सलीम खान से सलमान पूछ बैठे थे – पापा, मैं आगे चलकर क्रिकेटर बनूं या सिंगर।

आज सलमान खान 58 साल के हो गए हैं। वो पिछले 35 साल से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं, लेकिन यह साल उनके लिए कुछ खास अच्छा नहीं रहा। इस साल उनकी दो फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन दोनों ही कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। इस साल सलमान की फिल्मों पर 425 करोड़ रुपए का दांव लगा था और बदले में फिल्मों ने 648.44 करोड़ का कलेक्शन किया।
सलमान के अगर पिछले 10 साल के करियर पर नजर डाले, तो उनकी झोली में 4 सेमी हिट, 4 एवरेज, 3 ब्लाॅकबस्टर, 1 ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर और 2 फ्लॉप फिल्में रही हैं। फिलहाल, सलमान की नेटवर्थ 2912 करोड़ रुपए है। सबसे ज्यादा फीस चार्ज करने वाले एक्टर की लिस्ट में सलमान का नाम तीसरे नंबर पर है।
कटरीना कैफ, सोनाक्षी सिन्हा, जैकलीन फर्नांडीज, डेजी शाह और जरीन खान जैसी कलाकार को इंडस्ट्री में ब्रेक देने का क्रेडिट सलमान खान को दिया जाता है। यही कारण हैं कि उन्हें बॉलीवुड का भाईजान कहा जाता है। हालांकि यह मुकाम हासिल करने के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की। एक्टर ना बनने की चाह रखने वाले सलमान डायरेक्टर बनना चाहते थे।
करियर के टाॅप पर वे विवादों में भी रहे। ये दौर सलमान और उनके परिवार के लिए मुश्किल भरा रहा। शादी को लेकर भी वे अक्सर सवालों के कटघरे में रहते हैं
सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘द बुल’ करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनेगी। इस फिल्म को डायरेक्टर विष्णु वर्धन डायेरक्ट करेंगे। यह दूसरा मौका है, जब सलमान और करण एक साथ काम करेंगे। इससे पहले सलमान को उनकी फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ में कैमियो में देखा गया था।
फिल्म में सलमान पैरामिलिट्री ऑफिसर के रोल में दिखाई देंगे। इसके लिए उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। फिल्म में उनका खास लुक है, जिसके लिए उन्हें वजन कम करना होगा। इस पर भी उन्होंने काम करना शुरू कर दिया है।
फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग नवंबर के लास्ट से शुरू हुई जो कि आधे दिसंबर तक चली। इसके बाद सलमान ने कुछ समय के लिए ब्रेक लिया है। इसके बाद वे 10 जनवरी से 30-45 दिन की शूटिंग के लिए वापस लौटेंगे।
वहीं सलमान आने वाले दिनों में सिद्धार्थ आनंद की फिल्म टाइगर VS पठान में देखे जाएंगे, जिसमें वे शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
वहीं, आने वाले प्रोजेक्ट्स में किक 2 और दबंग 4 का नाम भी शामिल है। डायरेक्टर सूरज बड़जात्या की एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म में भी सलमान को देखा जाएगा।
असली नाम अब्दुल राशिद सलीम सलमान खान है
आज से ठीक 57 साल पहले 27 दिसंबर को हिंदी सिनेमा के जाने-जाने राइटर सलीम खान के घर एक बेटे का जन्म हुआ। उस बेटे का नाम रखा गया अब्दुल राशिद सलीम सलमान खान, जिन्हें आज दुनिया सलमान खान के नाम से जानती है।
इंदौर में जन्मे सलमान ने शुरुआती पढ़ाई ग्वालियर से की थी। फिर जब उनका परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया, तब उन्होंने आगे की पढ़ाई मुंबई के बांद्रा के सेंट स्टेनिस्लॉस हाई स्कूल से की।
सलमान ने खुद कपिल शर्मा शो में इस बात का खुलासा किया था कि वे बचपन में बहुत शरारत करते थे। जब उन्हें भूख लगती थी और घर पर खाने को कुछ नहीं रहता था तो वे पास के बगीचे से फल तोड़ कर खा लेते थे।
कभी-कभी उनका यह फल तोड़ना महंगा पड़ जाता था। जब कभी बगीचे का माली उन्हें फल तोड़ता हुआ देख लेता, तो उनकी खूब पिटाई करता था। इसके बावजूद सलमान ने यह बदमाशी करनी नहीं छोड़ी।
सलमान खान ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में पापा सलीम खान के शुरुआती दौर के बारे में बात की थी, जब घर में तंगी जैसे हालात थे। उन्होंने कहा- उस वक्त पापा की कमाई अच्छी नहीं थी। एक दिन हम भाई-बहनों को ब्रश करके नाश्ते के लिए अंकल गोडिन्हो के घर जाना था। मुझे पता था कि घर में पैसों की कमी थी, इसके बावजूद मैंने शरारत में सात सौ रुपयों के नोटों को जला दिया था। यह वाकई बेवकूफी भरा काम था। इस हरकत से पापा बहुत नाराज हुए थे। उन्होंने सबक सिखाने के लिए मुझे बहुत मारा था और धूप में खड़ा कर दिया था।
एक फ्रेम में पिता सलीम खान, मां सलमा खान और सौतेली मां हेलेन के साथ सलमान। सलमान ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वे पिता का बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन मां के ज्यादा करीब हैं।
एक फ्रेम में पिता सलीम खान, मां सलमा खान और सौतेली मां हेलेन के साथ सलमान। सलमान ने फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वे पिता का बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन मां के ज्यादा करीब हैं।
नाक में गाने की वजह से पिता ने म्यूजिक क्लास बंद कराई
सलमान ने कभी भी एक्टर बनने का ख्वाब नहीं देखा था। शुरुआत में उनका रुझान संगीत में था। वहीं, सलीम खान चाहते थे कि वे क्रिकेटर बने। सलमान की ख्वाहिश पूरी करने के लिए घरवालों ने घर पर एक म्यूजिक टीचर लगा दिया था। वो म्यूजिक टीचर नाक में बोलता था, गाता भी उसी तरह से था। उसे देख सलमान भी उसी तरह से गाते थे। बहुत दिनों से सलीम खान इन चीजों पर गौर कर रहे थे।
कुछ समय बीत जाने के बाद एक दिन अचानक सलीम खान से सलमान पूछ बैठे- पापा, मैं आगे चलकर क्रिकेटर बनूं या सिंगर।
इसके जवाब में उन्होंने कहा- बेटा, क्रिकेटर बनो।
सलमान ने पूछा- क्या आपने मेरी बैटिंग देखी है।
इस पर सलीम खान ने हंसते हुए कहा- नहीं बेटा, पर मैंने तुम्हें गाते हुए देखा है।
इसके बाद पिता की बात मान कर सलमान ने पूरा ध्यान क्रिकेट पर लगा दिया, मगर कुछ समय बाद वे क्रिकेट से भी परेशान होने लगे। दरअसल, प्रैक्टिस के लिए उन्हें सुबह उठना पड़ता था और उन्हें सुबह उठना बिल्कुल भी पसंद नहीं था।
एक दिन वे प्रैक्टिस कर रहे थे, तभी सलीम खान स्टेडियम पहुंच गए। पिता को देखते ही सलमान खराब खेलने लगे। उन्हें पता था कि जब वे खराब खेलेंगे, तभी पिता सलीम उन्हें इससे भी पीछे हट जाने को कह देंगे। उनकी खराब परफॉर्मेंस देख सलीम खान ने गुस्से में क्रिकेट खेलने से मना कर दिया।
बेहद कम लोगों को यह बात पता है कि सलमान बहुत अच्छे तैराक हैं, मगर शुरुआत में वे पानी में जाने से डरते थे। उनका यह डर खत्म करने के लिए एक दिन मां सुशीला चरक (सलमा खान) ने पास के कुंए में रस्सी के सहारे उन्हें धकेल दिया था। इस घटना के बाद उनका पानी में जाने का डर खत्म हो गया।
इसी तैराकी की कला ने सलमान को उनका पहला ऐड दिला दिया था। हुआ कुछ यूं था कि एक दिन वे मुंबई के सी रॉक क्लब में स्विमिंग कर रहे थे। तभी उनकी नजर एक खूबसूरत लड़की पर पड़ी। उस लड़की को इम्प्रेस करने के लिए वे अंडर वाटर स्टंट करने लगे। लड़की भी उनकी ये सारी हरकतें नोटिस कर रही थी पर वो बिना कुछ कहे वहां से चली गई।
एक दिन बाद सलमान के पास डायरेक्टर कैलाश सुरेंद्रनाथ का कॉल आया। उन्होंने सलमान को एक कोल्ड ड्रिंक के ऐड के लिए अप्रोच किया, जिसकी शूटिंग अंडर वाटर होनी थी। ये सुन सलमान को हैरानी हुई और वे कैलाश से पूछ बैठे कि किसने उन्हें इस टैलेंट के बारे में बताया। कैलाश ने उनसे कहा- जिस लड़की को तुम स्विमिंग के टाइम इम्प्रेस करने की कोशिश कर रहे थे, वो मेरी गर्लफ्रेंड आरती (वही बाद में कैलाश की पत्नी बनीं) है।
हर नौजवान के जैसे सलमान भी अपनी लाइफ में कुछ करना चाहते थे। पिता को देख उन्होंने भी राइटिंग की फील्ड में किस्मत आजमाने को सोचा, मगर वक्त के साथ उनका जुड़ाव राइटिंग से खत्म हो गया था। राइटिंग के लिए उन्हें लिखना-पढ़ना पड़ता था, इस कारण उन्होंने राइटर बनने के विचार को त्याग दिया।
फिर उन्होंने फैसला किया कि पिता कहानी लिखेंगे और वे फिल्में डायरेक्ट करेंगे। इसी सपने को पूरा करने के लिए वे डायरेक्शन में उतरे। उन्होंने 1998 की फिल्म फलक में शशिलाल नायर को असिस्ट किया था। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ लीड रोल में थे। कुछ समय बाद उन्होंने एक कहानी भी लिखी, लेकिन किसी प्रोड्यूसर ने उनकी फिल्म में पैसा नहीं लगाया। ये देख उन्होंने डायरेक्टर बनने का ख्वाब भी छोड़ दिया।
इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ से सलमान ने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। फिल्म में उन्होंने रेखा के देवर का रोल निभाया था। उन्हें यह फिल्म किसी ऑडिशन से नहीं बल्कि इत्तफाक से मिली थी।
कहानी सुन उन्होंने फिल्म में काम कर लिया था, लेकिन जब उन्होंने खुद की एक्टिंग देखी तो बहुत शार्मिंदा हुए। वे चाह रहे थे कि धरती पर मौजूद एक भी शख्स उनका काम ना देखे। सलमान के मुताबिक, उन्होंने अब तक का सबसे खराब काम इस फिल्म में किया है।
इसके बाद वे फिल्म मैंने प्यार किया में दिखे थे। फिल्म में उन्होंने पहली बार लीड रोल प्ले किया था। इस फिल्म में वे एक्टर नहीं बनना चाहते थे। ये बात उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर सूरज बड़जात्या को भी बता दी थी। हालांकि इसके बावजूद डायरेक्टर अपने फैसले पर टिक रहे।
इस फिल्म के हिट होने पर सक्सेस पार्टी रखी गई थी। पार्टी में राजकुमार भी गए थे, लेकिन नशे में धुत सलमान ने उन्हें पहचाना नहीं। इस बात से राजकुमार बहुत गुस्सा हो गए और उन्होंने सलमान से कहा- अपने पापा से पूछो कि मैं कौन हूं। बाद में सलमान को इस बात का बहुत पछतावा हुआ और उन्होंने राजकुमार से माफी मांगी।
करियर के शुरुआती दौर में सलमान बेहद पतले थे। वे इतने दुबले थे कि फिल्म मैंने प्यार किया के एक गाने की शूटिंग के वक्त उन्हें पैंट के अंदर लड़कियों की 6-7 लेगिंग्स पहननी पड़ी थी।
इस वक्त वजन बढ़ाना उनके लिए सबसे बड़ा टास्क था। 1991 की फिल्म साजन के वक्त वे वजन बढ़ाने के लिए एक दिन में 30-35 रोटियां खाते थे। इसके साथ ही वे ढेर सारा राजमा-चावल भी खाया करते थे।
इसके बाद सलमान को ‘हम आपके हैं कौन’, ‘करण-अर्जुन’, ‘बीवी नंबर 1’ जैसी बेहतरीन फिल्मों में देखा गया था। ‘हम आपके हैं कौन’ भारत में 100 करोड़ का बिजनेस करने वाली पहली फिल्म थी।
सलमान फिल्मों की साइनिंग से पहले नो-किसिंग पॉलिसी पर साइन जरूर करते हैं। उन्होंने अपनी पहली से लेकर अभी तक किसी भी फिल्म में किसिंग सीन नहीं दिया है। इस बारे में सलमान ने कहा था- फिल्में किसिंग सीन देने से हिट नहीं हो जाती हैं। फिल्म की कहानी और किरदारों की एक्टिंग उसे हिट या फ्लॉप बनाती है।28 सितंबर 2002 को सलमान को हिट एंड रन केस में गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप था कि रैश ड्राइविंग कर उन्होंने सड़क किनारे सो रहे एक शख्स को कुचल दिया था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
जब इस घटना के बरे में पिता सलीम खान से पूछा गया था तो उन्होंने SpotboyE को दिए इंटरव्यू में कहा था- ‘बच्चों के साथ पेरेंट्स को भी उनकी तकलीफों का सामना करना पड़ता है। जब सलमान को इस केस में 15 दिन की जेल हुई थी, तो मुझे AC चलाने में बुरा लगता था। खाना भी ढंग से नहीं खा पाता था। जब सलमा के साथ मैं उससे जेल में मिलने गया था तो हमारे वापसी के समय उसने सलमा से कहा था- मां अगली बार से पापा को यहां मत आने देना।
हमने हमेशा लाॅ का सम्मान किया है, मगर मीडिया ने हमेशा इस केस को हिट एंड रन केस का नाम दिया, लेकिन एक्सीडेंट के बाद सलमान की गाड़ी वहीं अटक गई थी, तो यह किस आधार पर हिट एंड रन केस हुआ।’
इसके बाद सलमान का नाम काले हिरण को मारने के मामले में आया था। 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान और उनके को-स्टार्स सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम कोठारी पर जोधपुर के कांकाणी गांव के जंगल में काले हिरण का शिकार करने का आरोप लगा था।
आरोप साबित होने पर 5 अप्रैल 2018 को सलमान को 5 साल की जेल हुई थी, लेकिन 2 दिनों बाद 7 अप्रैल को उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
2014 में एक आर्टिकल छपा था कि सलमान उस वक्त तक 14 सितारों के लिए गॉडफादर बन गए हैं। इसी कारण सलमान को बॉलीवुड का भाईजान कहना गलत नहीं होगा। जब सलमान ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी, तब उनके पास कोई गॉडफादर नहीं था, मगर आज वो इंडस्ट्री के टॉप सितारें में से एक हैं।
रवीना टंडन, प्रनूतन बहल, डेजी शाह, सई मांजरेकर, जरीन खान, अथिया शेट्टी, कटरीना कैफ और सोनाक्षी सिन्हा जैसे कलाकार को फिल्मी ब्रेक दिलाने का क्रेडिट सलमान को दिया जाता है। ऋतिक रोशन और अर्जुन कपूर ने अपनी डेब्यू फिल्म से पहले फिटनेस का टिप भी सलमान से ही लिया था।
उन्हें सल्लू भाई या सलमान भाई कहने का ट्रेंड कैसे शुरू हुआ। उन्होंने बताया था- सोहेल मुझे भाई कहता था, जिसे देख उसके दोस्त भी मुझे भाई कहने लगे थे। अब तो ऐसा हो गया है कि सीनियर्स भी मुझे भाई कहने लगे हैं।
ये सीन फिल्म दबंग का है। इसी फिल्म से सोनाक्षी ने डेब्यू किया था। 41 करोड़ में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 221.14 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस फिल्म ने एक नेशनल और 6 फिल्मफेयर अवॅार्ड अपने नाम किए थे।
शादी का खर्च अफोर्ड नहीं कर सकते, इसलिए सिंगल हैं
ऐश्वर्या राय, कटरीना कैफ, संगीता बिजलानी जैसी एक्ट्रेसेस के साथ सलमान की अफेयर की खबरें लाइमलाइट में रही हैं, मगर वे आज भी सिंगल हैं। आप की अदालत शो में सलमान से सवाल किया गया था कि वे कब शादी करेंगे। इस पर उनका कहना था- अभी तो मैं जवान हूं। सही वक्त आने पर मैं शादी जरूर करूंगा। वो मेरी पहली और आखिरी शादी होगी।
लोग शादी पर लाखों-करोड़ों रुपए खर्च करते हैं। मैं इतना अफोर्ड नहीं कर सकता हूं। इस कारण मैं सिंगल हूं।
सलमान खान ने Being Human की नींव सलमान खान फाउंडेशन के तहत 2012 में रखी थी। एक ब्रांड के रूप में Being Human ज्वेलरी और घड़ियों के साथ-साथ कपड़ों की कई रेंज पेश करता है। मौजूदा समय में Being Human की ब्रांड वैल्यू करीब 235 करोड़ रुपए है।
सलमान खान ने Being Human की नींव सलमान खान फाउंडेशन के तहत 2012 में रखी थी। एक ब्रांड के रूप में Being Human ज्वेलरी और घड़ियों के साथ-साथ कपड़ों की कई रेंज पेश करता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मौजूदा समय में Being Human की ब्रांड वैल्यू करीब 235 करोड़ रुपए है।
वे जिस गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं, उसकी कीमत करीब 150 करोड़ रुपए है। दूसरी तरफ 50 एकड़ में पनवेल स्थित उनके फार्महाउस की कीमत 80 करोड़ रुपए है। उनके पास ₹80 करोड़ के रेजिडेंशियल अपार्टमेंट में 30 करोड़ का ट्रिपलेक्स भी है। इसके अलावा सलमान के पास 100 एकड़ में बना गोराई फार्म हाउस भी है, जिसे उन्होंने अपने 51वें बर्थडे पर खरीदा था।
सलमान के पास ऑडी, BMW, जैगुआर, लैंबॉर्गिनी, रेंज रोवर और मर्सिडीज गाड़ियां हैं। ऑडी RS 7 की लॉन्च के दिन ही सलमान ने ये लग्जरी गाड़ी खरीदी थी। उनके पास सुजुकी, कावासाकी और यामाहा समेत कई सुपरबाइक्स भी हैं। उनकी सभी गाड़ियों की कीमत करीब 40 करोड़ रुपए है।