राहुल गांधी 6 महीने बाद आज संसद में बोलेंगे; कल पार्लियामेंट पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं में जश्न

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर अपनी बात रखेंगे। आज से 10 अगस्त तक इस पर बहस होनी है। विपक्ष चाहता है कि मणिपुर मामले पर प्रधानमंत्री संसद में बयान दें इसलिए कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है। आज कांग्रेस की ओर से सबसे पहले राहुल गांधी प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी 10 अगस्त को जवाब देंगे।

राहुल 6 महीने बाद संसद में बोलने जा रहे हैं। इससे पहले 7 फरवरी को उन्होंने लोकसभा में स्पीच दी थी। 23 मार्च को दो साल की सजा मिलने के बाद उनकी सांसदी चली गई। सदस्यता बहाल होने के 137 दिन बाद वे सोमवार को संसद भवन पहुंचे।

राहुल गाँधी के पहुंचते ही लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक न्यूज वेबसाइट का मुद्दा उठाया।
दुबे ने सदन में कहा, देश में पड़ोसी देश के पैसे से PM मोदी के खिलाफ माहौल बनाया गया। न्यूज वेबसाइट में पड़ोसी देश से पैसा आया। यह देश विरोधी है।

उधर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि, ‘कांग्रेस, चीन और विवादित न्यूज वेबसाइट न्यूज क्लिक एक ही गर्भनाल से जुड़े हैं। राहुल गांधी की ‘नकली मोहब्बत की दुकान’ में पड़ोसी सामान साफ देखा जा सकता है। चीन के प्रति उनका प्रेम नजर आ रहा है। वे भारत विरोधी अभियान चला रहे हैं।’