गोरखपुर में दर्दनाक हादसा, वन विभाग की जर्जर दीवार गिरने से कांस्टेबल की मौत

गोरखपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2025 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। कैंट थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित वन विभाग की पुरानी दीवार अचानक भड़भड़ाकर ढह गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे 45 वर्षीय कांस्टेबल विक्रम प्रसाद यादव मलबे की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा करीब सुबह 10 बजे का है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वन विभाग के रेंजर दिनेश चौरसिया ने बताया कि दीवार काफी पुरानी थी और हाल की तेज बारिश के कारण उसकी हालत और खराब हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। मूल रूप से बस्ती जिले के पिकोरा बक्श, गांधी नगर निवासी विक्रम प्रसाद यादव, पुत्र हीरालाल यादव, उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्तमान में वह गोरखपुर पुलिस लाइन में ड्यूटी कर रहे थे। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। इस हादसे से पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर।