रायपुर : बाजे-गाजे के साथ झूमते हुए निकले भक्त, नम आंखों से दी मां दुर्गा को विदाई

भक्तों ने मां दुर्गा को नम आंखों से विदाई दी।

योगेश वर्मा तिल्दा नेवरा :- ग्राम पंचायत सिर्वे मे नवरात्रि के अंतिम दिन गांव के विभन्न स्थानों सहित अंचलभर के दुर्गा प्रतिमा व जोत-जंवारा का विसर्जन गुरुवार को किया गया। भक्तों ने मां दुर्गा को नम आंखों से विदाई दी। सेवा गीत गाते सेवा मंडली के साथ भक्त बाना लिए मां अम्बे की शोभा यात्रा निकालकर गांव भ्रमण कराते हुए प्रतिमा तालाब में विसर्जन किया गया। प्रतिमाओं का विसर्जन सुबह से ही शुरू हो गया था।

गांव के विभिन्न वार्डों से मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा बाजे-गाजे के साथ निकली गई। महिलाएं सिर पर ज्योत-जंवारा लेकर कतारबद्ध चल रही थी। भक्त मां का जसगान करते हुए झूमते हुए चल रहे थे। शरीर के विभिन्न अंगों में सांग-बाना लेने वाले भक्त भी आकर्षण के केंद्र रहे। गांव के प्रमुख पथ से होते हुए विसर्जन शोभायात्रा महामाया तालाब तक पहुंची। जहां आरती पूजा के बाद दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। तालाबों में विसर्जन का सिलसिला दिनभर चलता रहा।

इस दौरान तालाब के चारो ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मां दुर्गा की विदाई देखने के लिए गांव की सडक़ों पर श्रद्धालु उमड़ पड़े थे। ज्योत-जंवारा का विसर्जन अष्टमी हवन के बाद कर दिया गया। मां दुर्गा की विदाई के साथ ही नवरात्रि महोत्सव का समापन हो गया।