पुष्पा ने अल्लू अर्जुन को बना दिया हाईएस्ट पेड एक्टर, 4 गुना तक बढ़ी फीस

पुष्पा राज… मैं झुकेगा नहीं साला। इस डायलॉग और फिल्म से पैन इंडिया स्टार का खिताब जीतने वाले अल्लू अर्जुन का आज 41वां बर्थ-डे है। फिल्मी परिवार में जन्मे वो सुपरस्टार राम चरण के कजिन हैं। बचपन से ही फिल्मी माहौल में रहे अल्लू 3 साल की उम्र में ही बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में आ गए थे।
लैविश लाइफ की वजह से भी वो सुर्खियों में बने रहते हैं। 360 करोड़ की संपत्ति के मालिक अल्लू के पास 7 करोड़ की वैनिटी वैन है। वो परिवार के साथ 100 करोड़ के आलीशान घर में रहते हैं।
2021 में रिलीज हुई फिल्म पुष्पा का सीक्वल पुष्पा 2 इस साल रिलीज होने वाली है। इसके लिए अल्लू ने 125 करोड़ रुपए फीस चार्ज की है। इस फीस के बाद अल्लू पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्टर बन गए हैं। पहले पार्ट के लिए उन्होंने 40 करोड़ फीस ली थी।
अल्लू अर्जुन का जन्म 8 अप्रैल 1982 को चेन्नई में एक संपन्न परिवार में हुआ था। उनका पूरा परिवार फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ था। उनके दादा अल्लू रामलिंगैया एक होम्योपैथिक डॉक्टर और स्वतंत्रता सेनानी थे।
अल्लू रामलिंगैया को बचपन से ही अभिनय का शौक था। उन्होंने कई नाटकों में रोल भी प्ले किया। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1953 में तेलुगु फिल्म ‘पट्टिलु’ से की थी। वो दर्शकों के बीच अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते थे। वह नाक से बोलते थे और इससे उनकी आवाज प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई थी।
अल्लू रामलिंगैया की शादी कनक रत्नम से हुई थी। कनक से शादी करने का कारण यह था कि वे भी स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुई थीं। कनक और अल्लू रामलिंगैया का एक बेटा अल्लू अरविंद और तीन बेटियां सुरेखा, वसंतलक्ष्मी और नवभारती हैं।
1990 में अल्लू रामलिंगैया को तेलुगु सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 1997 में उन्हें ‘फिल्मफेयर अवॉर्ड साउथ फॉर लाइफटाइम अचीवमेंट’ मिला। 2001 में आंध्र प्रदेश सरकार ने उन्हें ‘रघुपति वेंकैया पुरस्कार’ से सम्मानित किया।
81 साल की उम्र में 30 जुलाई 2004 को उनका आंध्र प्रदेश में निधन हो गया। अल्लू रामलिंगैया की आखिरी फिल्म ‘जल’ उनके निधन से चार महीने पहले मार्च 2004 में रिलीज हुई थी।
अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद तेलुगु फिल्मों के फेमस प्रोड्यूसर और डिस्ट्रीब्यूटर हैं। उन्होंने 1972 में ‘गीता आर्ट्स’ नाम से एक प्रोडक्शन कंपनी बनाई। इस प्रोडक्शन कंपनी के तहत कई हिट फिल्में दी हैं। एक प्रोडक्शन कंपनी के अलावा अल्लू अरविंद ने अपने पिता की याद में 2020 में हैदराबाद में ‘अल्लू स्टूडियो’ भी स्थापित किया है। 10 एकड़ में फैला यह स्टूडियो हाईटेक टेक्नोलॉजी से लैस है।

अल्लू अरविंद ने ‘अल्लू एंटरटेनमेंट’ नाम से एक अलग कंपनी भी बनाई और यह कंपनी फिल्मों का निर्माण भी करती है। अल्लू अरविंद फुटबॉल क्लब ‘केरल ब्लास्टर्स एफसी’ और तेलुगु डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘अहा’ के सह-मालिक हैं। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को 2020 में लॉन्च किया गया था। वहीं चिरंजीवी अल्लू अर्जुन के फूफा और राम चरण कजिन हैं।
फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखने की वजह से अल्लू का रुझान हमेशा ही फिल्मों की तरफ था। यही वजह थी कि उन्होंने 3 साल की उम्र में 1985 में रिलीज हुई फिल्म विजेता में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया। इसके बाद वो बतौर लीड एक्टर 2003 में रिलीज हुई फिल्म गंगोत्री में दिखे थे।अल्लू अर्जुन के फिल्म में लीड रोल करने से पहले उन्होंने छह महीने तक एक एनिमेटर और डिजाइनर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्हें हर महीने 3500 रुपए सैलरी मिलती थी।फिल्म आर्या में अल्लू के काम को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था और इस फिल्म को उनके करियर का टर्निंग पॉइंट कहा जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में डायरेक्टर सुकुमार रवि तेजा या प्रभास को कास्ट करना चाहते थे, लेकिन बिजी शेड्यूल की वजह से उन दोनों ने फिल्म में काम करने से मना कर दिया, जिसके बाद अल्लू को फिल्म में एंट्री मिली। इस फिल्म का दूसरा पार्ट आर्या 2 100 दिनों तक थिएटर में लगी रही।
सिंगिंग और डांसिंग में भी अल्लू को खास रुचि है। 2001 में वो फिल्म डैडी में बतौर डांसर दिखे। 2016 में उन्होंने फिल्म सराइनोडु के एक गाने को अपनी आवाज दी। इस एक्शन फिल्म में रकुल प्रीत सिंह भी लीड रोल में थीं।
अल्लू को साउथ सिनेमा का माइकल जैक्सन कहा जाता है। बेहतरीन डांस मूव्स की वजह से ये खिताब उन्हें मिला था। उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था कि उन्होंने बचपन में जिमनास्टिक की ट्रेनिंग ली थी, जिसकी वजह से उनके डांस स्टेप बेहतरीन होते हैं।
फिल्मी बैकग्राउंड से होने के बावजूद अल्लू ने करियर का बैकअप भी बना कर रखा था। एक इंटरव्यू में अल्लू ने इस बात का खुलासा किया था कि उन्होंने एनिमेशन सीखा है ताकि अगर उनका करियर एक्टिंग में सेट नहीं हो पाया तो वो एनिमेशन फील्ड में अपना करियर बना लेंगे। उन्होंने हैदराबाद में एक एनिमेशन कंपनी में कुछ समय के लिए इंटर्नशिप की थी।
2011 में अल्लू ने गर्लफ्रेंड स्नेहा से शादी कर ली थी। दोनों की लव स्टोरी भी काफी मजेदार है। दोनों की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की शादी में हुई थी। अल्लू अपने दोस्त की शादी में US गए थे, जहां उन्होंने स्नेहा को देखा। पहली नजर में ही उन्हें स्नेहा से प्यार हो गया था। जब दोस्तों को अल्लू की फीलिंग्स का पता चला तो दोस्तों की जिद पर उन्होंने स्नेहा को पहली बार मैसेज किया। शादी के फंक्शन के दौरान दोनों अच्छे दोस्त भी बन गए। शादी के बाद भी टच में रहे और मुलाकात का सिलसिला जारी रहा।
दोस्तों के अलावा इस रिश्ते के बारे में किसी को नहीं पता था। दोनों लंबे समय तक सीक्रेट रिलेशनशिप में रहे, लेकिन एक दिन अल्लू के पिता ने उन्हें बात करते हुए पकड़ लिया। इस वजह से उन्हें पिता को सारी सच्चाई बतानी पड़ी। अल्लू का परिवार इस रिश्ते से बहुत खुश हुआ। जब स्नेहा के घरवालों को ये बात पता चली, तो उन लोगों ने इस रिश्ते को लेकर आपत्ति जताई। स्नेहा के पिता बिजनेसमैन केसी शिखर थे, वो नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी की शादी एक फिल्म एक्टर से हो। हालांकि बहुत मनाने के बाद उन्होंने रिश्ते के लिए हां कर दी।

घरवालों की सहमति के बाद दोनों की सगाई हुई, जिसमें सिर्फ क्लोज फ्रेंड और परिवार वाले शामिल हुए। सगाई के कुछ महीने बाद मार्च 2011 में दोनों की शादी हो गई। शादी में फिल्म इंडस्ट्री के लोग शामिल हुए थे। इस शादी में पैसा पानी की तरह बहाया गया था। शादी हैदराबाद के माधापुर के हाईटेक्स ग्राउंड में हुई थी। एक अनुमान के अनुसार इस शादी में करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर जोसेफ ने एक इंटरव्यू में कहा था कि शादी में लगभग 40 फोटोग्राफर लगाए गए थे।
अल्लू के दो बच्चे अयान और अरहा हैं। 6 साल की अरहा तेलुगु फिल्म ‘शकुंतलम’ से एक्टिंग डेब्यू करने वाली हैं। उन्होंने इस फिल्म में प्रिंस भरत का रोल प्ले किया है। यह फिल्म 14 अप्रैल 2023 को रिलीज होगी।
अल्लू जितने शानदार एक्टर हैं, उतने ही दरियादिल इंसान भी हैं। उन्होंने केरल की एक छात्रा की पढ़ाई में मदद की थी। दरअसल, इस मुस्लिम लड़की के पिता का कोरोना से निधन हो गया था। उस लड़की ने 12वीं 92% से पास की और नर्सिंग कोर्स करना चाहती थी, लेकिन पिता के निधन के बाद घर की माली हालत ठीक नहीं थी।
जब इस बात की जानकारी अल्लू को किसी सोर्स के जरिए हुई, तो उन्होंने उस लड़की को पढ़ाने का जिम्मा खुद उठा लिया। उन्होंने 4 साल के कोर्स और हाॅस्टल फीस देने का आश्वासन दिया था। इस बात की जानकारी केरल के अलप्पुझा के कलेक्टर वी.आर. कृष्णा तेजा ने सोशल मीडिया के जरिए दी थी।
अल्लू अपने बर्थडे पर हमेशा मानसिक रूप से बीमार बच्चों से मिलते हैं और उनकी आर्थिक मदद भी करते हैं। इसके अलावा इस दिन वो रक्तदान भी करते हैं। लोगों को मोटिवेट करते हैं कि वो भी ब्लड डोनेट करें।
2021 दिसंबर में आंध्र प्रदेश के इलाकों में भयंकर बाढ़ आई थी, जिसमें कई घर तबाह हो गए थे। उस समय अल्लू ने मुख्यमंत्री राहत शिविर कोष में 25 लाख रुपए डोनेट किए थे।अल्लू अर्जुन अपने स्टाफ का भी काफी ख्याल रखते हैं। पिछले साल अल्लू ने अपने ड्राइवर महिपाल को घर खरीदने के लिए 15 लाख रुपए दिए थे। इसके अलावा उनकी कई चैरिटी भी हैं, जो समाज सेवा का काम करती हैं। मंदिरों के रेनोवेशन और जीर्णोद्धार के लिए भी अल्लू काफी दान करते हैं। 2021 में आंध्र प्रदेश में बाढ़ से काफी तबाही हुई थी। इस दौरान भी उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की काफी मदद की थी। अल्लू अर्जुन ने आंध्रप्रदेश के चार गांवों में आरओ वाटर प्लांट भी लगवाए हैं।
अल्लू अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चा में रहते हैं। वो अपनी फिल्मों के लिए करीब 10 करोड़ रुपए फीस चार्ज करते हैं। उनकी महीने की कमाई 3 करोड़ है, वहीं सालाना 32 करोड़ कमाते हैं। ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए भी वो 3 करोड़ फीस वसूलते हैं। कुल कमाई की बात करें तो अल्लू 360 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं।
अल्लू के हैदराबाद स्थित बंगले की कीमत 100 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है। जुबली हिल्स स्थित इस घर को पॉपुलर इंटीरियर डिजाइनर आमिर और हामिदा ने डेकोरेट किया है। घर के अंदर शानदार कॉरिडोर, किचन से बार काउंटर तक की फैसिलिटी मौजूद है।​​​​​​​अल्लू कई लग्जरी कारों के मालिक हैं, जिनकी कीमत करीब 4 से 5 करोड़ रुपए है। उनके कलेक्शन में रेंज रोवर, ऑडी और BMW सीरीज की महंगी गाड़ियां शामिल हैं। उनके पास BMW X6m कार है, जिसका नंबर 666 है।
​​​​​​​अल्लू की वैनिटी वैन का नाम फाल्कन है जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपए है। रेड्डी कस्टम्स कंपनी ने इसे स्पेशली मॉडिफाई किया है। इसके अंदर लग्जरी केबिन के साथ उनके नाम का लोगो AA (अल्लू अर्जुन) भी लगाया गया है। मास्टर केबिन में एक रिक्लाइनर है, जिसका इस्तेमाल वो मीटिंग्स के साथ-साथ टीवी देखने के लिए भी करते हैं। इसके अलावा कस्टमाइज बाथरूम भी है। इस वैन को तैयार करने में लगभग 5 महीने लगे थे। साथ ही वैन के इंटीरियर पर करीब 3 करोड़ खर्च हुए थे।
​​​​​​​अल्लू अर्जुन का विवादों से भी गहरा नाता है। फिल्म पुष्पा के रिलीज के बाद उनसे जुड़ा हुआ एक पुराना मामला सामने आया था। दरअसल, एक दिन वो नशे की हालत में कार चला रहे थे और उन्हें हैदराबाद पुलिस ने रोक लिया था। पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव टेस्ट करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने टेस्ट कराने से इनकार कर दिया था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था, जिस पर लोगों ने जमकर रिएक्ट किया था।
बाद में अल्लू ने इस वीडियो पर अपनी सफाई पेश की थी। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया था कि हैदराबाद पुलिस ने उन्हें ब्रेथ एनालाइजर में फूंक मारने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने ऐसा करने के लिए मना कर दिया था। वजह ये थी कि वो ऐसा करने में अनकम्फर्टेबल महसूस कर रहे थे।

उन्होंने ये भी बताया कि जब मीडिया ये वीडियो बना रही थी, तो उन्हें बेइज्जती महसूस हो रही थी। मीडिया पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा था कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया, जिस वजह से उनकी काफी बदनामी हुई।
​​​​​​​अल्लू ने 6 जून 2022 को IIT और NIT के रैंकर्स से जुड़ी श्री चैतन्य एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स के एक ऐड को प्रमोट किया था। इस पर सोशल वर्कर कोठा उपेंद्र रेड्डी ने उन पर आरोप लगाए थे कि उन्होंने इस ऐड के जरिए लोगों को गलत जानकारी दी है। अल्लू के अलावा उन्होंने एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।​​​​​​​अल्लू बाॅलीवुड फिल्मों के भी शौकीन हैं। उन्होंने शाहरुख खान की DDLJ कई बार देखी है। इस बात का खुलासा अल्लू ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए किया था। उन्होंने पोस्ट कर लिखा था, मैंने अपनी जिंदगी का सबसे जादुई पल तब जिया, जब मैंने 1995 में फिल्म DDLJ देखी थी। 23 साल बाद जब ये फिल्म मैंने दोबारा देखी थी, तो वैसा ही जादू देखा। ये फिल्म मेरी लाइफ की फेवरेट फिल्मों में से एक है और शायद यही रहेगी।2021 में रिलीज हुई फिल्म पुष्पा अल्लू के करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक है। ये वही फिल्म है, जिसने अल्लू को पैन इंडिया स्टार बना दिया। इसके लिए उन्होंने करीब 40 करोड़ फीस चार्ज की थी। पुष्पा के लिए डायेक्टर सुकुमार ने महेश बाबू को अप्रोच किया था। उन्होंने हामी भर दी थी। जब शूटिंग शुरू होने के दिन नजदीक आए, तो क्रिएटिव पॉइंट को लेकर दोनों में अनबन हो गई, जिस वजह से महेश बाबू ने फिल्म में काम करने से मना कर दिया।
इसके बाद सुकुमार ने अल्लू को अप्रोच किया। 170 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 373 करोड़ का कलेक्शन किया था। कहानी के साथ फिल्म के गानों को भी दर्शकों ने बहुत पसंद किया था।​​​​​​​अल्लू ने बताया था कि उन्हें पुष्पा के लुक के लिए मेकअप में 2 घंटे लग जाते थे। वहीं शूटिंग के बाद उसे हटाने में भी काफी वक्त लगता था। आने वाले दिनों में फिल्म का दूसरा पार्ट पुष्पा 2 रिलीज होने वाला है। फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। दूसरे पार्ट के लिए उन्होंने 125 करोड़ रुपए फीस चार्ज की है। इस फीस के बाद अल्लू पूरी इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा फीस वसूलने वाले एक्टर बन गए हैं।​​​​​​​अल्लू ने अपने सिने करियर में अब तक 30 फिल्मों में काम किया है। उन्हें 6 फिल्मफेयर अवाॅर्ड और 3 नंदी अवाॅर्ड से नवाजा गया है। डेब्यू फिल्म गंगोत्री के लिए उन्हें पहली बार नंदी अवाॅर्ड मिला था।