पद्मश्री के लाइन में है सोनू निगम , इंडस्ट्री से जुड़े इन लोगों को भी मिलेगा सम्मान

भारत सरकार की ओर 73वें गणतंत्र दिवस से पहले पद्म पुरस्कारों की लिस्ट जारी कर दी गई है। इस लिस्ट में बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर सोनू निगम का नाम भी शामिल है। सोनू निगम को इस साल पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा जाएगा। लिस्ट में सोनू निगम समेत 128 लोगों के नाम शामिल हैं। बता दें कि सोनू के अलावा बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े डायरेक्टर चंद्रप्रकाश द्विवेदी और जाने माने कलाकार विक्रम बनर्जी का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। लिस्ट के सामने आते ही फैंस सोशल मीडिया पर विजेताओं को बधाई देने में जुटे हुए हैं।
बात करें सोनू निगम की तो वो इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर हैं। अपने करियर में उन्होंने ऐसे गाने गाए हैं जो आज भी लोगों की जुबान पर चढ़े रहते हैं। सोनू निगम की गिनती उन सिंगर्स में होती हैं जिनके लगभग हर गाने हिट रहे हैं। शाहरुख खान, अक्षय कुमार, सलमान खान और ऋतिक रोशन जैसे तमाम कलाकारों को सोनू निगम ने अपनी आवाज दी है। सोनू निगम की खास बात ये है कि उन्होंने हिंदी के अलावा भी कई भाषाओं में गाने गाए हैं। इस लिस्ट में कन्नड़, तेलुगु, भोजपुरी, गुजराती और बंगाली भाषा शामिल हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि सोनू निगम ने अपने करियर में 5 हजार से भी ज्यादा गाने गाए हैं।
सोनू निगम के अलावा चंद्रप्रकाश और विक्रम को भी इस साल सम्मान दिया जा रहा है। बता दें कि पैसेज टू इंडिया में काम कर चुके कलाकार विक्रम बनर्जी को इस साल पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। चंद्रप्रकाश द्विवेदी की बात करें तो उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। चंद्रप्रकाश द्विवेदी इंडस्ट्री के जाने माने डायरेक्टर हैं। अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म पृथ्वीराज को चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने ही डायरेक्ट किया है। इस फिल्म से मानुषी छिल्लर अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाली हैं।