समिट बिल्डिंग में रविवार को हंगामा, घायल युवक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया

लखनऊ में गोमती नगर स्थित समिट बिल्डिंग में रविवार को हंगामा हो गया। यहां क्लब में एंट्री के दौरान नशे में धुत एक युवक और बाउंसरों के बीच धक्का-मुक्की हुई। फिर युवक ने अपना हाथ शीशे पर मार दिया। इससे उसके हाथ में काफी चोट आई। इसके बाद वह सीढ़ियों पर ऐसे ही घुमता आया।
आखिरी में ग्राउंड फ्लोर पर आया, तो ब्लड निकलने के चलते उसकी स्थिति काफी खराब हो गई थी। वह समिट के बाहर दीवार में गिर लेट गया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसको वहां से हटाया। उसके बाद इसको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिल्डिंग में लगे CCTV में यह घटना कैद हो गई।
इस विवाद के बाद समिट बिल्डिंग में फायरिंग की अफवाह उड़ गई। लड़के और लड़कियों के बीच विवाद और फिर गोली चलने से किसी के घायल होने की सूचनाएं फैली, लेकिन कुछ देर बाद ही स्थिति साफ हो गई। दरअसल, बिल्डिंग की सीढ़ियों से लेकर नीचे ग्राउंड फ्लोर की फर्श पर खून ही खून दिख रहा था। इसलिए कई लोग घबरा भी गए। इस मामले की जानकारी के बाद पुलिस ने रात 12 बजे तक समिट के क्लबों को बंद करा दिया।
यह पहला मौका नहीं है, जब लखनऊ की समिट बिल्डिंग में विवाद हुआ है। यहां अक्सर विवाद होते रहता है। दैनिक भास्कर ने पिछले दिनों बताया था कि कैसे यहां के क्लब में 21 साल से कम उम्र के लोगों को आसानी से शराब और दारू परोस दिया जाता है। इसमें पुलिस से लेकर आबकारी विभाग की जिम्मेदारी है कि ऐसा न हो लेकिन उसके बाद भी कम उम्र के बच्चों को शराब दी जाती है। बता दें कि इस बिल्डिंग के क्लब मालिकों ने रात 2 बजे तक शराब परोसने का लाइसेंस ले रखा है।
यहां विवादों को देखते हुए पुलिस चौकी बनाई गई थी। लेकिन यहां की पुलिस तमाशा देखने का काम करती है। स्थिति यह है कि रात 11 बजे पुलिस के लोग बिल्डिंग में आते तो हैं, लेकिन उनके रहने का कोई असर क्लब मालिक या वहां आने वालों पर नहीं पड़ता है। यहां कोई ऐसा दिन नहीं जब विवाद न होता हो। पिछले दिनों यहां वकील और एक क्लब के स्टाफ के बीच में भी विवाद हुआ था।