अयोध्या से दिल्ली को चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी शनिवार को अयोध्या से दिल्ली को चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे यह ट्रेन अयोध्या से चलेगी। हालांकि रेलवे की तफ से अभी तक इसका शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। इसके अलावा दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को भी लखनऊ होते हुए अयोध्या के रास्ते संचालित किया जाएगा। ऐसे में अयोध्या और लखनऊ को दो अच्छी ट्रेनों का सौगात मिला है।
बताया जा रहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। सूत्रों के अनुसार यह ट्रेन आनंद विहार से सुबह 06:10 बजे चलकर लखनऊ दोपहर 12:25 बजे पहुंचेगी। यहां से चलकर अयोध्या धाम स्टेशन पर यह गाड़ी दोपहर 02:35 बजे पहुंचेगी। वहीं अयोध्या धाम से यह ट्रेन दोपहर 03:15 बजे रवाना होकर लखनऊ शाम 05:15 बजे पहुंचेगी। यहां से निकलकर यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल पर रात 11:40 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन के डिब्बे चेन्नई में तैयार हुए हैं। सीट के नीचे चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं। 8 कोच की ट्रेन में अधिकतम 456 यात्री सफर कर सकते हैं। यात्री की सुविधा के लिए फर्स्ट ऐड बॉक्स रखा गया है। ट्रेन में क्रू मेंबर की कोच के पीछे खाना गर्म करने और पानी ठंडा रखने के लिए मशीन लगी है। अटेंडेंट की मदद से यात्रियों को गर्म खाना और ठंडा पानी मिलता है।
कुल 8 कोच
7 कोच AC चेयर क्लास
एक कोच एग्जीक्यूटिव क्लास
ट्रेन में मेट्रो की तरह आने वाले स्टेशन की जानकारी मिलती है।
100 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार महज 52 सेकेंड में पकड़ लेती है।
दो मिनट नौ सेकंड में 160 की स्पीड पकड़ लेती है।
दिव्यांगों के सुविधा के लिए ब्रेल लिपि में सीट संख्या लिखी है।
दिव्यांगों के लिए स्पेशल टॉयलेट
अमृत भारत 5 मिनट रूकेगी
रेलवे ने अमृत भारत का टाइमटेबल जारी कर दिया है। अयोध्या और लखनऊ में यह ट्रेन 5 मिनट के लिए रूकेगी। दरभंगा से आनंद विहार तक चलने वाली 15557 अमृत भारत एक्सप्रेस दोपहर तीन बजे रवाना होगी। अयोध्या धाम पर रात 02:30 बजे पहुंचेगी। पांच मिनट स्टॉपेज के बाद रवाना होकर चारबाग रेलवे स्टेशन पर सुबह 05:05 बजे आयेगी। यहां पर भी पांच मिनट रूकने के बाद कानपुर सेंट्रल, इटावा, टुंडला, अलीगढ़ जंक्शन होते हुए दोपहर 12:35 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
जबकि वापसी के दौरान 15558 अमृत भारत एक्सप्रेस आनंद विहार टर्मिनल से दोपहर 03:10 बजे रवाना होगी। चारबाग रेलवे स्टेशन पर रात 10:10 बजे आएगी और यहां से चलकर अयोध्या धाम पर रात 01:10 बजे पहुंचेगी। पांच मिनट रूकने के बाद यह ट्रेन सुबह 11:50 बजे दरभंगा स्टेशन पहुंचेगी। दोनों ओर से जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, नरकटियागंज, बाघा, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर स्टेशनों पर भी रूकेगी।