आज आलिया सबसे सफल एक्ट्रेस, एक फिल्म की फीस 15-20 करोड़

शो- कॉफी विद करण, साल 2013 और गेस्ट थे आलिया भट्ट, वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा। करण ने आलिया से सवाल पूछा- भारत के राष्ट्रपति कौन हैं? आलिया ने तपाक से जवाब दिया – पृथ्वीराज चौहान। बस ये जवाब आया और सोशल मीडिया पर हंगामा शुरू हो गया। आलिया को लेकर जोक बनने लगे। वो एकमात्र एक्ट्रेस हैं जिन पर हजारों जोक बने और उन पर डम्ब (बेवकूफ) का टैग लगा दिया गया।
इतनी ट्रोलिंग के बाद कोई भी नर्वस हो सकता था, लेकिन आलिया ने इसे ही अपना हथियार बना लिया। लोग उन्हें ट्रोल कर रहे थे, वो एक से बढ़कर एक फिल्में चुन रही थीं। 10 साल के करियर में आलिया ने कई सफल फिल्में दीं, वुमन सेंट्रिक फिल्मों की वो अब तक की सबसे सफल एक्ट्रेस हैं, जिनके नाम राजी, गंगूबाई काठियावाड़ी, डार्लिंग्स और हाईवे जैसी फिल्में दर्ज हैं
आलिया ने अपने फैसलों से सबको चौंकाया। जब स्टूडेंट ऑफ दी ईयर के लिए ऑडिशन चल रहा था तो वो स्कूल यूनिफॉर्म में ही ऑडिशन देने पहुंच गईं। करियर के पीक पर रणबीर कपूर से शादी की, 29 की उम्र में मां बन गईं। पहली फिल्म के लिए आलिया को 15 लाख रुपए फीस मिली थी, आज वो 15 से 20 करोड़ एक फिल्म के लिए चार्ज करती हैं
आलिया भट्ट का जन्म 15 मार्च 1993 को मुंबई में हुआ। ये महेश भट्ट और उनकी दूसरी पत्नी सोनी राजदान की छोटी बेटी थीं। महेश पहले से नामी फिल्ममेकर थे और मां सोनी अपने जमाने की बड़ी एक्ट्रेस। सौतेली बहन पूजा भट्ट भी 90s की हिट एक्ट्रेस रही थीं।
घर में फिल्मी माहौल का असर आलिया पर गहरा था, जिससे वो खुद भी बचपन से हीरोइन बनने के सपने देखने लगीं। हीरोइन बनने का फैसला आलिया ने किंडरगार्डन स्कूल में एक प्ले की प्रैक्टिस करते हुए लिया।
टीवी शो जीना इसी का नाम है के 32वें एपिसोड में 8-9 साल की आलिया पिता महेश भट्ट को सपोर्ट करने पहुंची थीं। यहां उन्होंने माइक पर कहा था वो एक्ट्रेस बनना चाहती हैं। इरादों की पक्की आलिया की बात सही साबित हुई और वो आज बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस हैं
महेश भट्ट और सोनी राजदान का रिश्ता एक समय ठीक नहीं चल रहा था, ऐसे में सोनी ने अकेले ही बेटियों की परवरिश की। महेश सोनी या उनकी बेटियों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते थे। एक इंटरव्यू में आलिया ने कहा था कि वो बचपन में अपने पिता को याद करती थीं, क्योंकि वो उनके साथ नहीं थे। सालों तक अलग रहने के बाद जब आलिया फिल्मों में आईं तो उनके पिता से रिश्ते सुधरने लगे।
आलिया भट्ट ने महेश भट्ट के प्रोडक्शन हाउस में बनी 1999 की फिल्म संघर्ष में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया। फिल्म में आलिया ने प्रीति जिंटा के बचपन का चंद सेकेंड का रोल किया। आलिया सेट पर सिर्फ इसलिए जाती थीं, जिससे उन्हें अच्छा खाना मिल सके।
आलिया ने 9 साल की उम्र में संजय लीला भंसाली की फिल्म ब्लैक (2005) के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया। बाद में ये रोल आएशा कपूर को मिला था। फिल्म के लिए आएशा को 7 अवॉर्ड मिले थे।
ब्लैक फिल्म से रिजेक्ट करने के बाद संजय लीला भंसाली ने 12 साल की आलिया भट्ट को फिल्म बालिका वधु के लिए कास्ट किया। इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर को कास्ट किया गया था। कुछ महीनों में ही ये फिल्म बंद हो गई।
आलिया भट्ट हमेशा से ही एक्ट्रेस बनना चाहती थीं, जिसके लिए उन्होंने 12वीं में ही पढ़ाई छोड़ दी और फिल्मों में काम करने की कोशिश में लग गईं।
टीनएज में आलिया भट्ट खूब पार्टियां किया करती थीं। एक बार 16-17 साल की उम्र में आलिया एक झूठ बोलकर लेट नाइट पार्टी से घर आई थीं। जैसे ही महेश भट्ट को पता चला तो उन्होंने आलिया को खूब डांटा। कहा कि फिल्मों में काम करना बहुत सीरियस काम है, ऐसे रवैये को नहीं छोड़ा तो कुछ नहीं कर सकोगी।
आलिया भट्ट को भले ही नेपोटिज्म के नाम पर ट्रोल किया जाता है, लेकिन उन्हें पहली फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर ऑडिशन के जरिए ही मिली थी। आलिया उस समय 19 साल की थीं और उनके एग्जाम चल रहे थे। जैसे ही उन्हें इस फिल्म के ऑडिशन की खबर मिली तो वो स्कूल से सीधे करण जौहर के ऑफिस पहुंच गईं। वहां पहले ही 500 लड़कियों के ऑडिशन हो चुके थे। आलिया ने स्कूल ड्रेस में ही फिल्म का ऑडिशन दिया। ऑडिशन में मॉडर्न यंग आलिया को बहारा-बहारा गाने पर डांस करते देख करण इम्प्रेस हो गए।
एक्टिंग से तो करण खुश थे, लेकिन उस समय आलिया का वजन 68 किलो था और शरीर मोटा। करण ने उन्हें कहा कि अगर वो 16 किलो वजन घटा लेती हैं तो उन्हें फिल्म में लिया जाएगा। आलिया ने 3 महीने में ही ये कर दिखाया था, जिसके बाद उन्हें फिल्म मिली थी।
वजन घटाने के बाद आलिया फिर स्कूल ड्रेस में करण जौहर के ऑफिस पहुंची थीं, जहां फिल्म से डेब्यू करने वाले सिद्धार्थ मल्होत्रा भी मौजूद थे। जैसे ही उन्हें पता चला कि स्कूल ड्रेस में आई लड़की उनकी फिल्म की हीरोइन है तो वो शॉक्ड रह गए। उन्होंने करण के पास जाकर कहा- क्या आप श्योर हैं कि इसे हीरोइन बनाना है। तब उन्हें पता चला कि आलिया महेश भट्ट की बेटी हैं।
आलिया भट्ट को धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर के लिए 15 लाख रुपए फीस मिली थी। ये रकम उन्होंने अपनी मां सोनी राजदान को दी थी, इसके बाद से सोनी ही उनका फाइनेंस देखती हैं।
आलिया भट्ट एक बार सिद्धार्थ मल्होत्रा से मिलने उनके घर गई थीं। आलिया ने बॉडीगार्ड को घर के बाहर ही रुकने को कहा था, लेकिन जब वो निकलीं तो वो वहां नहीं था। आलिया ने कई बार कॉल किया तो जवाब नहीं मिला। ऐसे ही रात के 3 बज गए। जब बॉडीगार्ड आया तो आलिया घर के लिए निकलीं, लेकिन जैसे ही बॉडीगार्ड ने बात की तो आलिया समझ गईं कि वो नशे में है। डर से आलिया ने रास्ते भर कुछ नहीं कहा, लेकिन घर पहुंचते ही मां सोनी को शिकायत की। गुस्से में सोनी ने उस गार्ड को तुरंत नौकरी से निकाल दिया
2013 में आलिया भट्ट कॉफी विद करण के चौथे सीजन में वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ पहुंची थीं। यहां रैपिड फायर राउंड के दौरान करण जौहर ने पूछा था भारत के प्रेसिडेंट कौन हैं। आलिया ने चिल्लाते हुए जवाब में पृथ्वीराज चौहान का नाम लिया। जबकि उस समय प्रेसिडेंट प्रणब मुखर्जी थे। साथ बैठे सिद्धार्थ शॉक्ड रह गए, वहीं करण का हंसी से बुरा हाल था। सही जवाब पता चलने के बाद भी आलिया ने अजीब तर्क देते हुए कहा था, दोनों के नाम ‘P’ से शुरू होते हैं।
आलिया के IQ का देशभर में खूब मजाक बना और उन पर मीम बनने लगे। जर्नलिस्ट मालविका सांघवी ने एक आर्टिकल में आलिया को डम्ब ब्लॉण्ड स्टीरियोटाइप कहा।
2015 में आलिया ने ट्रोलिंग पर ए.आई.बी. के यूट्यूब चैनल के लिए आलिया भट्टः जीनियस ऑफ द ईयर वीडियो बनाई। ये एक सटायर वीडियो था, जिसमें आलिया ने खुद अपना मजाक बनाया था।
2014 में आलिया हाईवे फिल्म में नजर आईं। बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। ग्लैमरस आलिया का नॉन ग्लैमरस रोल देखकर हर कोई हैरान था। आगे 2 स्टेट्स, हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया, कपूर एंड सन्स, उड़ता पंजाब, डियर जिंदगी, बद्रीनाथ की दुल्हनिया, राजी जैसी बेहतरीन फिल्में कर आलिया ने खुद को टॉप एक्ट्रेसेस के बीच स्टैबलिश किया। उनके स्क्रिप्ट सिलेक्शन की भी खूब सराहना हुई।
2016 में आलिया उड़ता पंजाब फिल्म में नजर आईं। इस फिल्म में उन्होंने गांव की बिहारी लड़की और हॉकी प्लेयर का रोल प्ले किया था। वॉग को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि किरदार में जाने के लिए उन्होंने असल जिंदगी में मोबाइल छोड़ दिया था और बिहारी सीखी थी। पंकज त्रिपाठी ने उनकी मदद की थी।
राजी फिल्म में आलिया ने सहमत खान नाम की अंडरकवर एजेंट का रोल निभाया। डियर जिंदगी के बाद ये उनके करियर की दूसरी फीमेल सेंट्रिक फिल्म थी। फिल्म के लिए आलिया ने कोडिंग और हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली। फिल्म के लिए आलिया को बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।
अगली बार आलिया का दमदार अभिनय गंगूबाई काठियावाड़ी में देखने को मिला। लोगों ने शुरुआत में फिल्म की कास्टिंग पर खूब सवाल खड़े किए, हालांकि जब फिल्म रिलीज हुई तो क्रिटिक्स ने आलिया के अभिनय की खूब तारीफ की। कोरोनाकाल में रिलीज हुई इस फिल्म ने 209 करोड़ का कलेक्शन किया था। 2022 की डार्लिंग्स आलिया के करियर की चौथी फीमेल सेंट्रिक फिल्म साबित हुई। ये चारो ही फिल्में सुपरहिट रही हैं।
साल 2021 में जब आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी रिलीज हुई तो इसकी चर्चा पाकिस्तान में भी थी। पाकिस्तानी एक्टर मुनीब बट्ट ने पत्नी के साथ फिल्म देखने के लिए पाकिस्तान का पूरा थिएटर ही बुक करवा लिया था। वहीं एक फैन ने पनीर के टुकड़े पर गंगूबाई का पोट्रेट बना दिया था।
रणबीर कपूर से शादी करना आलिया की जिंदगी के सबसे बोल्ड फैसलों में से एक था। अब ये संयोग था या आलिया के इरादों के पक्के होने का सबूत कि सालों पहले आलिया ने रणबीर को अपना क्रश और स्वयंवर का कैंडिडेट बताया था। कपूर खानदान की बहुएं शादी के बाद फिल्मों से दूर हो गईं, ये जानते हुए भी आलिया ने कदम पीछे नहीं खींचे, वो भी करियर के पीक पर।हालांकि अब कपूर खानदान के नियम बहुओं के लिए बदल चुके हैं, क्योंकि आलिया के पास अब भी रॉकी और रानी की प्रेम कहानी, ब्रह्मास्त्र 2 और हार्ट ऑफ स्टोन जैसी बड़ी फिल्में हैं। दोनों ने 14 अप्रैल 2022 को शादी की थी। इनकी लव स्टोरी ब्रह्मास्त्र के सेट से शुरू हुई, लेकिन पहली मुलाकात तब हुई जब आलिया 9 साल की थीं।
आलिया भट्ट और रणबीर की पहली मुलाकात ब्लैक फिल्म के सेट पर हुई थी। 9 साल की आलिया ऑडिशन देने पहुंची थीं, जबकि रणबीर फिल्म में संजय लीला भंसाली के असिस्टेंट डायरेक्टर थे। दोनों ने एक दूसरे को देखा तो जरूर, लेकिन बात नहीं हुई। आलिया को रणबीर इतने पसंद आए कि वो उन्हें क्रश मानने लगीं। इस बात का खुलासा खुद आलिया ने कॉफी विद करण में किया था।शो में जब करण ने उनसे पूछा कि स्वयंवर में किस एक्टर को कैंडिडेट बनाएंगी तो पहला नाम उन्होंने रणबीर का ही लिया। वहीं जब पूछा गया कि किस एक्टर के साथ हॉट सीन देने में एतराज नहीं है तब भी आलिया ने रणबीर का नाम लिया।
दोनों की दोस्ती तो नहीं हुई, लेकिन फिल्म प्रमोशन और इवेंट्स में दोनों की अक्सर मुलाकात होती रही। रणबीर, आलिया की फिल्म शानदार के प्रीमियर में भी पहुंचे थे। दोनों को पहली बार फिल्म ऐ दिल है मुश्किल में साथ काम करने का मौका मिला। रणबीर फिल्म के लीड हीरो थे जबकि आलिया ने ब्रेकअप सॉन्ग में कैमियो किया था।
ब्रह्मास्त्र की शूटिंग के दौरान दोनों की दोस्ती हुई। साथ काम करते हुए दोनों की दोस्ती पहले गहरी हुई, फिर एक फ्लाइट जर्नी के दौरान दोनों की लव स्टोरी शुरू हुई। दोनों पहली बार सोनम कपूर की शादी में बतौर कपल शामिल हुए और इनके रूमर्ड रिलेशनशिप को कंफर्मेशन मिल गई। आलिया ने हमेशा रिलेशनशिप पर चुप्पी साधे रखी, लेकिन रणबीर ने एक इंटरव्यू में डेटिंग पर मुहर लगा दी। फिर आलिया ने भी कलंक के प्रमोशनल इंटरव्यू में वरुण को गलती से रणबीर कहकर बुलाया, जिससे रिश्ता चर्चा में आ गया।
2018 में जब ऋषि कपूर इलाज के लिए न्यूयॉर्क गए तो कई बार आलिया भी रणबीर के साथ उनसे मिलने पहुंचीं। 2019 के न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर नीतू कपूर ने फोटो शेयर की थी जिसमें रणबीर, आलिया, ऋषि कपूर, नीतू और रिद्धिमा एक साथ नजर आ रहीं थीं।
2019 में फिल्मफेयर अवॉर्ड में दोनों ने इस बात को कबूला कि दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं। जब आलिया को राजी फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला तो उन्होंने स्टेज से ही रणबीर को आई लव यू कहा था।सितंबर 2019 में आलिया-रणबीर सीक्रेट वैकेशन के लिए साउथ अफ्रीका गए थे। दोनों की इस वेकेशन की तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं। इसी वेकेशन में रणबीर ने आलिया को प्रपोज किया था।
14 अप्रैल 2022 को दोनों ने प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। शादी के दो महीने बाद 27 जून 2022 को आलिया ने प्रेग्नेंसी अनाउंस की और नवंबर में बेटी राहा को जन्म दिया।
आलिया भट्ट ने 2022 की फिल्म डार्लिंग्स से प्रोडक्शन में कदम रखा। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, जिसे खूब पसंद किया गया। आलिया के प्रोडक्शन का नाम इटरनल्स सनशाइन प्रोडक्शन है।
हर फिल्म के लिए 15-20 करोड़ रुपए फीस चार्ज करने वाली आलिया भट्ट बिजनेस से भी मोटी कमाई करती हैं। 2013 में एक्ट्रेस ने लोगों को स्टाइल करने के लिए स्टाइल क्रेकर नाम के स्टार्टअप की शुरुआत की थी। इसके अलावा 2020 में आलिया ने अपनी नई कंपनी शुरू की जिसका नाम एड-ए- मम्मा (Ad-E-Mamma) है
ये एक किड्स फैशन ब्रांड है जिसमें 4-12 साल के बच्चों के लिए जरूरी सामान मिलते हैं। 2022 में आलिया ने प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए भी कलेक्शन लॉन्च किया। एक रिपोर्ट के अनुसार आलिया के ब्रांड ने 2021 में 150 करोड़ का बिजनेस किया था। आलिया भट्ट की नेटवर्थ 189 करोड़ रुपए है। मुंबई के अलावा आलिया का लंदन में भी घर है।