BJP 2024 की जीत का रोडमैप तैयार करने में जुटी सोशल टीम , 3 लाख वॉट्सऐप ग्रुप बनाए जाएंगे

2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में बीजेपी जोर-शोर से जुटी है। इस बार मिशन 80 सीटों का है तो मेहनत भी ज्यादा हो रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष लखनऊ दौरे पर आए हैं। शनिवार को पहले दिन उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। दरअसल, भूपेंद्र चौधरी की नई टीम के गठन के बाद बीएल संतोष लखनऊ आए तो सबका परिचय जाना और उन्हें 2024 के लिए नए टास्क भी दिए। हालांकि ये अलग बात है कि इस टीम में ज्यादातर पुराने चेहरे ही हैं, जिनसे बीएल संतोष पिछले दौरे पर भी मिल चुके हैं।
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद सबसे महत्वपूर्ण सोशल मीडिया टीम के साथ बीएल संतोष ने मीटिंग की। इस बैठक में सोशल मीडिया टीम के प्रदेश संयोजक, सह संयोजक, क्षेत्र के संयोजक और प्रदेश महामंत्री शामिल हुए। बीएल संतोष ने साफ तौर पर सोशल मीडिया टीम के कामकाज को लेकर नाराजगी जताई।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव को जीतने के लिए सबसे बड़ा हथियार सोशल मीडिया है। लेकिन, जो टास्क पिछली मीटिंग में उन्होंने दिया था, उसके पूरा ना होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। टीम को बताया कि कैसे सोशल मीडिया के वर्चुअल वर्ल्ड के सहारे एक्चुअल वर्ल्ड में जीत हासिल करनी है। इसके टिप्स भी दिए। इस बैठक में तकरीबन 40 लोग मौजूद रहे।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया।
बीएल संतोष खुद इंजनियरिंग के स्टूडेंट रहे हैं। उन्होंने BE किया है। इसलिए टेक्नोलॉजी और साइंस को बेहतर समझते हैं। उन्हें पता है कि सोशल मीडिया आज के वक्त में कितना ताकतवर है। इसीलिए उनका फोकस है कि बीजेपी की सोशल मीडिया टीम प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलो में ग्रास रूट तक पहुंचे। इसीलिए उन्होंने सोशल मीडिया की बैठक में इसे नीचे तक पहुंचाने को कहा है।

बीएल संतोष ने ये भी कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसके जरिए बीजेपी से जोड़ा जाए। कंटेंट ऐसा होना चाहिए जो लोगों को तुरंत समझ में आ सके। उस पर लाइक्स और रीट्वीट बढ़ाया जाए। इतना ही नहीं उन्होंने साफ तौर पर ये भी निर्देश दिए कि विपक्ष को भी ट्रैक किया जाए और उनको काउंटर भी किया जाए। लेकिन, इसमें इस बात का भी खास ख्याल रखा जाए कि काउंटर तर्कपूर्ण और आंकड़ों पर आधारित हों।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं और विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। यूपी में बीजेपी के लगभग डेढ़ से दो लाख वॉट्सऐप ग्रुप पिछले चुनाव में थे। यानी हर एक विधानसभा में लगभग 500 से ज्यादा वॉट्सऐप ग्रुप सक्रिय रहे। इसके जरिए बीजेपी अपनी उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचा रही थी।

अब बूथ सशक्तिकरण अभियान के दौरान इसे फिर से बनाया जा रहा है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले इन वॉट्सऐप ग्रुप की संख्या बढ़ाकर लगभग ढाई से 3 लाख की जा सकती है। यानी हर एक लोकसभा सीट पर लगभग 3000 वॉट्सऐप ग्रुप बनाए जा सकते हैं।इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बीजेपी वर्चुअल वर्ल्ड के सहारे कैसे एक्चुअल वर्ल्ड में अपनी जीत को लेकर तैयारी कर रही है। इतना ही नहीं, अभी यूपी बीजेपी के फेसबुक पेज पर लगभग 56 लाख फॉलोवर हैं, जिसे बढ़ाकर लगभग एक करोड़ करने की तैयारी है।
यूपी बीजेपी के ट्विटर एकाउंट पर अभी 44 लाख फॉलोवर हैं जिसे आगे और बढ़ाया जाना है, हालांकि इसे कितना करना है ये लक्ष्य जल्द ही सोशल मीडिया टीम को दिया जाएगा। यानी बीजेपी ने 2024 के लिए सोशल मीडिया के सहारे ना सिर्फ विपक्ष को घेरने बल्कि अपनी उपलब्धियों को भी लोगों तक पहुंचाने की पूरी तैयारी कर ली है।
पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि समाज के सबसे निचले तबके में कैसे पार्टी की प्रभावी भूमिका हो सकती है, इस पर भी मंथन किया जाए। पदाधिकारियों से कहा कि जो दूधवाले, फेरीवाले, सब्जीवाले हैं उनके बीच मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियों को पहुंचाएं। इसकी शुरुआत पदाधिकारी अपने घर से करें। बीएल संतोष रविवार को भी पार्टी कार्यालय पर बैठक करेंगे। दोपहर बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। शनिवार को उन्होंने प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री आवास पर शनिवार को बीजेपी की कोर कमिटी की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ-साथ बीजेपी के यूपी के प्रदेश महामंत्री शैलेंद्र, धर्मपाल सिंह भी शामिल हुए।

तकरीबन 2 घंटे तक चली बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। साथ ही आगामी जो कार्यक्रम होने हैं जो अभियान चलाए जाने है, उस पर भी इस बैठक में चर्चा हुई। माना जा रहा है कि जल्द जो चुनावी रैलियां होनी है, उसकी भी तारीखें तय होंगी। उसे लेकर भी बैठक में बातचीत हुई है।

राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने ‘लोकसभा प्रवास योजना बैठक’ को संबोधित किया।एक तरफ जहां बीएल संतोष ने सोशल मीडिया टीम के कामकाज पर नाराजगी जताई। वहीं उत्तर प्रदेश में बीजेपी के महा जनसंपर्क अभियानकी जमकर तारीफ की। कहा कि उत्तर प्रदेश इस पूरे अभियान में देश में नंबर वन आया है।

इतना बड़ा प्रदेश होने के बावजूद खासतौर से जनसंख्या के लिहाज से जिस तरह से यहां इस अभियान को चलाया गया और जनसभाओं में जितनी भीड़ उमड़ी, वह पूरे देश में सबसे ज्यादा रही। उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, यूपी बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और महा संपर्क अभियान के संयोजक रहे प्रदेश महामंत्री संजय राय की सराहना भी की।