स्वतंत्र और निष्पक्ष निकाय चुनाव के लिए भेजें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की दो अतिरिक्त कंपनियां : सुप्रीम कोर्ट

त्रिपुरा के नगर निकायों की 200 से अधिक सीटों के लिए गुरुवार को मतदान हो रहा है। त्रिपुरा राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने राज्य के सभी आठ जिलों में अगरतला नगर निगम सहित 20 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव की घोषणा की थी। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, नगर निकाय चुनावों के लिए राज्य भर में 770 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदाता 785 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। त्रिपुरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है।
-सुप्रीम कोर्ट ने गृह मंत्रालय को त्रिपुरा में स्वतंत्र और निष्पक्ष निकाय चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की दो अतिरिक्त कंपनियां मुहैया कराने का निर्देश दिया। SC ने केंद्र और त्रिपुरा सरकार से मतपत्रों की सुरक्षा और मतगणना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

-222 सीटों के मतदान पर टिकीं हैं 785 उम्मीदवारों की निगाहें। अगरतला के वार्ड संख्या 20 के एक मतदान केंद्र पर मतदान जारी है।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस महीने की शुरुआत में अगरतला नगर निगम और 19 शहरी स्थानीय निकायों की कुल 334 सीटों में से 112 पर निर्विरोध जीत हासिल की है। शेष 222 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान होना है। वोटों की गिनती 28 नवंबर को होगी।