प्रयागराज : माता- पिता की मौत के बाद बना अपराधी, कुरारा थाने का हिस्ट्रीशीटर अतीक और अशरफ को गोली मरने वाले शूटर सनी सिंह पर ये बड़ा खुलासा

प्रयागराज में हुई अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के मामले में हमीरपुर के सनी सिंह को गिरफ्तार किया गया है। सनी सिंह उन तीन शूटरों में शामिल है, जिसने अतीक और अशरफ पर करीब 14 राउंड फायर कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। मीडियाकर्मी के वेश में पहुंचे तीनों शूटरों में सनी सिंह का आपराधिक इतिहास सामने आया है। शूटर सनी सिंह के परिजन भी सामने आए हैं। उन्होंने आरोपी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। परिजनों का कहना है कि सनी सिंह माता- पिता की मौत के बाद ही अपराध की दुनिया में दाखिल हो गया। इसके बाद उसका परिवार से कोई नाता नहीं रहा।
हमीरपुर में रहने वाले सनी सिंह के भाई पिंटू सिंह ने कहा कि सनी कोई काम-धंधा नहीं करता था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक, सनी सिंह कुरारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ पहले से 17 मामले दर्ज हैं। भाई पिंटू सिंह ने कहा कि वर्षों से सनी घर नहीं आया है। वह माता-पिता की मृत्यु के बाद अपराधी बन गया। अपराध के मामलों के बाद परिवार ने भी उससे संबंध खत्म कर लिए। पिंटू सिंह ने कहा कि सनी कुछ भी नहीं करता था। उसके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। पिंटू ने कहा कि हम तीन भाई थे। एक भाई की मौत पहले ही हो चुकी है। सनी ऐसे ही घूमता रहता था। फालतू के काम करता था। वह बचपन में ही घर से भाग गया था। हमलोग उससे अलग रहते हैं। सनी सिंह के आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद अतीक अहमद और अशरफ हत्याकांड की दिशा बदलने का अनुमान है।