रेबेका स्काफर को 19 साल के सिरफिरे फैन ने सिर्फ इसलिए उनकी हत्या कर दी, क्योंकि उन्होंने एक फिल्म में बोल्ड सीन दिया था,

जिस दिन रेबेका स्काफर की हत्या हुई, उस दिन वो गॉडफादर 3 का ऑडिशन देने वाली थीं। ये उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म हो सकती थी, लेकिन ऑडिशन से चंद घंटे पहले ही उनके घर में उनकी हत्या कर दी गई।
3 सालों तक पीछा करने और जासूसी करवाने के बाद रेबेका के 19 साल के सिरफिरे फैन ने सिर्फ इसलिए उनकी हत्या कर दी, क्योंकि उन्होंने एक फिल्म में बोल्ड सीन दिया था। मरते हुए रेबेका के आखिरी शब्द थे, आखिर क्यों? लेकिन वो इस सवाल का जवाब नहीं जान सकीं।
रेबेका की मौत से जितना हंगामा हुआ, उतना ही बड़ा बदलाव भी हुआ। हत्यारे के इकबाल-ए-जुर्म के बाद कैलिफोर्निया में एंटी स्टॉकिंग के लिए पीनल कोड की नई धारा बनाई गई।
रेबेका स्काफर एक मशहूर मॉडल और हॉलीवुड एक्ट्रेस थीं, जो 80 के दशक की हिट फिल्मों रेडियो डेज, आउट ऑफ टाइम में नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने पॉपुलर टीवी शो माय सिस्टर सेम में भी अहम भूमिका निभाई थी। सालों के संघर्ष के बाद उन्होंने 1989 की ब्लैक कॉमेडी फिल्म सीन्स फ्रॉम द क्लास स्ट्रगल ऑफ बेवर्ली स्टूडेंट से स्टारडम हासिल किया था।
1989 में रेबेका स्काफर अपने करियर की बुलंदियों पर थीं, दुनियाभर में उनके फैंस थे। उनके पास वॉयाज ऑफ टेरर और एंड ऑफ इनोसेंस जैसी फिल्में थीं, जिनकी शूटिंग चल रही थी। समय के साथ रेबेका के चाहनेवालों की तादाद इतनी बढ़ गई थी कि दुनियाभर से उनके फैंस उन्हें खत लिखा करते थे।
वहीं उसी साल उन्हें हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म गॉडफादर-3 में लीड रोल ऑफर हुआ था। दरअसल, जूलिया रॉबर्ट को इस फिल्म में साइन किया गया था, लेकिन उन्होंने फिल्म छोड़ दी थी। मडोना भी फिल्म में लीड रोल करना चाहती थीं, लेकिन डायरेक्टर फ्रांसिस फोर्ड कोपोला चाहते थे कि रेबेका ही ये रोल करें, ऐसे में उन्होंने मडोना को इनकार कर दिया।
रेबेका स्काफर का गॉडफादर 3 के लिए ऑडिशन18 जुलाई 1989 को होने वाला था। प्रोडक्शन की टीम ऑडिशन से पहले उन्हें स्क्रिप्ट पहुंचाने वाली थी। रेबेका स्क्रिप्ट का इंतजार ही कर रही थीं कि अचानक उनके अपार्टमेंट की डोरबेल बजी। उन्होंने जैसे ही दरवाजा खोला तो देखा एक फैन उनसे मिलने आया था। उस फैन का नाम रॉबर्ट जॉन बार्डो था।
आमतौर पर रेबेका के घर के आसपास कोई फैन नहीं आता था, क्योंकि वो हमेशा अपना पता राज रखती थीं, ऐसे में जब फैन घर तक पहुंच गया, तो उन्हें कुछ अटपटा लगा। जब रेबेका ने उस फैन से जाने को कहा तो उसने एक लेटर दिखाया। उस लेटर में रेबेका का ऑटोग्राफ था, जो रेबेका ने एक फैन लेटर को जवाब देते हुए भेजा था।
रेबेका ने थोड़ी देर तक बात करने के बाद उस फैन से जाने को कहा और ये भी कहा कि वो दोबारा उनके घर ना आए। वो फैन उनके समझाने पर घर से निकल गया। उसने घर के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में ब्रेकफास्ट किया और एक घंटे बाद दोबारा उनके घर पहुंच गया।दूसरी बार जैसे ही डोरबेल बजने पर रेबेका ने दरवाजा खोला तो दोबारा बार्डो को देखकर बेहद नाराज हुईं। उन्होंने नाराजगी के एक्सप्रेशन दिए तो सिरफिरे फैन ने जेब से गन निकाली और पॉइंट ब्लैंक रेंज से उनके चेस्ट पर शूट करना शुरू कर दिया। पहली गोली लगते ही रेबेका जमीन पर गिर पड़ीं और उन्होंने बार्डो को देखकर बस इतना ही पूछा- आखिर क्यों?
रेबेका को कारण पता चलता, उससे पहले ही पकड़े जाने के डर से रॉबर्ट भाग निकला। पड़ोसियों ने तुरंत जख्मी रेबेका को नजदीक के सेडार्स सिनाई मेडिकल सेंटर पहुंचाया, जहां उन्हें इमरजेंसी रूम में भर्ती किया गया। डॉक्टर्स ने रेबेका को बचाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन 30 मिनट बाद उन्हें डेड डिक्लेयर कर दिया गया।
रॉबर्ट जॉन बार्डो महज 19 साल का था, जो रेबेका की हत्या के अगले ही दिन पकड़ा गया था। गिरफ्तार होने के बाद रॉबर्ट ने जब रेबेका की हत्या की वजह बताई, तो उसके इकबाल-ए-जुर्म से हर कोई दंग रह गया। दरअसल, रॉबर्ट, रेबेका से पहले चाइल्ड आर्टिस्ट और पीस एक्टिविस्ट सामांथा स्मिथ के पीछे था, लेकिन 1985 में सामांथा की एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई। उसके बाद 16 साल के रॉबर्ट ने एक फिल्म में रेबेका को देखा और देखते ही पसंद करने लगा।
एक नजर में रॉबर्ट बार्डो को रेबेका इतनी पसंद आ गईं कि वो आए दिन उन्हें फैन लेटर भेजने लगा। रेबेका के लिए जुनूनी हो चुके रॉबर्ट का पागलपन तब बढ़ा, जब कई खत भेजने के बाद एक दिन रेबेका की तरफ से उसे जवाब मिला। बेस्ट विशेज के साथ रेबेका ने उनके फैन लेटर के जवाब में ऑटोग्राफ भी भेजा था। जो हत्या के दिन वो अपने साथ लाया था।
1987 में रॉबर्ट बार्डो, रेबेका से मिलने के लिए एरिजोना से लॉस एंजिलिस आ गया, जहां वो वॉर्नर ब्रदर्स के टीवी शो माय सिस्टर सैम की शूटिंग कर रही थीं। जैसे ही रॉबर्ट सेट पर पहुंचा, तो सेट पर मौजूद सिक्योरिटी ने उसे वहां से बाहर निकाल दिया।
रेबेका से मिलने से रोके जाने पर रॉबर्ट गुस्से में आग बबूला हो गया। कुछ महीनों बाद वो सेट पर चाकू लेकर पहुंच गया। लेकिन सिक्योरिटी ने उसे देखते ही तुरंत रोक दिया और सेट से भगा दिया। इस बार रॉबर्ट का दिल टूट गया और वो अपने शहर लौट गया। दिल टूटने के बाद उसका रेबेका की तरफ से ध्यान हट गया। इस दौरान वो पॉप सिंगर टिफ्पनी, डेबी गिबसन और मडोना को पसंद करने लगा।
रॉबर्ट बार्डो चंद हफ्तों में ही रेबेका को भूल गया, लेकिन फिर एक दिन उसने टीवी में रेबेका की फिल्म सीन्स फ्रॉम द क्लास स्ट्रगल इन बेवर्ली हिल्स देखी। 1989 की इस फिल्म में रेबेका ने को-स्टार के साथ बेड पर कुछ बोल्ड सीन दिए थे। ये देखते ही रॉबर्ड बार्डो के अंदर जलन पैदा हो गई। उसने ठान लिया कि वो रेबेका को सजा देगा। उसका मानना था कि वो जिस रेबेका को पसंद करता था, वो किसी दूसरे शख्स के साथ बोल्ड सीन कैसे दे सकती है।
कुछ दिनों बाद रॉबर्ट ने पुराने अखबार में पढ़ा कि साल 1982 में आर्थर रिचर्ड जैकसन नाम के एक शख्स ने एक्ट्रेस थेरेसा सालदाना की जासूसी की और फिर उस पर चाकू से हमला किया। रॉबर्ट उस मामले की केस स्टडी करने लगा। उसने देखा कि पिछले हमलावर ने एक्ट्रेस का पता लगाने के लिए एक प्राइवेट डिटेक्टिव हायर किया था।
उसके नक्शेकदम पर रॉबर्ट ने भी 250 डॉलर जमा किए, जो उस समय एक बड़ी रकम थी। उसने ये रकम देकर रेबेका का पता जानने के लिए एक प्राइवेट डिटेक्टिव हायर किया। उस डिटेक्टिव ने कैलिफोर्निया के डिपार्टमेंट ऑफ मोटर व्हीकल के रिकॉर्ड से रेबेका का पता निकाल लिया।
रेबेका के घर का पता हासिल करने के बाद रॉबर्ट बार्डो ने अपने भाई की मदद से एक रगर GP100.357 हैंडगन खरीदी। पूरी प्लानिंग के साथ बार्डो तीसरी बार रेबेका के लिए लॉस एंजिलिस आ गया। वो कई दिनों तक डिटेक्टिव द्वारा बताए गए पते के आस-पास टहलता रहा। वो कन्फर्म करना चाहता था कि वाकई रेबेका वहीं रहती हैं या नहीं। एड्रेस कन्फर्म होते ही रॉबर्ट बार्डो रेबेका के घर पहुंच गया, जहां उसने उनकी हत्या कर दी।
रेबेका की मौत का एक बड़ा कारण उनकी सिक्योरिटी में हुई ढिलाई थी। अगर नियम सख्त होते तो उनकी जान बच सकती थी। इस बात के मद्देनजर पर्सनल डेटा और इन्फॉर्मेशन लीक होने से रोकने के लिए सख्त नियम बनाए गए। 1994 में ड्राइवर्स प्राइवेसी प्रोटेक्शन एक्ट बनाया गया, जिसमें डिपार्टमेंट ऑफ मोटर व्हीकल पर, ड्राइवर्स के पते को पूरी तरह से गोपनीय रखना अनिवार्य कर दिया गया।
साल 2002 की फिल्म मूनलाइट माइल रेबेका और उनकी मौत की कहानी से प्रेरित थी। इस फिल्म को ब्रेड सिलबर्लिंग ने डायरेक्ट किया था, जो मौत से पहले रेबेका के बॉयफ्रेंड थे।
रेबेका की रूममेट और को-स्टार पैम डॉबर, जोएल ब्रूक्स, डेविड नोटन और जेनी ओहारा ने हैंडगन वायलेंस के खिलाफ आवाज उठाने के लिए पब्लिक सर्विस की शुरुआत की थी।
6 नवंबर 1967 को ओरेगन के यूजीन शहर में रेबेका स्काफर का जन्म हुआ था। उनकी मां दाना, विलिमेट यूनिवर्सिटी और पोर्टलैंड कम्यूनिटी कॉलेज में पढ़ाती थीं, जबकि उनके पिता डॉक्टर बेनसन स्काफर एक चाइल्ड साइकॉलोजिस्ट थे। रेबेका का ज्यादातर बचपन पोर्टलैंड में बीता, जहां उन्होंने लिंकन हाई स्कूल से पढ़ाई की। जूनियर हाई स्कूल के दिनों में ही रेबेका ने मॉडलिंग करना शुरू कर दी थी। बेहद सुंदर और फिट थीं, तो उन्हें लगातार बड़े प्रोजेक्ट मिलने लगे। वो पोर्टलैंड के डिपार्टमेंटल स्टोर के कैटलॉग और टीवी एड में काम करती थीं।
कई टेलीविजन फिल्म्स में उन्होंने बतौर एक्स्ट्रा भी काम किया है। साल 1984 में महज 16 साल की उम्र में स्कूल की छुट्टियों के दौरान रेबेका ने न्यूयॉर्क की एलीट मॉडल मैनेजमेंट कंपनी से टाय-अप किया। घरवालों ने रेबेका के इस फैसले का समर्थन किया और वो न्यूयॉर्क में रहकर मॉडलिंग करने लगीं।
न्यूयॉर्क में मॉडलिंग के साथ उन्होंने प्रोफेशनल चिल्ड्रन्स स्कूल में दाखिला लिया। रेबेका के हुनर की बदौलत उन्हें डे-टाइम सोप ओपेरा गाइडिंग लाइट में एक छोटी सी भूमिका दी गई थी। इसके बाद उन्हें 16 साल की ही उम्र में डेली सोप वन लाइफ टु लिव में काम मिला।
रेबेका मॉडलिंग में ही ज्यादा से ज्यादा ध्यान देना चाहती थीं, लेकिन 5’7 कद होने के बावजूद उन्हें कम कद का समझा जाता था। मॉडलिंग के लिए ज्यादा हाइट की जरूरत थी, तो उन्हें काम ढूंढने में बेहद परेशानी होती थी।
न्यूयॉर्क में काम मिलना बंद हुआ, तो रेबेका जापान जाकर काम ढूंढने लगीं, लेकिन वहां भी उनके वजन और हाइट के चलते बात नहीं बन सकी। जब मॉडलिंग प्रोजेक्ट मिलने पूरी तरह बंद हो गए, तो वो न्यूयॉर्क वापस लौट आईं और एक्टिंग का काम ढूंढने लगीं।
1986 में रेबेका को वुडी एलन की कॉमेडी फिल्म रेडियो डेज में एक कैरेक्टर रोल मिला था। उनका फिल्म में लंबा रोल था, लेकिन फिल्म रिलीज के समय उन्हें पता चला कि उनके ज्यादातर सीन काट दिए गए हैं।
जब एक्टिंग और मॉडलिंग का काम मिलना बंद हुआ तो रेबेका अपना खर्च चलाने के लिए वेट्रेस बनकर काम करने लगीं। इसी बीच उन्हें उस जमाने की मशहूर सेवेंटीन मैगजीन के कवर पेज में जगह मिल गई। कवर में नजर आकर रेबेका ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
रेबेका के लुक से इंप्रेस होकर टीवी प्रोड्यूसर ने उन्हें कॉमेडी टीवी शो माय सिस्टर सैम में कास्ट कर लिया। पेट्रिका उर्फ पेट्टी का रोल कर रेबेका ने टीवी इंडस्ट्री में अच्छी पहचान बना ली। शुरुआती महीनों में ये शो जबरदस्त हिट रहा, जिसे टॉप 25 शोज में जगह मिली थी, लेकिन दूसरे सीजन की रेटिंग गिरने लगी और शो को बीच में ही बंद कर दिया गया।