राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने इंदिरा गांधी स्मार्टफोन स्कीम का किया उद्धाटन

राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने इंदिरा गांधी स्मार्टफोन स्कीम का उद्धाटन किया। इसके तहत पहले फेज में 40 लाख महिलाओं को मुफ्त स्मार्टफोन दिए जाएंगे। दूसरी तरफ 200 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत वाले कंज्यूमर्स का फ्यूल सरचार्ज पूरी तरह माफ करने का ऐलान भी हुआ है। इसके बदले राज्य सरकार बिजली कंपनियों को 2500 करोड़ देगी। पहले 200 यूनिट तक फ्यूल सरचार्ज माफ था।

 स्मार्टफोन योजना के तहत पहले फेज में 40 लाख और दूसरे फेज में 80 लाख फोन बांटे जाने हैं। फ्यूल सरचार्ज माफ होने से आम बिजली कंज्यूमर का हर महीने कम बिजली बिल आएगा। अभी 200 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत के बाद हर यूनिट पर औसतन 30 से 70 पैसे प्रति यूनिट का फ्यूल सरचार्ज वसूला जाता है।

राजस्थान की महिलाओं को आज से मुफ्त स्मार्टफोन देने की शुरुआत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के बिरला सभागार से की। इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना का उद्धाटन करते हुए गहलोत ने कि आज एक बजट घोषणा पूरी होने जा रही है।

इससे स्पष्ट होता है कि हम केवल वादा नहीं करते निभाते भी हैं। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में सेमीकंडक्टर चिप की कमी है इस कारण मोबाइल नहीं बन रहे हैं।

इसलिए अलग-अलग फेज में मोबाइल दिए जाएंगे। पहले फेज में 40 लाख महिलाओं को मोबाइल बांटने का लक्ष्य रखा है। वहीं, अगले फेज में 80 लाख मोबाइल दिए जाएंगे।

बिरला सभागार में मोबाइल लेने पहुंची लाभार्थी लड़कियों ने बताया- मोबाइल से पढ़ाई करने में मदद मिलेगी। कॉलेज के सभी मैसेज मिल पाएंगे। हमारे डाउट्स क्लीयर हो पाएंगे।

ग्रामीण महिलाओं को बहुत सपोर्ट मिलेगा। सरकार की योजनाओं के बारे में भी पता चलेगा। आज से ही जिला स्तर पर भी स्मार्टफोन बांटने की शुरुआत हुई है।

गहलोत ने कहा यह स्मार्टफोन महिलाओं को मजबूत सशक्त बनाएगा और यह महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। मोदी और बीजेपी के लोग कहते हैं कि रेवड़ियां बांट रहे हैं। ये रेवड़ियां नहीं है, यह महिला सशक्तिकरण के लिए दिया है।

उन्होंने कहा कि 2030 तक राजस्थान देश के टॉप राज्यों की श्रेणी में आकर खड़ा हो जाए इसके लिए हम सब से सुझाव लेंगे। साल 2030 में कौन मुख्यमंत्री रहेगा यह अलग बात है लेकिन हमें प्रदेश के अग्रणी पंक्ति में लाकर खड़ा करना है।

गहलोत ने कहा हम 2 अक्टूबर को अहिंसक क्रांति के लिए एक बड़ी रैली करेंगे। जिससे देश में प्रेम और भाईचारे का मैसेज जाए। उन्होंने कहा कि गुजरात में शराबबंदी केवल नाम मात्र की है, देश में सबसे ज्यादा अगर शराब पी जाती है तो गुजरात में पी जाती है। गहलोत ने पीएम और केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में क्या हो रहा है इसकी उन्हें परवाह नहीं है।

मणिपुर में क्या हो रहा है केंद्र को परवाह नहीं है। एक राज्य 3 महीने से जल रहा है ,पार्लियामेंट चल नहीं पा रही है क्या कुछ नहीं हो रहा है देश में। इस माहौल को ठीक करने की जिम्मेदारी हर भारतवासी की है।

इस योजना के तहत पहले चरण में जिन 40 लाख महिलाओं को फोन बांटे जाएंगे, उनकी कैटेगरी निर्धारित कर ली गई है। डिपार्टमेंट ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी (डीओआईटी) की तरफ से इन महिलाओं को उनके जनाधार से लिंक मोबाइल नंबरों पर मैसेज भेजने शुरू कर दिए हैं।

जिन महिलाओं के पास मोबाइल पर मैसेज आए हैं, वह अपने नजदीक के शिविर में जाकर मोबाइल ले सकती है। ये शिविर हर जिले में ये सरकारी स्कूलों, कॉलेजों, सामुदायिक केन्द्र और राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर लगाए जाएंगे।