फिल्म दंगल में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट नजर आईं सुहानी भटनागर का महज 19 साल की उम्र में निधन हो गया

आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म दंगल में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट नजर आईं सुहानी भटनागर का महज 19 साल की उम्र में निधन हो गया है। सुहानी को डर्मेटोमायोसिटिस नाम की एक रेयर बीमारी थी, जिसके इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। दरअसल, उन्हें दवाओं का रिएक्शन हुआ था, जिससे उनके शरीर में पानी भर गया था। AIIMS में चल रहे इलाज के बीच आई कॉम्प्लिकेशन से उनका निधन हो गया।
ये कोई पहली बार नहीं है, जब किसी हस्ती ने बीमारी या इलाज के दौरान या बेवक्त दुनिया को अलविदा कहा है। साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस आरती की भी लाइपोसक्शन के दौरान कम उम्र में जान चली गई, वहीं कन्नड़ एक्ट्रेस के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। अपनी फिटनेस के लिए अलग पहचान रखने वाले सिद्धार्थ शुक्ला की भी हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई।
चिरंजीवी के साथ फिल्म इंद्रा में नजर आईं एक्ट्रेस आरती का न्यू जर्सी में महज 31 साल की उम्र में निधन हो गया था। दरअसल, आरती अग्रवाल साउथ में बेहद पॉपुलर थीं, लेकिन वजन बढ़ने के चलते उन्हें फिल्मों में काम मिलना बंद होने लगा था। मोटापे से छुटकारा पाने के लिए आरती न्यू जर्सी में लिपोसक्शन करवाने गई थीं। 6 जून 2015 को आरती का लिपोसक्शन होना था, लेकिन सर्जरी के बीच उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। सर्जरी के दौरान ही उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। उनकी मौत के एक दिन पहले 5 जून को उनकी फिल्म रानम-2 रिलीज हुई थी।
70-80 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस स्मिता पाटिल का 13 दिसंबर 1986 को महज 31 साल की उम्र में निधन हो गया था। मौत से महज 15 दिन पहले स्मिता ने पहले बेटे प्रतीक बब्बर को जन्म दिया था, लेकिन डिलीवरी के बाद से ही स्मिता पाटिल की तबीयत बिगड़ती जा रही थी। 12 दिसंबर को उन्हें तेज बुखार आया और खून की उल्टियां होने लगीं। कुछ घंटों बाद उनकी तबीयत में सुधार आया जरूर, लेकिन अगले दिन 13 दिसंबर 1986 को अचानक उनकी मौत हो गई। मौत के समय वो कोमा में थीं। डॉक्टर्स ने उनकी मौत का कारण डिलीवरी कॉम्प्लिकेशन्स बताया था। मौत के बाद स्मिता की 10 फिल्में रिलीज हुई थीं।
कन्नड़ की पॉपुलर एक्ट्रेस चेतना का महज 22 साल की उम्र में निधन हो गया था। दरअसल साल 2022 में चेतना राज ने बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में प्लास्टिक सर्जरी करवाई थी। सर्जरी के दौरान आई कॉम्प्लिकेशन के चलते उनके लंग्स में फ्लूइड भरने लगा था। डॉक्टर्स की लापरवाही से सर्जरी के दौरान ही 17 मई 2022 को चेतना का निधन हो गया।
अपने जमाने की पॉपुलर एक्ट्रेस नरगिस की पैंक्रियाटिक कैंसर से मौत हो गई थी। एक्ट्रेस होने के साथ-साथ नरगिस राजनेता भी थीं। 2 अगस्त 1980 को राज्य सभा सेशन के दौरान वो बेहोश हो गई थीं। शुरुआती इलाज में डॉक्टर्स ने कहा कि उन्हें पीलिया है। इलाज के दौरान पता चला कि उन्हें पैंक्रियाटिक कैंसर है। न्यूयॉर्क में हुए कैंसर के इलाज के बाद नरगिस को भारत लाया गया था। हालांकि दोबारा तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया था।
इलाज के दौरान 2 मई को नरगिस कोमा में चली गई थीं, जिसके अगले दिन 3 मई 1981 को उन्होंने दम तोड़ दिया। आग से डर लगने के चलते नरगिस की आखिरी ख्वाहिश थी कि उन्हें जलाया नहीं दफनाया जाए। नरगिस की मौत के चौथे दिन उनके बेटे संजय दत्त की पहली फिल्म रॉकी का प्रीमियर हुआ था। 7 मई 1981 को हुए प्रीमियर में नरगिस के लिए एक सीट खाली छोड़ी गई थी।
नरगिस की बेटी नम्रता ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि नरगिस कैंसर से जंग जीत चुकी थीं, लेकिन यूरिनरी ट्रेक इन्फेक्शन से उनकी मौत हो गई।
बॉलीवुड के सबसे मंझे हुए एक्टर कहे जाने वाले इरफान खान का 29 अप्रैल 2020 को कैंसर के इलाज के दौरान निधन हो गया था। साल 2018 में इरफान को कैंसर डायग्नोस हुआ था, जिसका इलाज UK में एक साल तक चला था। भारत लौटने के बाद उन्होंने इंग्लिश मीडियम फिल्म में काम किया था। 28 अप्रैल 2020 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां कोलोन इन्फेक्शन के लिए उन्हें ट्रीटमेंट दिया गया था। हालांकि अगले दिन 29 अप्रैल 2020 को उन्होंने दम तोड़ दिया। इरफान के निधन से महज 4 दिन पहले उनकी मां सईदा बेगम का निधन हुआ था
साल 2018 में ऋषि कपूर को ल्यूकेमिया डायग्नोस हुआ था। वो इसका इलाज न्यूयॉर्क में करवा रहे थे। एक साल के इलाज के बाद 26 सितंबर 2019 को ऋषि कपूर भारत लौट आए थे। 29 अप्रैल 2020 को उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के चलते एच.एन. फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था, जहां अगले दिन 30 अप्रैल 2020 को सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर उनका निधन हो गया था।
अपने जमाने के मशहूर एक्टर फिरोज खान का लंग कैंसर से 27 अप्रैल 2009 को निधन हो गया था। उनका इलाज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन उनकी आखिरी ख्वाहिश के अनुसार उन्हें बैंगलोर के फार्महाउस ले जाया गया था, जहां उनका निधन हुआ।
मोरा पिया मोसे बोलत नाही…, गाने के सिंगर और मशहूर म्यूजिक कंपोजर आदेश श्रीवास्तव ने अपने 51वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले 5 सितंबर 2015 को दम तोड़ दिया था। 31 अगस्त 2015 को उन्हें तीसरी बार कैंसर डायग्नोस हुआ था। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोलिकाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लगातार तबीयत बिगड़ने के बाद वो करीब 1 महीने तक कोमा में रहे थे। कोमा में रहते हुए ही 5 सितंबर को उनका निधन हो गया था।
अनुरोध और चक्रव्यूह जैसी फिल्मों में नजर आईं एक्ट्रेस और डिंपल कपाड़िया की बहन सिंपल कपाड़िया को साल 2006 में कैंसर डायग्नोस हुआ था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के अंधेरी इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां 10 नवंबर 2009 को उनका निधन हो गया।
जूनियर महमूद के नाम से मशहूर एक्टर नईम सय्येद की महज 67 साल की उम्र में स्टमक कैंसर से मौत हो गई थी। करीब 250 फिल्मों में नजर आए एक्टर ने 7 भाषाओं की फिल्मों में काम किया था।
अपने जमाने की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस कही जाने वालीं मधुबाला का महज 35 साल की उम्र में निधन हो गया था। मधुबाला अपने करियर के पीक पर थीं, जब 1969 को उनकी तबीयत खराब रहने लगी थीं। इसी साल उन्हें पीलिया हो गया। जब उनके खून की जांच करवाई गई तो पता चला उन्हें हीमेटूरिया (पेशाब में खून आना) है। उनका इलाज चल ही रहा था कि 22 फरवरी 1969 को देर रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा। कई घंटों की जद्दोजहद के बाद 23 फरवरी 1969 को सुबह 9ः30 बजे मधुबाला ने दम तोड़ दिया।
मशहूर सिंगर के.के. को 31 मई 2022 को अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उनका निधन हो गया था। दरअसल, के.के. कोलकाता के एक कॉन्सर्ट में परफॉर्म करने गए थे। कॉन्सर्ट के बाद होटल आते हुए उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। होटल पहुंचते ही वो बेहोश हो गए थे। उनकी टीम उन्हें तुरंत कलकत्ता रिसर्च इंस्टीट्यूट ले गई, जहां डॉक्टर्स उन्हें बचा नहीं सके। रात 10 बजकर 30 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। अटॉप्सी रिपोर्ट में बताया गया था कि उनके हार्ट में 80% ब्लॉकेज थी।
बालिका वधु शो फेम एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का 2 सितंबर 2022 को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। एक्टर मौत से पहले बेहद फिट थे और एक दिन पहले ही वर्कआउट कर घर आए थे। देर रात उन्हें बेचैनी महसूस हुई जिसके बाद उन्होंने मां से पानी मांगा। अगले दिन वो उठे ही नहीं। सिद्धार्थ ने टीवी इंडस्ट्री में पॉपुलैरिटी हासिल करने के बाद हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया था। मौत के चंद महीनों पहले ही उन्होंने बिग बॉस 13 में जीत हासिल की थी। ये बिग बॉस हिस्ट्री का सबसे पसंदीदा सीजन था।
वॉन्टेड, तुमको ना भूल पाएंगे, कहीं प्यार ना हो जाए जैसी दर्जनों फिल्मों का हिस्सा रहे इंदर कुमार का महज 44 साल की उम्र में निधन हो गया था। मौत के बाद उनकी पत्नी ने बताया था कि इंदर कुमार सोने से पहले ठीक थे, लेकिन अगले दिन सुबह वो उठे ही नहीं।
हम साथ-साथ हैं, हम आपके हैं कौन और मैंने प्यार किया जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में नजर आईं रीमा लागू ने महज 65 साल की उम्र में हार्ट अटैक से दम तोड़ दिया था। 18 मई 2017 को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद देर रात 3 बजकर 15 मिनट पर उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका। रीमा बॉलीवुड फिल्मों में मां का रोल प्ले करने वाली पसंदीदा एक्ट्रेसेस में से एक हैं।
राजू श्रीवास्तव को दिल्ली के जिम में हार्ट अटैक आया था। हार्ट अटैक आने के समय वो ट्रेडमिल पर थे। दिल्ली के AIIMS में हुई एंजियोप्लास्टी के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। इलाज के दौरान उनके ब्रेन में स्वेलिंग आ गई थी। करीब 42 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद 21 सितंबर 2022 को उनका निधन हो गया था।
भाभी जी घर पर हैं फेम एक्टर दीपेश भान का 23 जुलाई 2022 को निधन हो गया। दीपेश अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे, तभी उन्हें अचानक हार्ट अटैक आ गया। मौत के समय दीपेश महज 41 साल के थे।
80 के दशक के सबसे हैंडसम एक्टर कहे जाने वाले विनोद मेहरा का महज 45 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्हें मुंबई में हार्ट अटैक आया था। विनोद मेहरा के इकलौते बेटे का जन्म उनकी मौत के 6 महीने बाद हुआ था। मौत से पहले विनोद बतौर प्रोड्यूसर और डायरेक्टर अपनी पहली फिल्म गुरुदेव बना रहे थे, जो अधूरी रह गई थी।