भाजपा की अगुआई वाले ‘NDA’ और कांग्रेस के ‘I.N.D.I.A’ के बीच लड़ाई का मैदान सज गया

लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा के साथ ही भाजपा की अगुआई वाले ‘NDA’ और कांग्रेस के ‘I.N.D.I.A’ के बीच लड़ाई का मैदान सज गया है। चुनावी ऐलान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल लगभग पूरा देश घूम चुके हैं। देश के 543 लोकसभा सीटों में PM मोदी 501 और राहुल 358 सीटें कवर कर चुके हैं।
पिछले दो महीने के दौरान पीएम मोदी 17 राज्यों में गए हैं। वे 5-5 बार उत्तर प्रदेश-तमिलनाडु, 4 बार केरल, 3-3 बार बंगाल और गुजरात, 2-2 बार बिहार, असम, ओडिशा हरियाणा और राजस्थान, एक बार आंध्र प्रदेश, अरुणाचल, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर गए। इस दौरान उन्होंने 501 सीटें कवर कीं।
दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ 63 दिन में 6,700 किलोमीटर का सफर किया। उन्होंने 14 जनवरी को मणिपुर से न्याय यात्रा शुरू की थी। इसके बाद वे नगालैंड, असम, अरुणाचल, मेघालय, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, यूपी, एमपी, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र गए। इन राज्यों में लोकसभा की 358 सीटें हैं।
देश में 5 राज्यों की 228 सीटें ऐसी हैं, जहां NDA और I.N.D.I.A आमने-सामने हैं। ये उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, तमिलनाडु और महाराष्ट्र हैं। इनमें दो राज्यों में 1 और बाकी में 4 से 7 चरणों में चुनाव होगा। यानी नेताओं को जोर आजमाइश का पूरा मौका मिलेगा।
बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल वैसे तो I.N.D.I.A में है, लेकिन राज्य में अकेले चुनाव लड़ रही है। उसके सामने भाजपा और कांग्रेस-वामदल हैं। यूपी में पहली बार सपा-कांग्रेस लोकसभा चुनाव में साथ हैं। बिहार में पिछले लोकसभा-विधानसभा चुनाव में NDA के साथ रही जदयू राजद के साथ सरकार चलाने के बाद फिर NDA में जुड़ गई है।
चुनाव आयोग ने शनिवार (16 मार्च) को लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। सात फेज में 543 सीटों के लिए चुनाव होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। वोटिंग से लेकर नतीजे तक इसमें 46 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।