राहुल की न्याय यात्रा में मुरादाबाद में प्रियंका तो आगरा में शामिल होंगे अखिलेश यादव


कांग्रेस-सपा के बीच चुनावी गठबंधन होने के बाद अब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के आगरा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के पुख्ता संकेत हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अब न्याय यात्रा के उत्तरप्रदेश चरण के आखिरी दौर में मुरादबाद से राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगी। कांग्रेस-सपा के बीच चुनावी गठबंधन होने के बाद अब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के आगरा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के पुख्ता संकेत हैं।

प्रियंका गांधी यात्रा में शामिल होंगी
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अब न्याय यात्रा के उत्तरप्रदेश चरण के आखिरी दौर में मुरादबाद से राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगी। न्याय यात्रा के उत्तरप्रदेश के चंदौली में प्रवेश के समय से ही प्रियंका को इसमें शामिल होना था लेकिन बीमार होने की वजह से वे इसका हिस्सा नहीं बन पायीं।

अखिलेश भी यात्रा से जुड़ेंगे
पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों ने अखिलेश और प्रियंका के यात्रा में शामिल होने के पुख्ता संकेत देते हुए कहा कि उत्तरप्रदेश के पूर्वी और मध्य इलाकों से यात्रा के गुजरने के दौरान भले दोनों अलग-अलग वजहों से इसमें भागीदारी नहीं कर पाए लेकिन यात्रा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश चरण में दोनों शामिल होंगे। दो दिन के ब्रेक के बाद 24 फरवरी को मुरादाबाद से न्याय यात्रा फिर शुरू होगी और यहीं से प्रियंका इसमें शामिल होंगी। सपा प्रमुख को भी कांग्रेस की ओर से निमंत्रण भेजा गया है और संकेत हैं कि 25 फरवरी को आगरा में राहुल गांधी की यात्रा में अखिलेश यादव शामिल होंगे। सूत्र ने कहा कि इस दौरान गुंजाइश हुई तो राहुल-अखिलेश की साझा प्रेस कांफ्रेंस भी संभव है।

कांग्रेस-सपा के बीच गठबंधन
यात्रा के उत्तर प्रदेश में आने से पहले अखिलेश ने राय बरेली में इसमें शामिल होने की घोषणा की थी। लेकिन दोनों पार्टियों के बीच लोकसभा चुनाव के सीट बंटवारे को लेकर चली खींचतान के कारण गठबंधन का ऐलान बुधवार शाम को हुआ और इसलिए अखिलेश राय बरेली में यात्रा में शामिल नहीं हुए। अब चूंकि सपा-कांग्रेस का चुनावी गठबंधन फाइनल हो चुका है तब अखिलेश को इसमें शामिल होने में कोई दिक्कत नहीं है। आगरा से यात्रा रविवार को ही राजस्थान के धौलपुर में प्रवेश करने के बाद एक बार फिर 26 फरवरी से एक मार्च तक ब्रेक होगी।

कैम्ब्रिज में दो दिन रहेंगे राहुल
राहुल गांधी को 27-28 फरवरी को ब्रिटेन में कैम्बिरज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान देने की अपनी बहुत पहले दी गई प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए वहां रहना है। मालूम हो कि राहुल की उच्च शिक्षा कैम्ब्रिज से ही हुई है। ब्रिटेन से एक मार्च को लौटने के बाद राहुल दिल्ली में कुछ अहम चुनावी बैठकों में हिस्सा लेने के बाद दो या तीन मार्च को धौलपुर से यात्रा का फिर से आगाज करते हुए मध्यप्रदेश में प्रवेश करेंगे।

इन जगहों से गुजरेगी यात्रा
इस दौरान सूबे के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन होते हुए न्याय यात्रा गुजरात में प्रवेश करेगी। राहुल उज्जैन में पांच मार्च को पहुंचेंगे और महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन भी करेंगे। खास बात यह है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी राहुल नवंबर 2022 में उज्जैन के महाकलेश्वर मंदिर आए थे। महाराष्ट्र में यात्रा 10 मार्च को प्रवेश करेगी और 13 या 14 मार्च को मुंबई में इसका समापन होगा। कांग्रेस इस मौके पर एक बड़ी रैली करेगी और इसमें आइएनडीआइए गठबंधन के नेताओं को आमंत्रित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इस प्रस्तावित रैली से पहले ही 2024 के लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया जाना लगभग तय है।