5 दिन की यात्रा पर US जायेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा का खाका तैयार हो गया है। वह जून के तीसरे सप्ताह में लगभग 5 दिन के लिए जाएंगे। तब अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। बतौर प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली आधिकारिक अमेरिकी यात्रा है।
इससे पहले मनमोहन सिंह की 24 नवम्बर 2009 की स्टेट विजिट हुई थी। तब बराक ओबामा राष्ट्रपति थे। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने भास्कर को बताया प्रधानमंत्री को राजकीय यात्रा का न्योता राष्ट्रपति जो बाइडेन ने दिया था। पिछले 2 महीने से दोनों पक्ष यात्रा की तिथियों को अंतिम रूप देने में लगे थे। भारतीय पक्ष 21 जून को यात्रा में शामिल करने का इच्छुक था, जब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने भास्कर को बताया प्रधानमंत्री को राजकीय यात्रा का न्योता राष्ट्रपति जो बाइडेन ने दिया था। पिछले 2 महीने से दोनों पक्ष यात्रा की तिथियों को अंतिम रूप देने में लगे थे। अमेरिकी संसद के संयुुक्त सत्र के संबोधन के लिए भी जून महीना चुना गया है जब सीनेट और जनप्रतिनिधि सभा दोनों का अधिवेशन चल रहा होगा।
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री सबसे पहले न्यूयार्क जा सकते हैं। तब वह योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में मौजूद होंगे। वह भारतीय समुदाय को भी संबोधित कर सकते हैं। मोदी की राजकीय यात्रा की शुरुआत वॉशिंगटन से होगी, जहां वाइट हाउस मे रेड कार्पेट स्वागत होगा। वहीं राष्ट्रपति बाइडेन उनके सम्मान में स्टेट डिनर भी देंगे।

प्रधानमंत्री और जो बाइडेन की आखिरी मुलाकात इंडोनेशिया के बाली में जी-20 की शिखर बैठक के इतर हुई थी। अभी भारत के पास जी-20 की अध्यक्षता है। अमेरिका इस शिखर बैठक के एजेंडे, यूक्रेन युद्ध में भारत की मध्यस्था की संभावित भूमिका से जोड़कर देख रहा है।
PM मोदी इससे पहले 5 बार अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन से मुलाकात कर चुके हैं। उनकी पहली मुलाकात सितंबर 2021 में अमेरिका में हुई थी। तब दोनों नेताओं ने व्हाइट हाउस में करीब 90 मिनट तक बातचीत की थी। इसके बाद मोदी और बाइडेन अक्टूबर में इटली में G-20 समिट के दौरान मिले थे। दोनों नेताओं की अगली मुलाकात मई 2022 में QUAD समिट के दौरान हुई थी। फिर दोनों जून 2022 में G-7 समिट के दौरान जर्मनी में मिले थे। मोदी-बाइडेन की आखिरी मुलाकात नवंबर 2022 में इंडोनेशिया के बाली में G-20 समिट के दौरान हुई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता चुने गए हैं। अमेरिकी डेटा इंटेलिजेंस फर्म ‘द मॉर्निंग कंसल्ट’ के सर्वे के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रूवल रेटिंग में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक समेत दुनिया के 22 देशों के नेताओं को पीछे छोड़ दिया है।