रायबरेली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्री प्रदीप कुमार विश्वकर्मा को निलंबित कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभागीय कार्यों में लापरवाही एवं अनियमितताओं की शिकायतों के बाद शासन स्तर से यह कार्रवाई की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से उनके कार्यकाल को लेकर सवाल उठ रहे थे। औद्योगिक इकाइयों की निगरानी, पर्यावरणीय मानकों के पालन एवं प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित जिम्मेदारियों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर उच्च अधिकारियों ने जांच बैठाई थी। जांच रिपोर्ट में खामियां सामने आने के बाद शासन ने तत्काल प्रभाव से उनका निलंबन आदेश जारी कर दिया।
निलंबन के बाद यह मामला प्रशासनिक व सरकारी हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि शासन की प्राथमिकता पर्यावरणीय मानकों को सख्ती से लागू करना है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि प्रदेश में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है, ताकि उद्योगों व फैक्ट्रियों से होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
