कौन हैं संगीता बिजलानी, आइये जानते हैं

त्रिदेव फिल्म का गाना गली गली में फिरता है तो आपने सुना ही होगा। इस गाने में जो ग्लैमरस एक्ट्रेस नजर आईं, उनका नाम है संगीता बिजलानी। संगीता आज 63 साल की हो चुकी हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस जिन्होंने खूबसूरती की मिसाल कायम करते हुए इंडस्ट्री में खास जगह बनाई। त्रिदेव (1989), गुनाहों का देवता (1990), विष्णु देवा (1991), युगांधर (1993) जैसी करीब दर्जनों फिल्मों में नजर आईं संगीता ने महज 15 साल की उम्र में ग्लैमरस इंडस्ट्री में कदम रखा था। मॉडलिंग से शुरू हुआ उनका करियर मिस इंडिया जीतने और फिल्मों में आने से सफल रहा। लेकिन क्रिकेटर अजहरुद्दीन से शादी के बाद उन्होंने इंडस्ट्री से किनारा कर लिया।

अजहरुद्दीन से पहले संगीता बिजलानी, सलमान खान से शादी करने वाली थीं। दोनों की शादी की तैयारियां भी शुरू हुईं और तारीख भी निकाली गई। शादी के कार्ड छपने भी शुरू हो गए, लेकिन एक महीने पहले ही ये शादी टूट गई। वजह थी एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस और उसकी सलमान से नजदीकियां। फिर क्या था जासूसी हुई और शादी पर विराम लग गया।

संगीता बिजलानी वो इकलौती महिला हैं, जिससे सलमान खुद शादी करना चाहते थे। हालांकि वो आज भी कुंवारे हैं। आज संगीता बिजलानी के जन्मदिन के खास मौके पर जानिए उनकी जिंदगी के कुछ अहम पहलुओं को-
9 जुलाई 1960 को आज से ठीक 63 साल पहले संगीता बिजलानी का जन्म मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ। संगीता की मां मुंबई की एक जानी-मानी फैशन डिजाइनर थीं। सिंधी परिवार में जन्मीं संगीता को बचपन से ही फिल्मों में जाने का शौक था। यही वजह थी कि उन्होंने महज 15 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी।
महज 16 साल की उम्र में संगीता को कमर्शियल एड में काम मिलने लगा। उन्होंने निरमा और पोंड्स साबुन के एड में भी काम किया। उनके तीखे नैन-नक्श और हाजिर जवाबी के चलते लोग उन्हें बिजली कहा करते थे
मिस यूनिवर्स में संगीता ने अपनी मां पूनम बिजलानी द्वारा डिजाइन की हुई ड्रेस पहनी थी, जिसके लिए उन्हें बेस्ट नेशनल कॉस्ट्यूम का अवॉर्ड मिला था।
मिस इंडिया जीतने के बाद संगीता के फिल्मों में आने के दरवाजे खुल गए। उन्होंने 1987 की फिल्म कातिल से बॉलीवुड डेब्यू किया। बेहतरीन अभिनय और खूबसूरती के चलते उन्हें कई बड़ी फिल्मों और प्रोड्यूसर्स के ऑफर मिलने लगे। आगे उन्होंने त्रिदेव, हथियार, जुर्म, योद्धा, इज्जत, लक्ष्मण रेखा जैसी कई फिल्में कीं। जुर्म के लिए संगीता को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का फिल्मफेयर नॉमिनेशन भी मिला था। इस फिल्म को सलमान खान के पिता सलीम खान ने लिखा था। फिल्मों में काम करते हुए संगीता का नाम कई एक्टर्स से जुड़ा था

ये वो समय था जब सलमान खान फिल्मों में नहीं आए थे। सलमान उस समय शाहीन जाफरी को डेट कर रहे थे, जो एक्ट्रेस कियारा आडवाणी की मासी हैं। सलमान और शाहीन अकसर मुंबई के होटल सी-रॉक के हेल्थ क्लब में जाया करते थे। संगीता बिजलानी भी उस क्लब की रेगुलर मेंबर थीं। संगीता का उस समय एक्टर बिंजू अली से ताजा-ताजा ब्रेकअप हुआ था और वो परेशान रहा करती थीं। एक दिन संगीता की मुलाकात सलमान से हो गई। संगीता उस समय स्टार थीं और सलमान एक आम इंसान। क्योंकि संगीता सलमान के पिता सलीम खान की लिखी फिल्म जुर्म में काम कर चुकी थीं, तो दोनों की दोस्ती होने में वक्त नहीं लगा।
साथ समय गुजारते हुए संगीता और सलमान की दोस्ती गहराती गई और दोनों एक- दूसरे को पसंद करने लगे। संगीता से दोस्ती बढ़ने से सलमान की गर्लफ्रेंड शाहीन उनसे दूर होने लगीं। शाहीन ने सलमान से दूरी बनाने के लिए कैथे पैसिफिक एयरलाइन जॉइन कर ली।
1989 में सलमान ने भी फिल्म मैंने प्यार किया से फिल्मों से पहचान हासिल कर ली। कुछ सालों बाद दोनों एक-दूसरे के लिए इतने सीरियस हो गए कि दोनों ने अपने परिवार वालों को भी शादी के लिए मना लिया। दोनों के परिवार मिले और शादी की बात शुरू हुई। घरवालों के साथ मिलकर दोनों ने शादी की डेट भी तय कर ली।
वो तारीख थी 27 मई 1994। शादी के कार्ड छपने शुरू हो गए और शादी के बस एक महीने ही बचे थे। संगीता को सलमान की कुछ बातें खटकने लगीं और वो परेशान रहने लगीं।

सलमान के बदले रवैये का कारण जानने के लिए जब संगीता ने उन पर नजर रखनी शुरू की तो चौंकाने वाली बात सामने आई। सलमान, संगीता से शादी तय होने के बाद सोमी अली को डेट कर रहे थे। ये जानकर संगीता ने सलमान से शादी तोड़ ली।

जासिम खान द्वारा लिखी गई सलमान खान की बुक बींग सलमान में दावा किया गया है कि संगीता ने एक इंटरव्यू में ऐसा कहा था। उन्होंने संगीता के हवाले से लिखा है, शादी के एक महीने पहले मुझे लगा कि कुछ गड़बड़ है। मैंने उनका पीछा करना शुरू किया तो पता चला कि वो शादी के लायक ही नहीं हैं। इतना ही नहीं, मुझे ऐसा लगने लगा कि शादी तो क्या वो बॉयफ्रेंड बनने लायक भी नहीं हैं। वो बहुत बुरा एक्सपीरियंस था, मैं इमोशनली टूट गई थी।
सलमान खान भी कॉफी विद करण में संगीता बिजलानी को धोखा देने की बाद कबूल चुके हैं। उन्होंने करण जौहर से कहा था, एक समय था जब मैं शादी करने के बहुत करीब था। उसने मुझे रंगे हाथ पकड़ा था। संगीता के साथ तो मेरी शादी के कार्ड भी छप चुके थे।
सलमान से ब्रेकअप होने के बाद संगीता बिजलानी को उस समय के मशहूर क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ एक एड शूट की मीटिंग में बुलाया गया था। ये एक प्रोफेशनल मीटिंग थी, जिसमें संगीता अपनी मां के साथ पहुंची थीं। उस मीटिंग में अजहर खामोश बैठे थे, जिसे देखकर संगीता की मां ने कहा था कि ये लड़का कुछ बोलता क्यों नहीं। यहां शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला किया
संगीता से मुलाकात होने से पहले ही अजहर शादी कर चुके थे और उनके दो बच्चे भी थे। इस बात से संगीता भी अच्छी तरह वाकिफ थीं। संगीता से शादी करने से पहले अजहर ने अपनी पहली पत्नी नौरीन को तलाक दे दिया। इसके लिए उन्होंने नौरीन को 1 करोड़ रुपए दिए थे। 1996 तक ये भारत का सबसे महंगा तलाक माना गया था। आगे दोनों ने उसी साल शादी कर ली।
1996 में अजहर से शादी करने के लिए संगीता ने इस्लाम कबूल कर फिल्मी दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। दोनों की शादी करीब 14 सालों तक चली। जब संगीता को पता चला कि अजहर का अफेयर बैडमिंटन प्लेयर ज्वाला गुट्टा के साथ है, तो उन्होंने तलाक ले लिया। अजहर से शादी टूटने के बाद संगीता आज तक अकेली ही हैं।

2016 में आई क्रिकेटर अजहरुद्दीन की बायोपिक में नरगिस फाखरी ने संगीता बिजलानी का किरदार निभाया था। उस फिल्म में संगीता के किरदार को बेहद नेगेटिव दिखाया था, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई थी।
सालों पहले सलमान से शादी टूटने के बाद भी संगीता की उनसे दोस्ती बरकरार है। दोनों कई फैमिली ईवेंट, ईद पार्टी में भी साथ देखे जाते हैं। सलमान खान ने अपने 57वें जन्मदिन पर एक ग्रैंड पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें संगीता भी पहुंची थीं। आफ्टर पार्टी दोनों गले मिले और सलमान ने संगीता के माथे पर किस किया। दोनों की वीडियो काफी वायरल हुई थी।