जिनका नेता पहियों वाला सूटकेस उठाए, उस पार्टी का भविष्य क्या होगा : शिवराज सिंह चौहान

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आपस में आक्रोश निकाल रहे हैं। कमलनाथ जी समझ गए कि आक्रोश किसके खिलाफ है, इसलिए उन्होंने पोस्टर से दिग्विजय सिंह को ही निकाल दिया। मिस्टर बंटाधार खुद कहते हैं कि मैं जाऊंगा तो वोट नहीं मिलेंगे।’
सीएम शिवराज सिंह शनिवार को भोपाल के कुशाभाऊ सभागार में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। PM यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के महाकुंभ में शामिल होंगे। सीएम शिवराज ने भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी शामिल हुए।
CM शिवराज सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, ‘मुझे आश्चर्य होता है कि जिनका नेता पहियों वाले सूटकेस को सिर पर लेकर चलता हो, उस पार्टी का क्या भविष्य होगा।’
बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार सुबह दिल्ली के आनंद विहार ISBT पहुंचे और कुलियों से मिले। यहां उन्होंने कुली की लाल यूनिफॉर्म पहनी और बैज भी लगाया। इसके बाद उन्होंने सिर पर बैग उठाया था।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कमलनाथ 2019 में आए, तो उन्होंने सारी योजनाएं बंद कर दीं। कमलनाथ जी, जब सनातन धर्म का अपमान होता है तो आप मौनी बाबा बन जाते हैं और जब वोट चाहिए होते हैं तो आप ढोंगी बाबा बन जाते हैं। सनातन धर्म का अपमान आपके गठबंधन के साथी कर रहे हैं और आप चुप हैं। जनता का आक्रोश आपके खिलाफ होगा। आप और आपकी पार्टी कहीं की नहीं रहेगी।
BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘हमारी पांचों जन आशीर्वाद यात्राओं को जनता का अपार स्नेह और आशीष मिला। अल्पसंख्यक भाइयों – बहनों ने भी खूब आशीर्वाद दिया। यात्राओं का प्रदेशभर के 2500 स्थानों पर स्वागत हुआ। 2050 स्थानों पर मंच सभाएं की गईं। यात्राओं ने लगभग 10 हजार 880 किमी की दूरी तय की। यात्रा के माध्यम से हमने लगभग 1 करोड़ से अधिक लोगों से संपर्क कर आशीर्वाद लिया, जिनमें से लगभग 48 लाख लोगों ने सीधे तौर यात्रा में सहभागिता की।
बालाघाट से BJP के पूर्व सांसद बोध सिंह भगत के पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर वीडी बोले, ‘इसी मप्र में कुछ समय पहले 15 महीने की सरकार को छोड़कर 28 विधायकों ने भाजपा में प्रवेश किया था। मैं कहता हूं कि वो (पूर्व सांसद भगत) तो भाजपा में थे ही नहीं। लोकसभा चुनाव में ही उन्हें निष्काषित कर दिया गया था
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ’25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर कार्यकर्ता महाकुंभ होगा। हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री लाखों कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। इस महाकुंभ में भाजपा के कार्यकर्ता विजय का संकल्प लेंगे। आलोचना के बहुत से बिंदु संसार में होते हैं, लेकिन ये सत्य है कि 2003 के बाद से मध्यप्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने का काम शिवराज की सरकार ने किया है।’
BJP प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट क्यों रुकी है? इसके जवाब में तोमर ने कहा, ‘विचार – विमर्श चल रहा। सारा नेतृत्व यात्रा में था। अभी लोकसभा का सत्र चल रहा है। चुनाव लड़ाने का फैसला चुनाव समिति करती है।’
भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन जंबूरी मैदान में सोमवार 25 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए भोपाल पुलिस ने जंबूरी मैदान और इसके आसपास के इलाके में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस के मुताबिक इसमें करीब 3 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इसलिए डायवर्जन प्लान सुबह 6 बजे से लागू हो जाएगा।