चोरों का खौफ बढ़ा, बन्दूक की नोक पर घर में में घुसकर चोरी कर रहे

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में गुरुवार देर रात बदमाश ने एक फौजी के घर में घुसकर लूटपाट की। विरोध पर पत्नी को गोली मार दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे आस-पास के लोगों ने उनको कमांड अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामला संदिग्ध बताकर दबाए रही। शुक्रवार रात मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने पर देर रात एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।
निलमथा सेक्टर ए निवासी मोनू कुमार सेना में जवान हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब ढाई बजे पत्नी अंशू घर में अकेली थीं। इसी दौरान छत के रास्ते एक बदमाश घर में घुस आया। उसने तमंचा लगाकर पत्नी का मंगलसूत्र, चेन और अंगूठी उतारवा ली। उसके बाद अंशु को धक्का देकर भागने लगा। पत्नी के पीछे से पकड़ने की कोशिश की, तो उसने गोली मार दी। गोली उसकी पसली में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गई।
थाना पुलिस ने इस घटना की सूचना देर से अफसरों को दी। शुक्रवार रात को अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां आस-पास के लोगों से पूछताछ की और CCTV फुटेज खंगाले।
पुलिस छानबीन में सामने आया कि जेवर लूटने के बाद बदमाश मैन गेट से गया है। उसने घर की कोई अलमारी नहीं खोली और लूटपाट की। उसने सिर्फ पीड़िता अंशु के ही जेवर लिए। अंशु ने पूछताछ में बताया कि डर के कारण उसने मैन गेट खोल दिया और बदमाश के धमकाने पर कमरे में जाकर लेट गई।
वहीं, पत्नी ने यह भी बयान दिए कि बदमाश के जाते वक्त पीछे से पकड़ने की कोशिश करने पर गोली मार दी। जो बाई पसली ( बगल) के पास लगी। देर रात पहुंची पुलिस ने आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जिसमें रात 2:45 बजे छत पर खाली प्लाट की तरफ से चढ़ते हुए एक बदमाश की धुंधली फोटो दिखी।
घटना को अंजाम देने वाले बदमाश को घर की पूरी जानकारी थी। वह छत के रास्ते घर में घुसकर सीधे अंशु के बेडरूम में पहुंचा और उसके जेवर उतरवा लिए। उसे पता था घर में कोई नहीं होगा। वहीं अंशु भी लुटेरे के हुलिए के विषय में भी कुछ जानकारी नहीं दे पा रही है। उसका कहना है कि वह इतनी डर गई कि कुछ समझ में ही नहीं आया।
दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि लुटेरे ने घर में और कोई लूटपाट नहीं की इसके चलते मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।