लखनऊ में हुआ प्रधानाचार्य वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश का प्रांतीय सम्मेलन एवं शैक्षिक संगोष्ठी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया संबोधित

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2025 राजधानी लखनऊ में आज प्रधानाचार्य वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित “प्रांतीय सम्मेलन एवं शैक्षिक संगोष्ठी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में प्रधानाचार्यों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी समस्याओं व सुझावों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य मा० श्री मुकेश शर्मा, पार्षद राजीव वाजपेयी, एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल वर्मा, प्रांतीय महामंत्री नरेश कुमार, कोषाध्यक्ष तीरथ लाल, आर.के. सिंह, बृजेंद्र शर्मा, महेंद्र शर्मा समेत कई गणमान्य अतिथिगण मंचासीन रहे।

इस शैक्षिक संगोष्ठी में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारे सैकड़ों प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। संगोष्ठी में शिक्षा नीति, प्रशासनिक चुनौतियों, शैक्षिक गुणवत्ता और डिजिटल शिक्षा जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने विद्यालयों के संचालन, संसाधनों की उपलब्धता, और शिक्षकों के सहयोग पर भी प्रकाश डाला।

प्रांतीय अध्यक्ष श्री अनिल वर्मा ने एसोसिएशन की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह संगठन प्रधानाचार्यों की समस्याओं के समाधान और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सतत प्रयत्नशील है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ। यह सम्मेलन प्रदेश में शैक्षिक नेतृत्व को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ।