शाहजहाँपुर पुलिस का प्रोजेक्ट उम्मीद , तनाव प्रबंधन की अनोखी पहल

शाहजहाँपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 सितंबर 2025 पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को लेकर शाहजहाँपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में प्रोजेक्ट उम्मीद (समग्र मानसिक स्वास्थ्य) के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और महिला आरक्षियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। मुख्य वक्ता मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. हरीश रस्तोगी (एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज, मेरठ) ने तनाव, अवसाद, आत्महत्या की प्रवृत्ति, नशे की लत और कार्यस्थल की चुनौतियों से निपटने के प्रभावी उपाय बताए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल पुलिस बल को मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने प्रोजेक्ट उम्मीद को पुलिस बल के लिए नई ऊर्जा का स्रोत बताते हुए इसकी उपयोगिता पर बल दिया।

इस मौके पर एएसपी ग्रामीण, एएसपी नगर, सीओ लाइन समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से पुलिसकर्मियों में तनाव घटेगा और स्वस्थ कार्य वातावरण का निर्माण होगा। प्रोजेक्ट उम्मीद को शाहजहाँपुर पुलिस की एक अभिनव पहल माना जा रहा है, जो बल को और अधिक संवेदनशील, मजबूत और दक्ष बनाने की दिशा में अहम कदम है।