सोनभद्र:मोबाइल पर बैन: बीएसए दफ्तर में अब नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल फोन

सोनभद्र:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 सीतापुर बेल्ट प्रकरण के बाद शिक्षा विभाग में लगातार सख्ती देखने को मिल रही है। इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने कार्यालय में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

29 सितम्बर 2025 को जारी आदेश में कहा गया है कि अब जिला परियोजना कार्यालय, सर्व शिक्षा अभियान एवं बीएसए कार्यालय में आने वाले शिक्षक, कर्मचारी या अन्य आगंतुक मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति के मोबाइल साथ लाता है तो उस पर कार्यवाही की जाएगी।

बीएसए मुकुल आनन्द पाण्डेय ने आदेश में स्पष्ट किया है कि कार्यालय में अनुशासन और गोपनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। कई बार मोबाइल फोन के कारण कामकाज प्रभावित होता है और संवेदनशील दस्तावेजों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो जाते हैं। इसी को देखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है।

इस आदेश की प्रति जिलाधिकारी सोनभद्र, मुख्य विकास अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी तथा सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को भी भेजी गई है।

क्यों लिया गया यह कदम?

सीतापुर बेल्ट प्रकरण के बाद से ही शिक्षा विभाग चौकन्ना हो गया है। विभागीय कार्यों में लापरवाही, अनधिकृत रिकॉर्डिंग और दस्तावेजों के लीक होने की घटनाओं ने अधिकारियों को सख्ती बरतने पर मजबूर कर दिया।

असर

अब बीएसए कार्यालय में आने वाले शिक्षक और कर्मचारी अपने मोबाइल फोन बाहर जमा कर ही प्रवेश कर सकेंगे। यह कदम पारदर्शिता और अनुशासन के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।