सीतापुर : जिलाधिकारी अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क निर्माण कार्य की परियोजनाओं के अनुश्रवण हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी।

जिलाधिकारी अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क निर्माण कार्य की परियोजनाओं के अनुश्रवण हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नयी सड़कों के निर्माण कार्यों, सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्यों, पुलों के निर्माण कार्यों, सड़कों के अनुरक्षण कार्यों सहित अन्य कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि अनारम्भ कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुये शीघ्र प्रारम्भ कराया जाये तथा निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाये। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों का प्राथमिकता के आधार अनुरक्षण कराया जाये तथा रेनकटों को पेट्रोलिंग कराकर ठीक कराया जाये। निर्माणाधीन पुलों के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये।

उन्होंने कहा कि जिन पुलों में एप्रोच रोड अभी तक नही बनी है, उनमें तत्काल एप्रोच रोड बनवायी जाये। मोहर्रम एवं कावड़ यात्रा से संबंधित मार्गों को तत्काल ठीक कराये जाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोल शिफ्टिंग संबंधी लम्बित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाये। विद्युत वितरण खण्ड मिश्रिख द्वारा पोल शिफ्टिंग के कार्यों में विलम्ब किये जाने तथा मार्च में धनराशि अन्तरित होने के बावजूद अभी तक कार्य पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिये कि तत्काल कार्यों को पूर्ण कराते हुये आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने बहुगुणा चौराहे पर लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कराते हुये कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। अधिशासी अभियन्ता विद्युत महमूदाबाद एवं अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण अभियन्त्रण को संयुक्त सर्वे कर पोल शिफ्टिंग कार्यों को पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने निर्माण खण्ड, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता को निर्देशित किया कि नई सड़कों के निर्माण कार्यों में प्रगति सुधार करें तथा निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करायें। 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग तथा रामगढ़ चीनी मिल मार्ग के कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। सड़क सुरक्षा मानकों को प्रभावी रूप से लागू करते हुये सभी चिन्हित ब्लैक स्पाट पर प्रभावी सुरक्षात्मक उपाय सुनिचित करने के निर्देश दिये। नगरीय निकायों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों को बरसात से पूर्व पूर्ण कराये जाने हेतु भी निर्देशित किया। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के सभी खण्डों के अधिशासी अभियन्ता, एन0एच0ए0आई0 लखनऊ खण्ड, सीतापुर खण्ड, बरेली खण्ड एवं लखीमपुर खीरी खण्ड के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।