15 नवंबर तक शहर की प्रमुख बाजारों के रास्तों में रूट डायवर्जन किया गया

लखनऊ में दीपावली पर शुक्रवार से 15 नवंबर तक शहर की प्रमुख बाजारों के रास्तों में रूट डायवर्जन किया गया है। हालांकि प्रतिबंधित मार्ग पर भी एम्बुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन, शव वाहन को ले जाने की अनुमति रहेगी। यह डायवर्जन हजरतगंज, महानगर, चौक, भूतनाथ, गोमतीनगर और अमीनाबाद के लिए प्रमुख तौर पर जारी किया गया है।
चौक क्षेत्र में हैदरगंज/सआदतगंज की ओर से आने वाले ऑटो-टेम्पो नक्खास तिराहा से नादान महल रोड होकर यहियागंज, रकाबगंज, पुल होकर अमीनाबाद की ओर नहीं जाएंगे। यह वाहन नक्खास तिराहा से मेडिकल कॉलेज चौराहा, शाहमीना तिराहा होकर जा सकेंगे।
चारबाग से आने वाले वाहन अटल चौक से बाएं मेफेयर तिराहा, अल्का तिराहा की तरफ जा सकेंगे, परन्तु कोई भी वाहन अटल चौक से डीएम आवास के बीच नहीं रुकेगा । यह नो-स्टॉप जोन रहेगा।
लीला सिनेमा रोड से बैंक ऑफ इण्डिया तिराहे से बाएं अल्का तिराहा से बाएं हजरतगंज की तरफ नहीं जा सकेंगे। यह वाहन बैंक ऑफ इण्डिया तिराहा से दाहिने डनलप तिराहे से सहारा मॉल की तरफ से जा सकेंगे।
सप्रू मार्ग से डनलप तिराहा से बाएं बैंक ऑफ इण्डिया होते हुए हजरतगंज एवं दाहिने सहारा मॉल होते हुए शाहजनफ रोड होते हुए जा सकेंगे।
गोमतीनगर में यह रहेगी व्यवस्था
मनोज पांडेय चौराहे से बाएं पत्रकारपुरम की तरफ नहीं जा सकेंगे। यह वाहन दयाल पैराडाइज चौराहे से होकर जाएंगे।
हुसड़िया चौराहे से पत्रकारपुरम चौराहे की तरफ सामान्य यातायात बंद रहेगा। यह यातायात हुसड़िया चौराहे से सीधे दयाल पैराडाइज चौराहा होकर अपने गन्तव्य को जा सकेगा।
नीलकण्ठ मोड़ आर्यन रेस्टोरेंट तक कोई वाहन बाजार में नहीं जा सकेगा। इसी प्रकार आर्यन रेस्टोरेंट से नीलकण्ठ की तरफ कोई वाहन नहीं जा सकेगा।
महानगर की तरफ जाने वाले इधर से जाएंगे
पॉलीटेक्निक चौराहे से भूतनाथ मार्केट की तरफ जाने वाला सामान्य यातायात भूतनाथ तिराहे से दाहिने मुड़कर नहीं जा सकेगा। ये वाहन भूतनाथ तिराहे से सीधे लेखराज मार्केट चौराहा से दाहिने नीलगिरी चौराहे से दाहिने होकर अपने गन्तव्य को जा सकेंगे।
कलेवा चौराहे से गार्डेन बेकरी तिराहे से बाएं भूतनाथ मार्केट नहीं जा सकेंगे। ये वाहन गार्डेन बेकरी के सामने से नीलगिरी चौराहे से बाएं लेखराज मार्केट चौराहे से बाएं होकर जा सकेंगे।
अमीनाबाद बजार में वाहन प्रतिबंधित
सआदतगंज की ओर से थ्री व्हीलर, चार पहिया वाहन नक्खास तिराहा से नादान महल रोड होकर यहियागंज, रकाबगंज, पुल होकर अमीनाबाद नहीं जा सकेगा।
पॉलीटेक्निक चौराहे से भूतनाथ मार्केट की तरफ वाहन नहीं जाएंगे। इसी तरह कलेवा चौराहे से गार्डेन बेकरी तिराहे से बाएं वाहन भूतनाथ मार्केट नहीं जा सकेगा।
शहर की प्रमुख बाजारों में नहीं जा सकेंगे वाहन
शहर के पांच मुख्य बाजार अमीनाबाद, चौक, हजरतगंज, गोमतीनगर, महानगर में वाहन लेकर नहीं जा सकेंगे। इन बाजारों के एंट्री प्वाइंट पर थ्री व्हीलर, चार पहिया और भारी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। वहीं बाजारों में माल की लोडिंग, अनलोडिंग रात 11 बजे से सुबह पांच बजे के बीच ही की जा सकेगी।