पंजाब-गोवा-मणिपुर-उत्तराखंड मिलाकर 23 हजार मामले, अकेले उत्तर प्रदेश में 18 हजार एक्टिव केस,

देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर के बीच शनिवार को चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान कर दिया है। महामारी की बढ़ती रफ्तार के बीच इन राज्यों में चुनाव कराना बड़ी चुनौती है।
बीते 24 घंटे में देश में संक्रमण के 1 लाख 59 हजार 424 नए केस सामने आए हैं। देश में पॉजिटिविटी रेट भी अब 9.28% हो गई है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि फरवरी में नए केस पीक पर होंगे। एक्टिव केस के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। यहां 18,551 लोग अपना इलाज करा रहे हैं। बाकी चारों राज्यों को मिलाकर एक्टिव केस 23,831 हैं। आइए जानते हैं 5 चुनावी राज्यों में कोरोना के मौजूदा हालात क्या हैं…

1.उत्तर प्रदेश में तीन दिन में दोगुने हुए मामले

उत्तर प्रदेश में तीन दिनों के अंदर ही मामले दोगुने से ज्यादा हो गए हैं। गुरुवार को प्रदेश में 3,114 मामले सामने आए थे, जो शनिवार को बढ़कर 6,401 हो गए। गुरुवार और शुक्रवार को कोरोना से 1-1 व्यक्ति की जान गई थी, जबकि शनिवार को 6 व्यक्तियों ने संक्रमण के चलते जान गंवा दी। फिलहाल प्रदेश में 17.29 लाख कुल केस हैं। अब तक 22,924 लोगों ने कोरोना संक्रमण के चलते जान गंवाई है। अभी राज्य में 18,551 लोग अपना इलाज करा रहे हैं।

पंजाब में 30 दिसंबर के बाद से कोरोना मामलों में इजाफा शुरू हुआ। इससे पहले यहां रोजाना 100 से कम मामले सामने आ रहे थे। 30 दिसंबर को यहां 166 मामले दर्ज हुए। इसके बाद से लगातार मामलों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। 4 जनवरी को यहां 1004 मामले दर्ज हुए। 7 जनवरी तक बढ़कर ये 2874 हो गए। फिलहाल प्रदेश में 6.17 लाख कुल केस हैं। अब तक 16,665 लोगों ने कोरोना संक्रमण के चलते जान गंवाई है। अभी राज्य में 12,614 लोग अपना इलाज करा रहे हैं।

उत्तराखंड में भी कोरोना संक्रमण तेज हो गया है। यहां शनिवार को एक ही दिन में 1500 से ज्यादा मामले मिले, जबकि शुक्रवार को 814 ही नए मरीज पाए गए थे। 20 दिसंबर तक यहां रोजाना के औसत 15-20 मामले सामने आ रहे थे। 31 दिसंबर को यहां 147 मामले दर्ज हुए और उसके बाद से लगातार मामलों में इजाफा ही हो रहा है। अब तक यहां कुल 3.49 लाख लोग संक्रमित हो चुके हें। अब तक 7,423 लोगों ने इसके चलते जान गंवाई है और 3254 लोग अभी अपना इलाज करा रहे हैं।

गोवा में 26 दिसंबर को 25 नए केस आए थे, जो 31 दिसंबर को बढ़कर 261 हो गए। बुधवार को यहां 1002 मामले दर्ज हुए, गुरुवार को 961, शुक्रवार को 1432 मामले और शनिवार को 1789 मामले सामने आए। अभी तक राज्य में कुल 1.87 लाख केस मिल चुके हैं। फिलहाल 7549 लोग इलाज करा रहे हैं और 3531 लोगों की इसके चलते मौत हुई है

मणिपुर में 31 दिसंबर को 10 केस दर्ज हुए थे। 1 जनवरी को 19 केस मिले और 6 जनवरी को 59 नए केस सामने आए। यहां पिछले तीन दिनों में एक्टिव केस भी बढ़े हैं। 6 जनवरी को एक्टिव केस 48 थे, 8 जनवरी को ये केस 68 हो गए। अब तक राज्य में कुल 1.26 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। कुल एक्टिव केस 414 हैं। यहां अब तक 2010 लोग कोरोना के चलते जान गंवा चुके हैं।उत्तर प्रदेश में महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 17.29 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, पंजाब में यह आंकड़ा 6.17 लाख है। उत्तराखंड में 3.49 लाख, गोवा में 1.87 लाख और मणिपुर में अब तक कुल 1.26 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। UP में कोरोना से अब तक करीब 23 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। पंजाब में करीब 16 हजार, उत्तराखंड में 7 हजार, गोवा में 3500 और मणिपुर में 2 हजार लोगों ने जान गंवाई है। कुल मिलाकर इन राज्यों में 52 हजार लोगों की कोरोना के चलते जान गई है।
चुनावी राज्यों में से पंजाब और उत्तर प्रदेश में कोरोना वैक्सीन लगाए जाने की रफ्तार भी चिंता की बात है। पंजाब में अब तक 40% और उत्तर प्रदेश में 52% लोगों को ही वैक्सीन की दोनों डोज लग सकी हैं।