तो इस वजह से एक्टिव हुए अमित शाह

कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ने के साथ ही चुनावी राजनीति फिर से जोर पकड़ने लगी है। बंगाल के चुनाव नतीजों ने जहां भाजपा को मंथन करने के लिए मजबूर किया, वहीं विपक्ष में नई उम्मीदें जगी हैं। अगला बड़ा मोर्चा अगले साल होने वाला उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव है, लेकिन पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में भी सियासत गरमा रही है।

मौजूदा राजनीतिक परिस्थतियों में भाजपा दोहरे मोर्चे पर काम कर रही है। इसमें एक तरफ खुद को मजबूत करना शामिल है तो दूसरी तरफ विरोधियों को कमजोर करना है। साथ ही गठबंधन को एक बार फिर से मजबूत करने की भी कोशिशें शुरू हो गई हैं। भाजपा की सबसे बड़ी चिंता उत्तर प्रदेश को लेकर हो रही है। यही वजह है कि गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर सक्रिय हैं और उन्होंने उत्तर प्रदेश की चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। सहयोगी दलों को साधा जा रहा है। जल्दी ही राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार कर आगे की रणनीति पर काम किया जाएगा। दरअसल, कोरोना की दूसरी लहर भाजपा के लिए काफी नुकसानदेह साबित हुई है। इससे देशभर में लोगों की दिक्कतें बढ़ी तो उनका गुस्सा भी सरकार के खिलाफ बढ़ा है। ऐसी स्थिति को काबू करने में समय लगेगा, लेकिन इसके पहले जो चुनाव होंगे उनमें भाजपा को नुकसान हो सकता है। यही वजह है कि भाजपा ने समय रहते खुद को और गठबंधन को मजबूत करने पर काम शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ वह विपक्ष को भी कोई मौका नहीं देना चाहती है।