रायबरेली : छह दिन बाद भी नहीं लगा अपहृत मासूम का सुराग


ऊंचाहार। गत रविवार की रात एक गांव से पांच माह का मासूम बच्चा अपहरण हो गया था। छह दिन बीत जाने के बाद भी कहीं उसका सुराग नहीं लग सका। गुरुवार की देर शाम एसपी ने घटनास्थल की जांच कर कोतवाल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
क्षेत्र के एक गांव में 17 साल की एक किशोरी ने पांच माह पूर्व एक बच्चे को जन्म दिया था। उसने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जिसको पुलिस ने जेल भेज दिया था। किशोरी के परिवारजन बच्चे का पालन पोषण कर रहे थे। बीते रविवार की रात बच्चे के साथ उसकी मां सो रही थी, तभी कोई उसे उठा ले गया। पीड़ित ने गांव के ही एक शख्स पर बेटे के अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी। जिसकी जांच में एएसपी, सीओ, एसटीएफ के साथ कोतवाली पुलिस पूरी ताकत से जुटी है। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने गुरुवार की देर शाम किशोरी के घर पहुंच परिजन समेत ग्रामीणों से भी पूछताछ की, लेकिन हाथ खाली ही रहे। दिन रात एक कर कई एंगलो से जांच के बावजूद भी मासूम का कहीं अता पता नहीं चल पा रहा है। थक हार कर पुलिस मुखबिरों के सहारे मां समेत परिवारजनों पर नजर रख रही है। सीओ अशोक सिंह ने बताया कि बच्चे की खोजबीन जारी है, जल्द ही राजफाश किया जायेगा।