जालौन:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 दिसंबर 2025 जनपद में देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। गोली सिर के आर-पार हो गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना के समय इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय अपने कमरे में थे। पुलिस के अनुसार, उस वक्त महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा भी कमरे में मौजूद थी। गोली चलने की आवाज सुनते ही मीनाक्षी शर्मा चीखते हुए बाहर निकली और अन्य पुलिसकर्मियों को बताया कि “साहब ने खुद को गोली मार ली।” सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक इंस्पेक्टर की पत्नी भी सामने आईं और उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पत्नी ने महिला सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच उच्च स्तर पर कराने की बात कही है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। सर्विस रिवॉल्वर, कमरे की स्थिति, कॉल डिटेल्स और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
फिलहाल इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
