भाजपा का निकाय चुनाव में M-OBC प्लान क्या है ?, जानिए

निकाय चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारी में लगी है। इसी मिशन के तहत 2024 के लिए भी मजबूत किया जा रहा है। भाजपा यूपी में अभी सत्ता में है। ऐसे में बीजेपी के पास मौका है कि इसका भी फायदा चुनावों में उठा सके।
राजनीतिक जानकारों की माने तो, भाजपा छोटे से लेकर बडा चुनाव मजबूती से लड़ती है। निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच अधिसूचना लगने से पहले भाजपा ने अपने मूल वोटरों के अलावा पसमांदा मुस्लिम समाज, OBC वर्ग के वोटर्स और मतदाता सम्मेलन के जरिए बूथ मैनेजमेंट का अभियान शुरू किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का मानना है कि इस बार के 17 के 17 महापौर भाजपा के होंगे।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में 6 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच पूरे प्रदेश भर के गांव-गांव घर-घर चलो अभियान चलाया जा रहा है। नरेंद्र कश्यप ने बताया कि गांव-गांव घर-घर चलो अभियान 15,000 गांव 741 नगर पालिका नगर पंचायत व 17 नगर निगमों में संपर्क करेगा। मोर्चा के पदाधिकारी भाजपा की उपलब्धियां के साथ ही सपा-बसपा और कांग्रेस की कमियां भी गिनाएंगे। इसके साथ ही 11 अप्रैल को सभी 75 जिलों में महात्मा गांधी ज्योतिबा फूले जयंती मनाई जाएगी।
भाजपा मुस्लिम बाहुल्य करीब 800 वार्ड, नगर पालिका और नगर पंचायत सदस्य सीटों पर मुसलमान प्रत्याशी उतारने में जुटी है। कुछ दिन पहले ही प्रदेश प्रभारी चौधरी भूपेंद्र सिंह और संगठन मंत्री धर्मपाल ने एक बैठक की थी। जिसमें मुस्लिमों को टिकट देने को लेकर मंथन हुआ था। मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट देने का काम अंदरखाने लगभग पूरा माना जा रहा है। भाजपा नगर निकाय चुनाव की लिस्ट विपक्षी दलों की लिस्ट देखने के बाद ही जारी कर सकती है।

भाजपा के कई नेताओं का झुकाव मुसलमानों की ओर दिखाई दे रहा है। कई बैठक और सार्वजनिक मंचों से इस बात के संकेत मिले हैं कि इस बार निकाय चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मुस्लिम प्रत्याशियों को मैदान में उतारा जा सकता है। मुस्लिम टिकट को लेकर इस बार बीजेपी विपक्षियों को करारा जवाब देगी।
भाजपा का मतदाता सम्मेलन नगर निगम स्तर पर शुरू हो चुका है। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नगर निकायों में किए गए विकास कार्यों को लेकर भाजपा प्रभावी मतदाताओं के बीच पहुंच रही हैं। सीएम योगी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश सरकार के मंत्री अंत्योदय लक्ष्य,अंत्योदय प्रण तथा अंत्योदय पथ पर चलकर डबल इंजन सरकार द्वारा सबको शिक्षा, सबको सुरक्षा, सबको न्याय तथा सबको सम्मान से बने यूपी के अभिमान की पटकथा लेकर जन संवाद करेंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में 50 से अधिक प्रभावी मतदाता सम्मेलनों के माध्यम से सतत सम्पर्क व सतत संवाद की परम्परा के साथ भाजपा जनता के लिए किए गए कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी ने बताया कि रविवार 9 अप्रैल को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी के शुभविवाह मण्डपम मेंहदी बाग तथा ब्रजेश पाठक लखनऊ के सीएमएस ऑडिटोरियम हॉल अशियाना में प्रभावी मतदाता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगें।
वहीं, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना सुहाग बारात घर, स्टेडियम रोड, बरेली व अरविन्द शर्मा त्रिभुवन वाटिका मंडुवाडीह, वाराणसी में ही नन्दगोपाल गुप्ता ‘नंदी‘ गणेश मण्डपम नाटी इमली में प्रभावी मतदाता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। जबकि कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य राधामोहन सत्संग भवन, रोहटा रोड मेरठ तथा राकेश सचान सीमा फार्चून गेस्ट हाउस किदवई नगर कानपुर में प्रभावी मतदाताओं के साथ संवाद करेंगे।
वहीं प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरूण होटल ड्राइव इन 24, मुरादाबाद तथा नितिन अग्रवाल ज्ञानभारती एमएस इंटर कालेज विरहाना रोड़ कानपुर में सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। साथ ही प्रदेश के राज्य मंत्री अनूप प्रधान बाल्मीकि, महाजन भवन, आगरा तथा दिनेश खटीक अमर गेस्ट हाउस, लाजपत नगर, कानपुर में प्रभावी मतदाताओं के साथ केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को साझा करेंगें।