राजस्थान: विवादों में घिरे SDM छोटू लाल शर्मा निलंबित — CNG पंप विवाद के बाद सरकार की सख्त कार्रवाई

जयपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अक्टूबर 2025 राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक सेवा (RAS) के अधिकारी और प्रतापगढ़ के SDM छोटू लाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शासन सचिवालय, जयपुर रहेगा। आदेश पर संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरेन्द्र कुमार सिंह के हस्ताक्षर हैं।

यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई है जिसने सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी थी। बताया गया कि बीते दिनों भीलवाड़ा जिले के जसवन्तपुरा स्थित एक CNG पंप पर SDM छोटू लाल शर्मा और पंप कर्मचारियों के बीच जमकर हंगामा और हाथापाई हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, शर्मा अपने परिवार के साथ गाड़ी में CNG भरवाने पहुंचे थे। इस दौरान पहले गैस भरवाने को लेकर उनकी पंप कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो SDM ने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद कर्मचारी ने भी पलटकर SDM को थप्पड़ जड़ दिए।

मामला तब और गर्म हो गया जब SDM की पत्नी द्वारा बनाए गए वीडियो वायरल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंप कर्मचारियों ने उनसे “आंख मारने” और अभद्र टिप्पणी करने जैसी हरकतें कीं। इस आधार पर SDM ने FIR दर्ज कराई, लेकिन बाद में जारी एक अन्य वीडियो में उनकी पत्नी के बयान कुछ अलग ही दिखाई दिए — जिससे पूरा मामला संदेह के घेरे में आ गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद SDM द्वारा कर्मचारियों पर झूठे आरोप लगाकर प्रशासनिक रौब दिखाने की कोशिश की गई, जो अब उन पर ही भारी पड़ गई।

राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है। अब आगे विभागीय जांच के बाद ही यह तय होगा कि शर्मा के खिलाफ अगली कार्रवाई क्या होगी।

आदेश के मुख्य बिंदु:

निलंबन आदेश दिनांक 23 अक्टूबर 2025 को जारी हुआ।

निलंबन अवधि में मुख्यालय रहेगा — शासन सचिवालय, जयपुर।

आदेश पर संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरेन्द्र कुमार सिंह के हस्ताक्षर।

संबंधित प्रतियां सभी उच्चाधिकारियों व विभागों को भेजी गई हैं।

राजस्थान प्रशासनिक सेवा के इस ताज़ा विवाद ने एक बार फिर अधिकारी आचरण और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।