नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2025 भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल परिसर में देश के अत्याधुनिक “सर गंगा राम कैंसर केंद्र” का उद्घाटन किया। यह केंद्र विश्वस्तरीय तकनीकी और चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को उच्च गुणवत्ता की देखभाल उपलब्ध कराएगा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल श्री वी. के. सक्सेना, सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, श्री योगेंद्र चांदोलिया एवं केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित रहीं। सभी विशिष्ट अतिथियों ने इस पहल को देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह केंद्र कैंसर रोगियों के लिए एक नई आशा लेकर आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान अपने अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सहायता से जरूरतमंदों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करेगा।
इस अवसर पर अतिथियों ने यह भी कहा कि देश के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना हम सभी का साझा दायित्व है, जिसे सरकार, समाज और संस्थानों के सामूहिक प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है।
सर गंगा राम अस्पताल द्वारा किया गया यह कदम न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश के कैंसर रोगियों के लिए राहत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। भारत सरकार द्वारा कैंसर उपचार हेतु चलाए जा रहे प्रयासों को इससे नई गति और मजबूती मिलेगी।
