Raj Kundra Case: करीब छह घंटे तक चली पूछताछ के बाद रवाना हुई मुंबई पुलिस, शिल्पा शेट्टी के भी बयान हुए दर्ज

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनका पूरा परिवार पिछले कुछ दिनों से मुसीबत में है। राज कुंद्रा का अश्लील वीडियो मामले में नाम लिप्त होने के चलते उन्हें सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया। राज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने शिल्पा शेट्टी तक भी पहुंच गई है। खबर है कि शिल्पा शेट्टी से भी करीब छह घंटे तक पुलिस ने पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। जिसके बाद करीब 9 बजे पुलिस उनके जुहू स्थित बंगले से रवाना हो गई।

दरअसल सोमवार को उस समय अचानक हड़कंप मच गया जब मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने रात करीब 11 बजे राज कुंद्रा को गिरफ्तार कर लिया। राज की गिफ्तारी के बाद उन्हें मंगलवार की दोपहर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जिसके बाद अब इस मामले की आंच शिल्पा शेट्टी तक भी पहुंच गई है। न्यूज एजेंसी ANI की खबर के मुताबिक इस मामले में अब शिल्पा शेट्टी के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

खबर के मुताबिक कुछ घंटे पहले ही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने बिजनेसमैन राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित घर पर छापेमार कार्रवाई की है। ये कार्रवाई अब तक जारी है। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर हाल ही में शिल्पा शेट्टी के भी बयान रिकॉर्ड किए गए हैं।

खबरों के मुकाबिक मुंबई पुलिस की टीम ने करीब छह घंटे तक शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित बंगले पर अपनी कार्रवाई की। साथ ही साथ अभिनेत्री के बयान भी दर्ज किए। जिसके बाद अब पुलिस की टीम शिल्पा और राज के बंगले से रवाना हो गई है। लगभग छह घंटे तक चली पूछताछ के दौरान क्या सामने आया इस बारे में तो पुलिस ने खुलासा नहीं किया है। हो सकता है कि जल्द ही इस बारे में भी पुलिस सूत्रों से जानकारी मिल सके।

वहीं पुलिसिया जांच में सामने आया है कि राज कुंद्रा द्वारा संचालित हॉटशॉट एप के करीब 20 लाख सब्सक्राइबर्स थे। जो कथित रूप से अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और व्यवसायी राज कुंद्रा से जुड़े अश्लील फिल्म रैकेट का केंद्र हैं।

वहीं तीन दिन की न्यायिक हिरासत के बाद आज एक बार फिर से कोर्ट में राज कुंद्रा की पेशी हुई। जिसमें पुलिस ने सात दिनों के लिए राज की कस्टडी बढ़ाने की मांग की थी। जिसके बाद मुंबई की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राज की कस्टडी चार दिनों के लिए यानी कि 27 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी है। हालांकि कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ राज कुंद्रा ने भी हाईकोर्ट का रुख अपनाया है। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।