25 मिनट तक क्या कर रहा था चोर, CCTV खंगलाने पर हो सकता है खुलासा

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित निलमथा में घर में घुसकर फौजी की पत्नी को लूटपाट कर गोली मारने वाली की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगी है। फौजी के घर में घुसे संदिग्ध युवक के घर में 25 मिनट रुकने की बात सामने आ रही है।
इसके लिए पुलिस आसपास से CCTV को आधार बता रही है। जिसमें संदिग्ध का धुंधला फुटेज सामने आने की बात शुरू से की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के आसपास के समय पर करीब दो दर्जन CCTV खंगलाने पर तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। जिन्होंने बाइक का इस्तेमाल किया है।
सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के विजयनगर सेक्टर-ए निवासी मोनू चौबे की पत्नी अंशु (28) को शुक्रवार तड़के गोली मार कर लूटपाट की गई थी। जब वह घर पर अकेले सो रही थी। वहीं पति और ससुर ड्यटी पर गए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित के घर के पीछे लगे सीसीटीवी फुटेज में दिखा है कि संदिग्ध युवक घटना की रात 2:45 बजे घर में छत के रास्ते से घुसा था। वहीं करीब 3:10 बजे घर से निकलते दिखा है। करीब 25 मिनट उसने घर में क्या किया और उसके साथ ही खंगाले गए फुटेज में दिख रहे दो अन्य कौन है, इसकी पड़ताल की जा रही है।
फुटेज खंगलाने पर जानकारी हुई है कि लूटपाट का आरोपी युवक ने घर से करीब पांच सौ मीटर पहले ही बाइक खड़ी कर दी थी और कोई पहचान न सके इसके लिए हुडी का प्रयोग किया।
उसे बाइक से शहीद पथ के आसपास लगे कैमरे में देखा गया है।
एडीसीपी साउथ शशांक ने बताया कि संदिग्ध युवक ने तमंचा लगाकर महिला अंशु के गहने लूट लिए हैं। साथ ही जाते वक्त गोली मार दी। कमांड अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। शनिवार को डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। डॉक्टर ने उनको खतरे से बाहर बताया है। संदिग्ध युवक की तलाश में चार टीम को लगाया गया है।