंघम और एक्टर एडी मर्फी से जुड़ा। व्हिटनी के रिश्तों से उनकी गर्लफ्रेंड रॉबिन क्रोफोर्ड काफी चिढ़ती थीं। एक दिन जब रॉबिन ने व्हिटनी के अफेयर की बातें सुनीं तो घर पर हंगामा किया, हालांकि दोनों ने तब भी रिश्ता जारी रखा।
व्हिटनी हिट हो रही थीं, लेकिन रंगभेद के कारण उन्हें कई बार विवादों का सामना करना पड़ा। ब्लैक लोग सांवली व्हिटनी को ये कहते हुए ठुकरा रहे थे कि वो वेस्टर्न कल्चर फॉलो करते हुए गोरों के लिए गाती हैं, वहीं गोरे व्हिटनी से इसलिए नफरत करते थे कि वो नीग्रो हैं और पॉपुलर हो रही हैं।
एक अवॉर्ड शो में व्हिटनी की मुलाकात उस समय के पॉपुलर सिंगर बॉबी ब्राउन से हुई। बॉबी ब्राउन एक कंट्रोवर्शियल सिंगर थे, जिन्हें ड्रग्स रखने और नशे में गाड़ी चलाने के कारण जेल जाना पड़ा था। चंद मुलाकातों के बाद दोनों रिलेशनशिप में आ गए। जबकि बॉबी का रिश्ता पहले ही एक लड़की से था, जो उस समय प्रेग्नेंट थी। जैसे ही व्हिटनी को इस बात की जानकारी हुई तो उनका काफी झगड़ा हुआ, लेकिन बॉबी ने उन्हें मना लिया।
एक दिन व्हिटनी ने फिल्मों में काम करने का मन बनाया। इसी समय उन्हें फिल्म द बॉडीगार्ड मिल गई। 1991 में व्हिटनी प्रेग्नेंट थीं, लेकिन इसी समय फिल्म की शूटिंग भी होनी थी। एक दिन शूट करते हुए अचानक हुई कॉम्प्लिकेशंस से उनका मिसकैरेज हो गया। इससे व्हिटनी बुरी तरह टूट गईं। हालांकि उन्होंने हौसला नहीं हारा और कुछ समय बाद द बॉडीगार्ड फिल्म की शूटिंग पूरी की। इस फिल्म के लिए व्हिटनी को काफी सराहना मिली।
व्हिटनी के पति बॉबी ब्राउन उन्हीं के घर में रहने लगे। जब व्हिटनी अपने म्यूजिकल टूर पर बाहर होती थीं, तो बॉबी दूसरी लड़कियों को घर लाते थे और उनके पैसे उड़ाते थे। एक बार जब व्हिटनी ने उन्हें एक लड़की के साथ देखा तो दोनों का काफी झगड़ा हुआ। व्हिटनी ने बॉबी को घर से निकाल दिया और खुद नशे में डूबती चली गईं।
व्हिटनी के पिता शुरुआत से ही उनकी कमाई पर कंट्रोल रखते थे। ऐसा भी समय आया, जब वो बिना व्हिटनी को बताए उनके पैसों का गलत इस्तेमाल करने लगे, लिहाजा उनकी कमाई खत्म होने लगी। पिता व्हिटनी के पैसे अपनी दूसरी पत्नी पर उड़ाते थे। एक दिन जब कमाई की रिपोर्ट देखते हुए व्हिटनी को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने पिता से सारे रिश्ते खत्म कर लिए।
इसी समय व्हिटनी पिता से अलग हो गईं। एक बार जब पिता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया तो रॉबिन क्रोफोर्ड के समझाने पर व्हिटनी उनसे मिलने पहुंची। व्हिटनी नशे में थीं और अस्पताल में ही पिता से उनकी बहस होने लगी। पिता चाहते थे कि व्हिटनी उन्हें 100 मिलियन डॉलर दें, लेकिन उनके पास इतनी बड़ी रकम नहीं थी। दोनों का काफी झगड़ा हुआ और व्हिटनी लौट आईं। अगले ही दिन उनके पिता ने दम तोड़ दिया। इस बात से व्हिटनी को ऐसी ठेस पहुंची कि वो पिता के अंतिम संस्कार में ना जाकर घर पर ही ड्रग्स लेती रहीं
व्हिटनी ने मां और दूसरे लोगों से बात करना तक बंद कर दिया था। 2005 में जब उनकी मां घर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि व्हिटनी के घर में स्प्रे पेंट से आंखें और अजीबोगरीब चेहरे बनाए गए थे। व्हिटनी के कमरे में एक बड़ी सी फैमिली फोटो थी, लेकिन उसमें उनका चेहरा काटा गया था। अपनी बेटी की कटी हुई तस्वीर देखकर मां बुरी तरह डर गई थीं।
इस बीच, बॉबी दोबारा व्हिटनी के साथ आकर रहने लगे थे और लगातार झगड़ों से व्हिटनी दिनभर नशे की हालत में रहने लगी थीं। नशे का असर उनकी आवाज और पब्लिक इमेज पर पड़ने लगा। नशे में परफॉर्म करने से लोग उन्हें नापसंद करने लगे थे। व्हिटनी ने बॉबी ब्राउन के खिलाफ मारपीट का केस भी दर्ज करवाया, जिससे उन्हें जेल जाना पड़ा। 2007 में दोनों ने तलाक ले लिया।
अपने साथियों की मदद से व्हिटनी ने रिहैब सेंटर जाने का फैसला किया। दो बार नाकाम कोशिश के बाद व्हिटनी ने 2011 में आखिरकार नशे से छुटकारा पा लिया। मां भी अब व्हिटनी के साथ आकर रहने लगीं। व्हिटनी ने जब कमबैक करना चाहा तो उनके हर शो फ्लॉप होने लगे। लोग चलते कॉन्सर्ट से लौटने लगे और टिकट के पैसे वापस करने की डिमांड करने लगे।
9 फरवरी 2012। व्हिटनी ह्यूस्टन अपने दोस्तों के साथ प्री-ग्रैमी पार्टी में शामिल होने कैलिफोर्निया के द बेवर्ली हिल्टन होटल पहुंचीं। यहां उन्होंने अपने दोस्तों से रिक्वेस्ट की कि उन्हें इस प्री-ग्रैमी पार्टी में गाने का मौका दिया जाए। जब उनके दोस्त मान गए तो उन्होंने तुरंत प्रैक्टिस शुरू कर दी। परफॉर्मेंस से पहले व्हिटनी इतनी नर्वस थीं कि उन्होंने ड्रग्स ले लिया।
9 फरवरी को ही व्हिटनी ने अपने दोस्त कैली प्रिंस के साथ हॉलीवुड, कैलिफोर्निया के स्टेज पर परफॉर्मेंस दी, जिसमें उन्होंने गाया- जीसस लव्स मी
क्लाइव डेविस की प्री- ग्रैमी पार्टी 11 फरवरी 2012 को बेवर्ली हिल्टन होटल में होने वाली थी। करीब 3 बजे व्हिटनी की असिस्टेंट मैरी जोन्स उन्हें वो ड्रेस दिखाने चौथी मंजिल के सुइट नंबर 434 में पहुंचीं, जिसे पहनकर वो परफॉर्म करने वाली थीं। मैरी ने ड्रेस उनके बिस्तर पर रखी और दूसरी ड्रेस लेने चली गईं
करीब 3ः30 बजे जब वो लौटीं तो देखा कि व्हिटनी का सिर बाथटब में डूबा हुआ है। वो करीब गईं तो देखा सांस चलनी बंद हो चुकी थी। उन्होंने तुरंत होटल स्टाफ को खबर की और डॉक्टर बुलाए गए। व्हिटनी को सीपीआर दिया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी
व्हिटनी की मौत के बावजूद क्लाइव डेविस ने ये कहते हुए पार्टी जारी रखी कि व्हिटनी हमेशा कहा करती थीं कि शो मस्ट गो ऑन। कई सेलिब्रिटीज उस पार्टी में शामिल हुए, लेकिन कई ने कहा कि ये इंसानियत नहीं थी।
टीवी स्टार शैरॉन एसबॉर्न ने कहा था- ये बेहद शर्मनाक था कि पार्टी चलती रही। मैं ऐसे किसी भी होटल में नहीं जाना चाहती थी जहां चौथी मंजिल में उस शख्स की मौत हुई, जिसे आप पसंद करते थे।
व्हिटनी की मौत के 24 घंटे बाद ही उनका 20 साल पुराना ट्रैक आई विल ऑलवेज लव यू दोबारा बिलबोर्ड में तीसरे नंबर पर आ गया। करीब 9 लाख फैंस ने यूट्यूब से व्हिटनी के गाने डाउनलोड किए थे।

मौत के डेढ़ महीने बाद 22 मार्च 2012 को पुलिस ने व्हिटनी की मौत को हादसा बताकर केस बंद कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि मौत से कुछ समय पहले व्हिटनी ने ड्रग्स लिया था।।