कैथल विशेष अदालत का सख्त कदम : गवाही से बार-बार गैरहाज़िर रहने पर SHO को सलाखों में बंद किया

हरियाणा :(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 गुरुवार को कैथल की विशेष अदालत में हुई सुनवाई के दौरान एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहित अग्रवाल ने गवाही के लिए बार-बार अनुपस्थित रहने पर जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार को एक घंटे के लिए कोर्ट परिसर के बक्शीखाना (सलाखों) में बंद करने का आदेश दिया।

जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर राजेश कुमार वर्तमान में सिरसा के बड़ाबूढ़ा थाने में SHO पद पर तैनात हैं। यह मामला वर्ष 2021 में सीवन थाना क्षेत्र में हुई हत्या से जुड़ा हुआ है, जिसमें उनकी गवाही अहम मानी जा रही थी। बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद कोर्ट में हाज़िर न होने पर अदालत ने यह सख्त कार्रवाई की।

घटना के बाद पुलिस विभाग में इस कदम को लेकर नाराज़गी भी देखने को मिली। कई पुलिसकर्मियों ने इसे कठोर और अपमानजनक बताया। विवाद इस बात पर भी गहराया कि पहले बिना लिखित आदेश इंस्पेक्टर को बक्शीखाना भेजा गया और बाद में कोर्ट का लिखित आदेश जारी हुआ। फिलहाल यह मामला न्यायपालिका और पुलिस महकमे के बीच प्रक्रियात्मक अनुशासन को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।