आज सबसे बड़ा और चमकीला दिखेगा लाल ग्रह, पृथ्वी, मंगल, सूर्य, चंद्रमा एक कतार में होंगे

आज आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। हमारी पृथ्वी, मंगल ग्रह और सूर्य के बीच होगी। एक घंटे के लिए चंद्रमा भी इनकी सीध में आ जाएगा। इस वजह से मंगल पूरी तरह चांद के पीछे छिप जाएगा। हालांकि यह पूरी घटना नॉर्थ अमेरिका और यूरोप सहित नॉर्थ अफ्रीका और खाड़ी देशों के कुछ हिस्सों से देखी जा सकेगी।
भारत में लाल ग्रह चमकता तो नजर आएगा, लेकिन चांद के पीछे छिपता नहीं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस वक्त देश में सुबह होगी। भारतीय समय के अनुसार यह घटना सुबह 10.30 बजे के आसपास होगी।
यह खगोलीय घटना अगहन महीने की पूर्णिमा के दिन होने वाली है। यह इस साल की आखिरी पूर्णिमा है। पूरी तरह से रोशन चंद्रमा के पास मंगल ग्रह चमकता हुआ दिखाई देगा। भारत में इसे देखना मुश्किल होगा, लेकिन यह रात के दौरान नजर आएगा। मंगल के चांद के पीछे छिपने वाली घटना को एशिया के ज्यादातर इलाकों से नहीं देखा जा सकेगा।
आज हो रही खगोलीय घटना को मार्स अपोजिशन कहते हैं। इसमें मंगल और सूरज हमारे ग्रह की विपरीत दिशाओं में आ जाते हैं। ऐसे में मंगल ग्रह सामान्य से ज्यादा चमकीला और बड़ा दिखाई देता है। इसकी चमक बढ़कर माइनस 1.9 मैग्निट्यूड हो जाएगी। यह घटना हर 26 महीने में एक बार होती है। यानी अब अगला मार्स अपोजिशन जनवरी 2025 में होगा।
वैसे तो लाल और चमकीले मंगल को नग्न आंखों से देखा जा सकेगा, लेकिन बेहतर नजारे के लिए आप दूरबीन या सामान्य टेलिस्कोप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस घटना को ठीक से देखने के लिए आसमान का साफ रहना भी जरूरी है। इसके अलावा वर्चुअल टेलिस्कोप प्रोजेक्ट (Virtual Telescope Project) इस खूबसूरत प्राकृतिक घटना का लाइवस्ट्रीम भी करेगा।