दुनिया में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश की हो रही बदनामी : अखिलेश

आगरा के फतेहपुर सीकरी में एक महिला पर्यटक रेलिंग से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला पर्यटक को स्मारक में आधे घंटे तक इलाज नहीं मिला। एंबुलेंस आने में भी करीब एक घंटा लग गया। आगरा के एसएन इमरजेंसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसके बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा,”उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार के जनहित के कामों को बर्बाद करके जनता को उसके रहमोकरम पर छोड़ दिया है। लोगों को समय से इलाज नहीं मिल पाने के कारण असामयिक मौतें हो रहीं हैं। एम्बुलेंस सेवा की बदहाली की वजह से एक विदेशी मेहमान की मौत तो दुनिया भर में बदनामी का कारण हो सकती है।”
अखिलेश ने कहा,”समाजवादी सरकार में प्रसूताओं को अस्पताल लाने ले जाने के लिए 102 और सड़क दुर्घटना में घायलों के तत्काल इलाज के लिए 108 डायल एम्बुलेंस की सुविधा दी गई थी। जिसे भाजपा सरकार ने पूरी तरह से चौपट कर दिया है। फतेहपुर सीकरी में फ्रांसीसी पर्यटक की मौत एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने से हो गई, जो बहुत ही दुःखद है। उसका पति चिल्लाता रहा-कॉल द एम्बुलेंस, पर एम्बुलेंस घंटे भर तक नहीं मिल सकी। इस घटना से उत्तर प्रदेश की छवि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तार-तार हो गई है।”
अखिलेश ने कहा,”बुंदेलखंड के जिला अस्पतालों में एम्बुलेंस सेवा वेंटिलेटर पर है। यह एम्बुलेंस सेवा एक तरह से शो-पीस बनकर रह गई है। कई जगहों पर इसका प्रयोग वीआईपी ड्यूटी में हो रहा है। इनसे अस्पताल का सामान ढोने का भी काम हो रहा है। 108 डायल नम्बर की गाड़ियां धूल खा रही है। सीतापुर में जिला महिला अस्पताल में मरीज को लेकर आई एम्बुलेंस खराब हो गई। धक्का लगाने पर भी स्टार्ट नहीं हुई।”
उन्होंने कहा,”राजधानी लखनऊ में एम्बुलेंस सेवा घोर अव्यवस्था की शिकार हो गई हैं। कहीं कोई सुधार नहीं। गुरुवार को मलिहाबाद के फिरोजपुर गांव के रहने वाले बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर दो घंटे बाद एम्बुलेंस मिली। बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस तरह की कई घटनाएं पहले भी अखबारी सुर्खियां बन चुकी हैं।”
अखिलेश ने कहा,”भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी की लोक कल्याणकारी योजनाओं को बदले की भावना से रोक करके या उन्हें निष्क्रिय बनाकर प्रदेश के विकास में रोड़ा अटकाया है। 108 एम्बुलेंस सेवा की लापरवाही जानलेवा साबित होती है। भाजपा सरकार स्वास्थ्य सेवाएं बिगाड़ करके जनता की सेहत से खिलवाड़ कर रही है। अब जनता भी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करके ही दम लेगी।”
फतेहपुर सीकरी घूमने आई फ्रांस की टूरिस्ट की मौत:दीवान-ए-खास के पास फोटो ले रही थी, रेलिंग टूटने से नीचे गिरी; देर से पहुंची एंबुलेंस
आगरा के फतेहपुर सीकरी में एक महिला पर्यटक रेलिंग से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला पर्यटक को स्मारक में आधे घंटे तक इलाज नहीं मिला। एंबुलेंस आने में भी करीब एक घंटा लग गया। गंभीर हालत में महिला पर्यटक को आगरा के एसएन इमरजेंसी रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान पर्यटक की मौत हो गई। घटना दोपहर दो बजे की है