प्रयागराज:नवनियुक्त मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने प्रयागराज में कार्यभार संभाला

प्रयागराज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 सितंबर 2025 को नवनियुक्त मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने प्रयागराज के आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। वह 2008 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। सौम्या अग्रवाल इससे पूर्व बरेली मण्डल की आयुक्त रह चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वे बलिया, बस्ती, उन्नाव एवं महाराजगंज की जिलाधिकारी के रूप में भी अपनी प्रशासनिक सेवाएँ दे चुकी हैं। अपने सुदृढ़ नेतृत्व और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए उन्हें प्रशासनिक जगत में एक कुशल अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

प्रयागराज मण्डलायुक्त के रूप में कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जनसुनवाई और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। नवनियुक्त मण्डलायुक्त से आमजन को उम्मीद है कि उनके कार्यकाल में प्रयागराज मण्डल में विकास की गति और प्रशासनिक दक्षता में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।