एटा में आसमानी आफ़त: खेत में गिरी बिजली से दो दर्जनों से अधिक बकरियों की दर्दनाक मौत

एटा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अगस्त 2025 जिले के थाना अलीगंज क्षेत्र के हत्सारी गांव में रविवार को अचानक हुई आसमानी आफ़त ने बड़ा कहर ढा दिया। खेतों में चर रही बकरियों पर आकाशीय बिजली गिरने से देखते ही देखते 23 बकरियां मौके पर ही मौत का शिकार हो गईं। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में दहशत और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार हत्सारी गांव के पशुपालक पुष्पेंद्र पुत्र सियाराम, गिरीश चंद्र पुत्र सियाराम, बीरसहाय पुत्र अग्नलाल और अतर सिंह पुत्र दयाराम अपनी बकरियां खेतों में चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग अपनी बकरियों के साथ पास के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी जोरदार गर्जना के साथ गिरी आसमानी बिजली ने बकरियों को मौत के घाट उतार दिया।

मौके का मंजर दिल दहलाने वाला था। एक साथ दो दर्जन से अधिक बकरियों की मौत से गांव में हाहाकार मच गया। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी की आंखों में यह खौफनाक नजारा देखकर आंसू छलक पड़े।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ऐसा भयावह मंजर पहले कभी नहीं देखा। पशुपालकों का कहना है कि यह हादसा उनके लिए बहुत बड़ा नुकसान है, क्योंकि यही बकरियां उनकी आजीविका का साधन थीं।

घटना की जानकारी पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित पशुपालकों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पीड़ित पशुपालकों की मांग है कि नुकसान का सही आंकलन करते हुए सरकार उनकी आर्थिक मदद करे ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

यह हादसा न केवल एक परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए गहरा सदमा बनकर आया है।