नयनतारा के साथ नाइट क्लब में डांस करते दिखे शाहरुख, छैयां-छैयां का हुक स्टेप भी किया

शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म जवान का गाना नॉट रमैया वस्तावैया रिलीज हो गया है। शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर भी ये गाना शेयर किया है। इस गाने में शाहरुख ने ब्लैक आउटफिट और सनग्लासेस के साथ अपना सिग्नेचर पोज भी करके दिखाया है। गाने में शाहरुख फिल्म दिल से के गाने छैयां-छैयां और थलापति विजय का हुक स्टेप भी किया है।
इस पार्टी सॉन्ग में शाहरुख नाइटक्लब में लड़कियों से घिरे हुए दिखाई दे रहे हैं और अपने रोमांटिक अंदाज में डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। शाहरुख ने नयनतारा के साथ भी गाने पर डांस किया है।
गाने के टाइटल- नॉट रमैया वस्तावैया में 1955 में रिलीज हुई फिल्म श्री 420 के गाने रमैया वस्तावैया का रेफरेंस है। हालांकि, इस बार ये गाना पार्टी सॉन्ग है।
वीडियो शेयर करते हुए शाहरुख खान ने लिखा- ये छैया छैया नहीं है, ये है नॉट रमैया वस्तावैया। ये जवान का ता-ता थैया है। उन्होंने गाने के सिंगर्स को टैग करते हुए लिखा कि इस गाने के पीछे कई कहानियां भी हैं लेकिन वो मैंने 31 अगस्त के लिए बचा कर रखी हैं। अभी के लिए आप सब मेरे साथ इस गाने पर डांस करें।इस गाने को वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफ किया है और इसमें शाहरुख साउथ के थलापति विजय का हुक स्टेप करते नजर आ रहे हैं। अनिरुद्ध रविचंद्र ने इसे कंपोज किया है। गाने को विशाल ददलानी, शिल्पा राव के साथ अनिरुद्ध ने भी अपनी आवाज दी है। इससे पहले शिल्पा राव, विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी ने फिल्म पठान के गाने बेशरम रंग को भी अपनी आवाज दी थी। गाने को विशाल-शेखर ने कंपोज किया था।
इस गाने में शाहरुख अपनी बाहें फैलाए अपना सिग्नेचर स्टेप करते हुए भी दिख रहे हैं। इस गाने के लिरिक्स में उनके पिछले गानों का जिक्र भी है। इस गाने के लिरिक्स हैं- पहले करूं छैया छैया रे, अब करूं ताता थैया! इस गाने में 1998 की फिल्म दिल से का गाना छैया छैया का भी जिक्र है।
फिल्म में शाहरुख खान नयनतारा के साथ लीड रोल में नजर आएंगे। वहीं, विजय सेतुपति विलेन के रोल में दिखेंगे। फिल्म में प्रियमणि, सान्या मल्होत्रा के साथ दीपिका पादुकोण भी दिखेंगी।