मुस्लिम होने की वजह से नहीं हुई शबाना आजमी की शादी संजीव कुमार से

संजीव कुमार के 84वें बर्थडे यानी 9 जुलाई को उनकी बायोग्राफी रिलीज हुई। इसमें उनकी जिंदगी के कई अनछुए पहलुओं का खुलासा किया गया है। बायोग्राफी को रीता राममूर्ति गुप्ता और संजीव के भतीजे उदय जरीवाला ने मिलकर लिखा है। संजीव कुमार को प्यार में अनलकी कहा जाता है। उनकी जिंदगी में कई लड़कियां आईं लेकिन शादी तक आते-आते बात बिगड़ गई। हेमा मालिनी के साथ उनके प्यार का किस्सा मशहूर है। वह सायरा बानो, नूतन और शबाना आजमी को भी काफी पसंद करते थे पर शादी नहीं हो सकी।
संजीव कुमार की बायोग्राफी हाल ही में लॉन्च हुई है। इसमें लिखे उनकी पर्सनल लाइफ के किस्से सुर्खियों में हैं। किताब में शबाना आजमी संग उनके रिलेशन का भी जिक्र है। इसमें बताया गया है कि अगर संजीव कुमार की मां बीच में न आई होतीं तो वह शबाना आजमी से शादी कर लेते। बायोग्राफी में संजीव कुमार के 1979 के इंटरव्यू को लिया गया है। यह उन्होंने स्टारडस्ट मैगजीन को दिया था।
संजीव ने कहा था, मैं शबाना को फिल्म लाइन की किसी भी लड़की से सबसे ज्यादा समय से जानता था। मैं पहले उनकी मां शौकत के साथ भी स्टेज पर काम कर चुका था। मैं शबाना को तबसे जानता था जब वह फिल्मों में भी नहीं थीं। उस वक्त वह मेरे लिए उनका प्यार भले अल्हड़पन वाला रहा हो लेकिन हमारी शादी हो जाती अगर मेरी मां मना करने पर अड़ न गई होतीं। मेरी मां वैसे सब कुछ बर्दाश्त कर सकती थीं लेकिन मुस्लिम बहू न लाने की जिद पर अड़ी थीं। अगर मैं शबाना से शादी करता तो मुझे घर छोड़ना पड़ता और मैं ऐसा कर नहीं सकता था।