2 नवंबर को दो बार की वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम का सामना श्रीलंका से होगा

वनडे वर्ल्ड कप 2023 के 33वें मैच में आज यानी 2 नवंबर को दो बार की वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम का सामना श्रीलंका से होगा। मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। टॉस मैच से आधे घंटे पहले यानी 1:30 बजे होगा।
ये वही टीम है जिसे 2011 में इसी मैदान पर हराकर भारत 28 साल बाद दूसरी बार ODI वर्ल्ड कप जीता था। एक बार फिर दोनों टीमें 12 साल बाद इस मैदान पर आमने-सामने होंगी।
मेजबान भारत शुरुआती 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। आज श्रीलंका को हराकर टीम इंडिया सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने के साथ फिर टेबल टॉपर बन सकती है।
वहीं श्रीलंका 6 मैचों में 2 जीत और 4 हार के साथ 4 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर है। एक और हार से श्रीलंका के सेमीफाइनल की रेस में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। हार के बाद टीम को अगले दोनों मैच तो जीतने के साथ पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के हारने की दुआ भी करनी होगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 167 वनडे खेले गए हैं। भारत ने 98 और श्रीलंका ने 57 मैच जीते। 11 मैच बेनतीजा रहे, वहीं एक मैच टाई भी हुआ।
वहीं वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ श्रीलंका का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। वर्ल्ड कप में दोनों टीमें अब तक 9 बार भिड़ीं, 4 में भारत और 4 में श्रीलंका को जीत मिली। एक मैच नो रिजल्ट रहा है।
भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी वनडे 17 सितंबर 2023 को खेला गया था। वो एशिया कप का फाइनल मैच था। जिसमें भारत 10 विकेट से जीता था।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 में रोहित शर्मा भारत के टॉप रन स्कोरर हैं, उन्होंने टूर्नामेंट के 6 मैचों में 398 रन बनाए हैं। उनके बाद विराट कोहली ही भारत से 300 से ज्यादा रन बना सके हैं। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 14 विकेट लिए हैं।
टूर्नामेंट में श्रीलंका का कोई भी प्लेयर टॉप-5 परफॉर्मर में नहीं है। टीम के लिए सदीरा समरविक्रमा ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और एक अर्धशतक है। वहीं गेंदबाजों में दिलशान मदुशंका के नाम 13 विकेट हैं, जो टीम के लिए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा है।
साल 2011 का भारत और श्रीलंका के बीच हुआ वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मैच शायद ही कोई भारतीय फैंस भूल सकता है। इस मैच में श्रीलंका टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए छह विकेट खोकर 274 रन बनाई। महिला जयवर्धने इस मैच में नॉट आउट 103 रन की पारी खेली।
वहीं जवाब में भारतीय टीम चार विकेट खोकर 49वें ओवर में यह मुकाबला जीत ली। कप्तान एमएस धोनी ने गेंदबाज नुवान कुलशेखरा की बाल पर विनिंग सिक्स लगाया। मैच में गौतम गंभीर ने 97 और धोनी ने नाबाद 91 रन बनाए थे।
टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या आज श्रीलंका के खिलाफ नहीं खेलेंगे। हालांकि अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि हार्दिक कितने मैचों के लिए बाहर रहेंगे।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। यहां पर बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती है। अच्छा उछाल होने की वजह से गेंद सही तरीके से बैट पर आती है। स्टेडियम में टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। इंग्लैंड-साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश-साउथ अफ्रीका मैच इस मैदान पर खेला गया था।
इस मैदान पर अब तक 25 वनडे मुकाबले हुए हैं, जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 13 और बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 12 मैच जीते हैं। फर्स्ट इनिंग में एवरेज टोटल 256 रन है।
हाईएस्ट टीम स्कोर 438 है जो साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 2015 में बनाया था। वहीं लोवेस्ट टीम स्कोर 115 है जो बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ 1998 में बनाया था।मुंबई में गुरुवार, 2 नवंबर को मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान हवा की रफ्तार 11 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। तापमान 26 से 37 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका : कुसल मेंडिस (कप्तान और विकेटकीपर), पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, एंजलो मैथ्यूज, महीश तीक्षणा, कसुन रजिथा, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका।