नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2025 दिल्ली सरकार ने जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब राजधानी में Single Window System लागू किया जाएगा। इस प्रणाली के तहत दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, डीडीए, एमसीडी, एनडीएमसी और दिल्ली कैंट—सभी एक ही डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध होंगे।
आज हुई कैबिनेट बैठक में इस व्यवस्था को मज़बूती देने के लिए ‘दिल्ली मित्र’ एप लॉन्च करने का निर्णय लिया गया। इस एप के माध्यम से अब दिल्लीवासी केवल मोबाइल नंबर और ओटीपी से रजिस्ट्रेशन कर अपनी शिकायत सीधे दर्ज कर सकेंगे। शिकायत की हर स्टेज का अपडेट उन्हें मैसेज के ज़रिए मिलता रहेगा। साथ ही, नागरिक व्हाट्सऐप के ज़रिए भी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
★पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
नई व्यवस्था में हर विभाग में नोडल ऑफिसर तैनात किए जाएंगे ताकि शिकायतों का निस्तारण तेज़ी और जिम्मेदारी के साथ हो सके। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों के जन शिकायत समाधान अधिकारी हर बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई करेंगे।
★तकनीक और जनसुनवाई का संगम
दिल्ली सरकार का कहना है कि यह पहल सिर्फ एक टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन नहीं है, बल्कि यह जनसुनवाई की संस्कृति को नए युग में ले जाने का संकल्प है। सरकार का दावा है कि अब हर नागरिक की आवाज़ सुनी जाएगी और समाधान की गारंटी सुनिश्चित होगी।
★जनता और सरकार के बीच डिजिटल सेतु
‘दिल्ली मित्र’ एप को सरकार ने जनता और शासन के बीच विश्वास का डिजिटल पुल बताया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से नागरिकों को न केवल शिकायत दर्ज कराने में आसानी होगी, बल्कि समाधान की प्रक्रिया भी पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। यह कदम राजधानी में ई-गवर्नेंस और डिजिटल सहभागिता की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
